15 हजार कमाने वाले को 975 करोड़ का टैक्स नोटिस, परिवार में मचा हड़कंप

Jageshwar prasad | Aug 20, 2026, 13:22 IST
15 हजार महीने कमाने वाले टेलर को 975 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस
अजमेर जिले के टेलर रेखराज ठाड़ा को आयकर विभाग से 974.97 करोड़ रुपए का टैक्स नोटिस मिला। उन्हें सूरत की एक डायमंड कंपनी का डायरेक्टर बताकर यह नोटिस भेजा गया है। उनका आरोप है कि किसी ने उनके पैन कार्ड का दुरुपयोग किया है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • अजमेर में एक टेलर को 975 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस।
  • पैन कार्ड से सूरत की डायमंड कंपनी में बना रखा डायरेक्टर।
  • 2011 से चल रही कंपनी, 20 अगस्त तक देना था जवाब।
  • 13 अगस्त को मिला नोटिस, अजमेर SP कार्यालय में दी शिकायत।
  • 62 साल के रेखराज ठाड़ा की 15 हजार है महीने की इनकम।

अजमेर जिले के गोविंदगढ़ में टेलरिंग का काम करने वाले 62 वर्षीय रेखराज ठाड़ा के लिए 13 अगस्त का दिन चौंकाने वाला था। उन्हें आयकर विभाग से 974 करोड़ 97 लाख 25 हजार 457 रुपए का नोटिस मिला।



नोटिस में उन्हें सूरत (गुजरात) की रूप रजत डायमंड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर बताया गया है, जबकि रेखराज महीने में महज 15 हजार रुपए कमाते हैं और कभी गुजरात नहीं गए।



क्या है आरोप?

आयकर विभाग के नोटिस के अनुसार, रेखराज ठाड़ा सूरत की रूप रजत डायमंड प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। उन पर 974.97 करोड़ रुपए की टैक्स रिकवरी की गई है।



रेखराज का कहना है कि उन्होंने न कोई कंपनी चलाई और न ही कभी गुजरात गए। उनका आरोप है कि किसी ने उनके पैन कार्ड का दुरुपयोग कर उन्हें कंपनी का डायरेक्टर बना दिया।



जांच में पता चला कि सूरत की एक और कंपनी जय बाबेरी डायम प्राइवेट लिमिटेड में भी उनका नाम डायरेक्टर के रूप में दर्ज है।



क्या कहना है पीड़ित का?

रेखराज ने बताया कि नोटिस में उन्हें 20 अगस्त तक सूरत पहुंचकर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया था। उन्होंने ईमेल के जरिए नोटिस का जवाब दे दिया है।



उनके अनुसार, यह कंपनी 2011 से संचालित है, लेकिन उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। नोटिस मिलने के बाद परिवार में तनाव है। रेखराज, उनके दो बेटे और एक भाई मामले की जांच के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।



पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

रेखराज ने पीसांगन थाने में शिकायत दी, जहां पुलिस ने FIR दर्ज करने के बजाय परिवाद लिया। इसके बाद वे अजमेर एसपी कार्यालय पहुंचे और एडिशनल एसपी ग्रामीण लालचंद कायल को मामले की जानकारी दी। एएसपी ने जांच का आश्वासन देते हुए परिवाद दर्ज कराया।



अब क्या होगा?

पुलिस मामले की जांच कर रही है। रेखराज को उम्मीद है कि जांच में उनका पैन कार्ड का दुरुपयोग साबित होगा और उन्हें इस टैक्स नोटिस से राहत मिलेगी। हालांकि, आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर उनकी चिंता बनी हुई है।



ये भी पढ़ें:-

15 हजार की कमाई, 6.79 करोड़ का टैक्स नोटिस! अब जूती कारीगर के खाते पर रोक



ठेले पर कपड़े प्रेस करने वाले को मिला 598 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, देखकर उड़ गए होश!



जोधपुर राजपरिवार की जमीनों के फर्जी दस्तावेज तैयार, गजसिंह की POA के दुरुपयोग पर FIR



राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निकाय चुनाव के ऐलान से पहले 21 RAS अफसर बदले





Tags:
  • आयकर विभाग
  • पैन कार्ड
  • इनकम टैक्स नोटिस
  • अजमेर