RPS सत्य प्रकाश मीणा को किया APO, महिलाओं से अभद्रता का आरोप

Jageshwar prasad | Jun 23, 2026, 18:01 IST
RPS सत्य प्रकाश मीणा को किया APO
राजस्थान में भरतपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) सत्य प्रकाश मीणा को हटा दिया है। राज्य सरकार ने उन्हे एपीओ कर जयपुर में मुख्यालय से अटैच किया है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • भरतपुर अभय कमांड सेंटर के एडिशनल एसपी सत्य प्रकाश मीणा एपीओ।
  • महिलाओं से अभद्रता के आरोपों की पीएचक्यू रिपोर्ट में हुई थी पुष्टि।
  • जाट आरक्षण रैली में सांसद हनुमान बेनीवाल से हाथ मिलाने पर भी चर्चा।
  • सोशल मीडिया पर बेनीवाल से हाथ मिलाने की वजह से कार्रवाई का दावा।
  • पुलिस संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल ने जारी किए आदेश।

राजस्थान में भरतपुर जिले के अभय कमांड सेंटर में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Additional SP) सत्य प्रकाश मीणा को राज्य सरकार ने एपीओ (APO) कर दिया है। पुलिस संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए हैं।



सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, आरपीएस (RPS) अधिकारी सत्य प्रकाश मीणा को प्रशासनिक कारणों से आगामी आदेश तक पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा (APO) में रखा जाता है।



एपीओ अवधि के दौरान वे अपनी उपस्थिति जयपुर स्थित कार्यालय पुलिस महानिदेशक (PHQ) में देंगे।



महिलाओं से अभद्रता के आरोप

सत्य प्रकाश मीणा को हटाए जाने के पीछे जो सबसे मुख्य और आधिकारिक वजह मानी जा रही है, वह महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला है।



हाल ही में भरतपुर शहर की पॉश रेजिडेंसी कॉलोनी में एडिशनल एसपी सत्य प्रकाश मीणा पर महिलाओं के साथ कथित तौर पर अभद्रता करने के गंभीर आरोप लगे थे। इस घटना के बाद स्थानीय महिलाओं और लोगों ने मौके पर भारी हंगामा भी किया था।



जांच की रिपोर्ट में पुष्टि

हालांकि, इस मामले में थाने में कोई औपचारिक केस दर्ज नहीं कराया गया था, लेकिन स्थानीय निवासियों ने इस आचरण के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। जब यह शिकायत जिला पुलिस अधीक्षक (SP) और पुलिस महानिरीक्षक (IG) तक पहुंची, तो मामले की सघन जांच करवाई गई।



स्थानीय स्तर पर की गई इस जांच की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय (PHQ) जयपुर भेजी गई, जहां आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई है। माना जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है।



सोशल मीडिया की अपनी दुनिया

इस प्रशासनिक कार्रवाई के बीच सोशल मीडिया पर एक और दिलचस्प एंगल तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और सांसद हनुमान बेनीवाल सोमवार को भरतपुर के नुमाइश मैदान में आयोजित जाट आरक्षण रैली में शामिल होने पहुंचे थे।



भरतपुर अभय कमांड सेंटर के एडिशनल एसपी सत्य प्रकाश मीणा एपीओ


इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एडिशनल एसपी सत्य प्रकाश मीणा ने सांसद हनुमान बेनीवाल से मुलाकात की और उनसे हाथ मिलाया था। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि हनुमान बेनीवाल से हाथ मिलाने की वजह से ही रातों-रात एपीओ कर दिया गया है।



हालांकि, विभागीय स्तर पर इसे केवल एक प्रशासनिक कार्रवाई और पुरानी जांच का नतीजा बताया जा रहा है।



FAQ

  1. भरतपुर के एडिशनल एसपी सत्य प्रकाश मीणा को एपीओ क्यों किया गया है?
    आधिकारिक तौर पर उन्हें प्रशासनिक कारणों से एपीओ किया गया है, लेकिन पृष्ठभूमि में रेजिडेंसी कॉलोनी में महिलाओं से कथित अभद्रता के आरोपों की पीएचक्यू रिपोर्ट में पुष्टि होना मुख्य वजह मानी जा रही है।
  2. सत्य प्रकाश मीणा को अपनी एपीओ अवधि के दौरान कहां उपस्थिति देनी होगी?
    आदेश के अनुसार, सत्य प्रकाश मीणा को आगामी आदेशों तक जयपुर स्थित कार्यालय महानिदेशक पुलिस (पुलिस मुख्यालय) में अपनी उपस्थिति देनी होगी।

ये भी पढ़ें:-

जनता ने की चिकित्सा अधिकारी की शिकायत, मुख्यमंत्री ने मौके पर ही कर दिया APO



भीलवाड़ा UIT सचिव ललित गोयल APO, नेहरू विहार प्रोजेक्ट और लॉटरी घोटाले के बाद बड़ी कार्रवाई



IG किशन सहाय मीणा पर गिरी गाज, रेप केस में एपीओ, इसी साल होने वाले हैं रिटायर



गारनेट के काले कारोबार में खाकी और खादी का गठजोड़, विधायक का करीबी गिरफ्तार, आईपीएस माधव उपाध्याय एपीओ







Tags:
  • अभय कमांड सेंटर
  • भरतपुर
  • phq
  • पुलिस महानिदेशक
  • एडिशनल एसपी सत्य प्रकाश मीणा एपीओ