एसीबी को बीज निगम के निदेशक से मिले 1.59 करोड़, भांजे से 85 लाख बरामद
समझें क्या है पूरा मामला
- राजस्थान में एसीबी का नकली बीज मामले में बड़ा एक्शन।
- बीज निगम निदेशक के आवास से 1.59 करोड़ नकद बरामद।
- एसीबी ने निदेशक के भांजे से 85 लाख रुपए बरामद किए।
- निदेशक जुगल किशोर का भांजा स्वतंत्र को किया गिरफ्तार।
- निदेशक समेत पांच लोगों को एसीबी ने लिया हिरासत में।
राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नकली बीज वितरण में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी ने राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई और उनके सहयोगियों को हिरासत में लेते हुए भारी मात्रा में बेहिसाब नकदी बरामद की है।
इस पूरे मामले में अब तक निगम के निदेशक सहित पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। निदेशक जुगल किशोर के भांजे को भारी नकदी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एसीबी की विभिन्न टीमों की संयुक्त कार्रवाई में अब तक कुल 2 करोड़ 44 लाख रुपए की नकदी बरामद की जा चुकी है। इसमें से 1 करोड़ 59 लाख रुपए अकेले निदेशक जुगल किशोर विश्नोई के आवास से मिले हैं।
किसानों से जुड़ा है पूरा मामला
एसीबी मुख्यालय के अनुसार चूंकि यह मामला सीधे तौर पर किसानों की आजीविका से जुड़ा हुआ था, इसलिए हाल ही में खराब और नकली बीजों के गोदामों पर छापेमारी कर उन्हें सील करने और बीजों के सैंपल प्रयोगशाला (लैब) जांच के लिए भेजने की सख्त कार्रवाई की गई थी।
इसी सिलसिले में गुजरात की गजराज ब्रांड मूंगफली बीज कंपनी के प्रोपराइटर किरण कपाड़िया के गोदाम को भी सील किया गया था। उसके बीजों की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी।
मामला दबाने के लिए ली करोड़ों की रिश्वत
शुरुआती जांच में सामने आया है कि 27 मई 2026 को किरण कपाड़िया के मूंगफली बीज गोदाम पर कार्रवाई कर सैंपल लिए गए थे। इस कानूनी कार्रवाई को प्रभावित करने, नकली बीजों को गुपचुप तरीके से वापस गुजरात ले जाने की अनुमति देने, लैब में सैंपल पास कराने और बीजों की बिक्री फिर से शुरू करवाने के एवज में करोड़ों रुपए की रिश्वत का लेन-देन हुआ।
इस पूरे मामले को रफा-दफा करने के लिए राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई ने 1.20 करोड़ रुपए और एक अन्य आरोपी गणपत ने करीब 60 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि प्राप्त की थी।
बस रुकवाकर भांजे को दबोचा
एसीबी को रविवार सुबह पुख्ता खुफिया सूचना मिली कि निदेशक जुगल किशोर विश्नोई इस रिश्वत राशि में से 90 लाख रुपए अपने भांजे स्वतंत्र विश्नोई के माध्यम से बस द्वारा गंगानगर भिजवा रहा है।
सूचना मिलते ही एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। बीकानेर में लूणकरणसर के पास संबंधित बस को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्वतंत्र विश्नोई के पास से 85 लाख की नकदी बरामद हुई। इसके बाद टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
निदेशक के घर और ठिकानों पर सर्च जारी
भांजे की गिरफ्तारी और नकदी बरामदगी के बाद एसीबी की टीमों ने राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई के आवास और अन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
निदेशक के घर की सर्च के दौरान 1 करोड़ 59 लाख रुपए की अतिरिक्त नकदी बरामद हुई। बस और घर की तलाशी को मिलाकर अब तक कुल 2,44,00,000 की राशि जब्त की जा चुकी है।
इन आरोपियों को लिया गया हिरासत में
इस रैकेट का पर्दाफाश करने के बाद एसीबी ने कार्रवाई करते हुए राज्य बीज निगम के निदेशक
जुगल किशोर बिश्नोई, गजराज ब्राण्ड मूंगफली बीज के प्रोपराइटर किरण कापड़िया, गणपत बिश्नोई,
सुनील सेतिया और सतपाल को अपनी कस्टडी में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसीबी के मुताबिक इस पूरे मामले में शामिल अन्य सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों की भूमिका की भी सघन जांच की जा रही है कि उन्होंने अनुचित लाभ पहुंचाने में आरोपियों की क्या मदद की।
ये भी पढ़ें:-
मेरे खिलाफ साजिश हुई, कांग्रेस अध्यक्ष बनने से रोका गया- गहलोत का बड़ा खुलासा
सरिस्का के पास एक रिसोर्ट के नाश्ते में मिले कीड़े, पर्यटक भड़के
चंद्रेसल मठ के महंत को दी गई अंतिम विदाई, अभी तक हत्यारे का सुराग नहीं
अलवर जगन्नाथ मेले को पहचान दिलाने की मांग, राष्ट्रपति कार्यालय ने लिखा पत्र