अजमेर मेयर चुनाव: क्या खारिज होगा कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन? जानिए पूरा सच
समझें क्या है पूरा मामला
- अजमेर मेयर चुनाव में बवाल, कांग्रेस प्रत्याशी के पर्चे पर आपत्ति।
- BJP ने लगाया टैक्स बकाया का आरोप, नामांकन रद्द करने की मांग।
- कांग्रेस बोली- NOC है, मामला कोर्ट में लंबित।
- नामांकन स्क्रूटनी पर टिकी नजर, 21 सितंबर को मेयर चुनाव।
- दोनों दलों में निर्दलीयों को साधने की कोशिश, पुलिस तैनात।
अजमेर नगर निगम मेयर चुनाव से पहले कांग्रेस प्रत्याशी किरण गढ़वाल के नामांकन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी अनामिका शर्मा ने किरण गढ़वाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
भाजपा ने नगर निगम के करीब 17 लाख रुपए के टैक्स बकाया का हवाला देते हुए उनके नामांकन को रद्द करने की मांग की है। कांग्रेस ने आरोपों को खारिज किया है।
भाजपा के आरोप
भाजपा का आरोप है कि किरण गढ़वाल के मैरिज गार्डन 'गढ़वाल पैलेस' पर नगर निगम का करीब 17 लाख रुपए टैक्स बकाया है।
भाजपा ने नगर निगम की ओर से जारी नोटिस को आधार बनाते हुए प्रत्याशी की पात्रता पर सवाल उठाए हैं। साथ ही आरोप लगाया है कि नामांकन के दौरान दाखिल किए गए एफिडेविट में बकाया राशि से जुड़ी जानकारी छिपाई गई है।
कांग्रेस का पक्ष
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज किया है। कांग्रेस का कहना है कि उनके पास नगर निगम की NOC उपलब्ध है और संबंधित मामला कोर्ट में लंबित है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार और भाजपा के दबाव में नामांकन खारिज कराने की कोशिश की जा रही है। नामांकन की स्क्रूटनी में इस मामले पर फैसला होगा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
विवाद के बीच नगर निगम की नई बिल्डिंग के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और बैरिकेडिंग की गई है। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी भी हुई।
निर्णय का असर मेयर चुनाव की आगे की प्रक्रिया पर पड़ सकता है। भाजपा के पास फिलहाल बहुमत नहीं है, वहीं कांग्रेस अपने पार्षदों को पहले ही बेंगलुरु शिफ्ट कर चुकी है।
कौन हैं महापौर प्रत्याशी?
भाजपा ने वार्ड 3 की पार्षद अनामिका शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने वार्ड 57 की पार्षद किरण गढ़वाल पर भरोसा जताया है। महापौर पद के लिए चुनाव 21 सितंबर को होगा। नामांकन के दौरान दोनों दलों के जिलाध्यक्षों ने रिटर्निंग अधिकारी को पार्टी के सिंबल भी सौंपे।
प्रत्याशियों की प्रोफाइल
अनामिका शर्मा
| श्रेणी | विवरण |
| नाम | अनामिका शर्मा |
| उम्र | 38 वर्ष |
| शिक्षा | दसवीं |
| व्यवसाय | गृहिणी |
| वार्ड संख्या | 3 |
| राजनीतिक अनुभव | पहली बार |
| वार्षिक आय | ₹3 लाख |
| प्राथमिकता | स्मार्ट सिटी का वार्डवार सुनियोजित विकास |
किरण गढ़वाल
| श्रेणी | विवरण |
| नाम | किरण गढ़वाल |
| उम्र | 53 वर्ष |
| शिक्षा | स्नातक |
| व्यवसाय | गृहिणी |
| वार्ड संख्या | 57 |
| राजनीतिक अनुभव | पहली बार |
| संपत्ति | लगभग ₹11 करोड़ |
| प्राथमिकता | अजमेर का नियोजित और योजनाबद्ध विकास |
ये भी पढ़ें:-
भीलवाड़ा नगर निगम: भाजपा की जसवंत कंवर निर्विरोध निर्वाचित, बनीं नई महापौर
निकाय चनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न
जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस
निकाय चुनाव टिकट: बीजेपी टिकट फॉर्मूला, अब चार परीक्षा से गुजरना होगा