अजमेर: थाने में वकील को जमीन पर बैठाया, फोटो वायरल होते ही मचा बवाल
समझें क्या है पूरा मामला
- अजमेर के थाने में वकील को जमीन पर बैठाने का मामला।
- तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मचा बवाल।
- पुलिसिया बर्ताव पर भड़के वकील, प्रदर्शन की चेतावनी।
- सीट कवर फाड़ने के विवाद में थाने पहुंचे थे वकील।
अजमेर के बाबूगढ़ में वाहनों के सीट कवर फाड़ने को लेकर पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद शनिवार शाम गंज थाने पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लिया। इनमें एक युवक के वकील होने की जानकारी सामने आने के बाद मामला गरमा गया।
वकील की ड्रेस में जमीन पर बैठे युवक का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र ओझा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता गंज थाने पहुंचे और विरोध जताया।
बार पदाधिकारी पहुंचे थाने
वायरल वीडियो व फोटो के बाद बार एसोसिएशन अध्यक्ष ओझा ने आरोप लगाया कि जूनियर एडवोकेट समीर जाटव को थाने में अधिवक्ता की ड्रेस में जमीन पर बैठाकर रखा गया।
उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए आपत्ति दर्ज कराई। सूचना पर सीओ दरगाह हर्षित शर्मा और सीओ नॉर्थ शिवम जोशी भी गंज थाने पहुंचे।
सीसीटीवी में सामने आया अलग तथ्य
सीओ शर्मा व जोशी की मौजूदगी में बार पदाधिकारियों से वार्ता हुई। पुलिस ने थाने के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सामने आया कि हिरासत में लिए जाने के समय समीर जाटव ने केवल सफेद शर्ट और काली पेंट पहन रखी थी। बाद में उसने परिचित से काला कोट और कॉलर मंगवाकर थाने में पहना।इसके बाद समीर ने फोटो वायरल कर दी।
हालांकि, बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने अधिवक्ता को जमीन पर बैठाने को गंभीर माना। ड्यूटी ऑफिसर प्रभात कुमार ने बार अध्यक्ष ओझा से घटना पर खेद जताते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति नहीं होने का विश्वास दिलाया।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराया मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को वाहनों के सीट कवर फाड़ने और वाहनों में नुकसान को लेकर विवाद हुआ था। एक पक्ष की महिला ने पड़ोसियों पर वाहनों की सीट धारदार हथियार से फाड़ने, मारपीट, धक्का-मुक्की व लज्जाभंग के आरोप लगाए।
दूसरे पक्ष की महिला ने भी स्कूटर की सीट फाड़ने, वाहन में नुकसान, मारपीट व लज्जाभंग की रिपोर्ट दी। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर परस्पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ये भी पढ़ें:-
स्वरा का विरोध: लक्ष्मी तंवर बोलीं- क्षत्राणियों के बलिदान पर बोलने का हक नहीं
करणी सेना के प्रदर्शन में बिगड़ी थी तबियत, अब युवक की मौत
जयपुर में करणी सेना की रैली पर लाठीचार्ज: UGC के नए नियमों को वापस लेने की मांग
राजस्थान हाईकोर्ट विवाद, एसीजे एसपी शर्मा ने आरोपों को नकारा, वकीलों की हड़ताल जारी