बहू को टिकट नहीं दिया, बाप-बेटे ने छोड़ी कांग्रेस थामा बीजेपी का दामन
समझें क्या है पूरा मामला
- राजस्थान निकाय-पंचायत चुनावों के बीच अजमेर में सियासी भूचाल।
- कांग्रेस केब्लॉक प्रवक्ता ब्रजकिशोर जोशी और बेटे यश जोशी ने थामा भाजपा का दामन।
- बेटे-बहू का कट गया था टिकट, नामांकन वापस लेकर BJP में हुए शामिल।
- नामांकन वापसी के अंतिम दिन बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में ली सदस्यता।
- इससे अजमेर उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में बदला समीकरण।
राजस्थान नगर निकाय चुनावों में नामांकन वापसी का आज आखिरी दिन है। इसी बीच अजमेर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कांग्रेस के ब्लॉक प्रवक्ता ब्रजकिशोर जोशी और उनके बेटे यश जोशी ने पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है।
यह फैसला टिकट नहीं मिलने के बाद लिया गया है।इससे पहले यश ने वार्ड 2 से निर्दलीय नामांकन भरा था, जो अब वापस ले लिया गया है। अब वह बीजेपी प्रत्याशी को समर्थन देंगे।
क्या है पूरा मामला?
ब्रजकिशोर जोशी और उनका परिवार करीब 45 साल से कांग्रेस से जुड़ा था। उन्होंने बेटे यश और बहू के लिए कांग्रेस से टिकट की मांग की थी।
लेकिन वार्ड 2 की सामान्य सीट का टिकट कांग्रेस ने एससी वर्ग को दे दिया। इससे नाराज होकर यश जोशी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया था। लेकिन अब उन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर ली है।
नामांकन वापसी का ऐलान
यश जोशी ने नामांकन वापस लेते हुए बीजेपी प्रत्याशी रितु मामनानी को समर्थन देने का फैसला किया है।
इससे वार्ड 2 का मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अब यहां बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा संघर्ष होगा। देखना होगा कि जोशी परिवार के प्रभाव का किस पार्टी को फायदा मिलता है।
अजमेर में कैसा है मुकाबला
अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए नामांकन की जांच पूरी हो गई है। वार्ड 60, 61, 29 और 65 में सीधा मुकाबला होगा। वार्ड 3, 16, 67, 64, 71 और 72 में त्रिकोणीय मुकाबला है। वार्ड 13 में सबसे अधिक 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि नाम वापसी के बाद यह संख्या बदल सकती है।
निकाय चुनाव की तस्वीर साफ
आज दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय है। इसके बाद चुनावी मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। अजमेर में यह राजनीतिक घटनाक्रम चुनावी समीकरणों को बदल सकता है। कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है, जबकि बीजेपी को मजबूती मिली है।
ये भी पढ़ें:-
उदयपुर में नगर निगम चुनाव नामांकन शुरू, भाजपा के दिनेश भट्ट ने भरा पहला नामांकन
निकाय चुनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न
जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस
निकाय चुनाव टिकट: बीजेपी टिकट फॉर्मूला, अब चार परीक्षा से गुजरना होगा