अजमेर में कांग्रेस प्रत्याशी के ASI पति सस्पेंड, एसपी के एक्शन पर हो रहा विवाद

Saurabh Mishra | Sept 10, 2026, 14:13 IST
अजमेर निगम चुनाव
अजमेर नगर निगम के वार्ड 61 में कांग्रेस प्रत्याशी के पति ASI हरफूल मीणा को आचार संहिता उल्लंघन पर सस्पेंड किया गया। इसके बाद कांग्रेस ने एसपी पर भेदभाव का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस जांच की बात कह रही।

समझें क्या है पूरा मामला

  • अजमेर में आचार संहिता उल्लंघन पर कांग्रेस प्रत्याशी के ASI पति सस्पेंड।
  • वार्ड 61 में भाजपा-कांग्रेस दोनों प्रत्याशियों के पति हैं पुलिसकर्मी।
  • एसपी पर भेदभाव का आरोप, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कार्रवाई पर भड़के।
  • भाजपा ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी अमर्यादित व्यवहार कर रहा था।
  • अजमेर निकाय चुनाव में आचार संहिता पर सियासी घमासान।

राजस्थान केअजमेर नगर निगम के वार्ड 61 में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी मीणा के पति ASI हरफूल मीणा को आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में सस्पेंड किया गया। इसी वार्ड से भाजपा प्रत्याशी राकेशी मीणा के पति भी एएसआई हैं। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी के पुलिसकर्मी पति पर कार्रवाई को लेकर पार्टी ने सवाल खड़े किए और भेदभाव का आरोप लगाया। एसपी ने इस मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए।



अजमेर में कांग्रेस प्रत्याशी के ASI पति सस्पेंड

बता दें कि अजमेर नगर निगम चुनाव में उतरीं भाजपा प्रत्याशी के पति मनोज कुमार मीणा, यहां सिविल लाइंस थाने में तैनात एएसआई ने चुनाव से पहले उचित कारण बताते हुए छुट्टी ले ली थी। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के पति हरफूल मीणा, अरांई थाने में पदस्थापित सहायक उप निरीक्षक पर चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आने पर एसपी ने बुधवार शाम उन्हें निलंबित कर दिया।



कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशी के पति हैं पुलिसकर्मी

वार्ड-61 में बीजेपी ने राकेशी मीणा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस से मीनाक्षी मीणा चुनाव मैदान में हैं। दोनों प्रत्याशियों के पति पुलिस में एएसआई के पद पर तैनात हैं। ऐसे में यह चुनावी मुकाबला राजनीतिक होने के साथ पुलिस विभाग के स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया।



आचार संहिता उल्लंघन पर कांग्रेस प्रत्याशी के पति निलंबित

कांग्रेस प्रत्याशी के पति एएसआई हरफूल मीणा पर चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया। प्रकरण की जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने उन्हें बुधवार शाम निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करने के आदेश दिए।



कांग्रेस ने लगाया भेदभाव का आरोप

पुलिस अधिकारी के निलंबन के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने दोनों मामलों में अलग-अलग मापदंड अपनाए। कांग्रेस की तरफ से सवाल उठाया गया कि जब एक पुलिस अधिकारी की पत्नी चुनाव लड़ रही, तो दूसरे पुलिस अधिकारी के खिलाफ ही कार्रवाई क्यों की गई? उन्होंने पुलिस कप्तान पर भेदभाव का आरोप लगाकर कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए।



इस मामले में कांग्रेस और भाजपा का क्या कहना है?

शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के मुताबिक भाजपा उम्मीदवार का पति भी पुलिस अधिकारी है, लेकिन एसपी ने सिर्फ कांग्रेस प्रत्याशी के पति को निलंबित किया। उनका कहना है कि इससे साफ पता चलता है कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर कांग्रेस प्रत्याशी और उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है।



वहीं, एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के मुताबिक एएसआई के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला सामने आने पर निलंबन किया गया। उनका कहना है कि दूसरे पुलिसकर्मी ने पूर्व में सूचना देकर छुट्टी ली थी। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच की जा रही है।



देहात बीजेपी अध्यक्ष जीतमल प्रजापत के अनुसार दो-तीन दिन से संबंधित पुलिसकर्मी अमर्यादित व्यवहार कर रहा था, जो सीसीटीवी फुटेज में भी सामने आया। इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को की गई थी।



FAQ

  1. अजमेर में वार्ड-61 के चुनाव को लेकर क्यों विवाद हुआ?
    वार्ड 61 के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रत्याशियों के पति एएसआई हैं। कांग्रेस उम्मीदवार के पुलिसकर्मी पति को एसपी ने आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में निलंबित कर दिया। इस पर विवाद हो रहा।
  2. कांग्रेस ने इस कार्रवाई पर क्या आरोप लगाया है?
    शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दोनों प्रत्याशियों के पतियों के मामले में अलग-अलग मापदंड अपनाए। उनका कहना है कि सिर्फ कांग्रेस प्रत्याशी के पति पर कार्रवाई की गई, जबकि बीजेपी प्रत्याशी के पति पर नहीं।
  3. भाजपा ने इस पूरे विवाद पर क्या कहा है?
    देहात बीजेपी अध्यक्ष जीतमल प्रजापत के मुताबिक संबंधित पुलिसकर्मी दो-तीन दिन से अमर्यादित व्यवहार कर रहा था, जो सीसीटीवी फुटेज में भी दिखा। इसी आधार पर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई थी।

यह खबरें भी पढ़ें...



अजमेर में कांग्रेस ने जारी किया ब्लैक पेपर, 36-साल के कार्यकाल पर भी सवाल



राजस्थान निकाय चुनाव, छोटे शहरों में भारी वोटिंग, अर्णोद 91.98% के साथ सबसे आगे



राजस्थान कांग्रेस के भीष्म पितामह महेंद्र शास्त्री का निधन, 95 साल की उम्र में ली अंतिम सांस



अजमेर जेल में नशे का गोरखधंधा, एक ही नंबर पर 1283 बार कॉल और 50 लाख का लेनदेन



Tags:
  • राजस्थान
  • नगर निगम चुनाव
  • अजमेर