अलवर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, घर में खून से लथपथ मिले ; मासूम बच्चों की हत्या के बाद मां ने भी दी जान
राजस्थान के अलवर जिले के खेरली कस्बे के पास दांतिया गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक छा गया। जानकारी के अनुसार, ऊषा शर्मा ने अपने पांच वर्षीय बेटे मुकुल और चार वर्षीय बेटी पर कैंची से वार कर दिया। इसके बाद उसने खुद को भी घायल कर लिया। अस्पताल में मां और दोनों बच्चों की मौत हो गई। वहीं, बीच-बचाव के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई ऊषा की छोटी बहन मनीषा को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।
बेटी के बाहर खेलने जाने को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ऊषा ने अपनी बेटी को घर के बाहर खेलने जाने से मना किया था। इसके बाद वह दोनों बच्चों को कमरे में ले गई और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से बच्चों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर अंदर गए।
कमरे के अंदर बच्चों और ऊषा को गंभीर रूप से घायल देखकर ग्रामीण घबरा गए। इस दौरान ऊषा की छोटी बहन मनीषा भी मौके पर पहुंची। अपनी बड़ी बहन और दोनों बच्चों की हालत देखकर वह बदहवास हो गई। बताया जा रहा है कि वह सदमे में दीवार और जमीन पर सिर पटकने लगी। ग्रामीणों ने किसी तरह स्थिति संभाली और सभी घायलों को खेरली के उपजिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में तीनों की मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने पांच वर्षीय मुकुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उपचार के दौरान ऊषा और उसकी चार वर्षीय बेटी की भी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मनीषा को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
ऊषा का पति अमित शर्मा गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि मनीषा का पति अंकित शर्मा जयपुर के एक निजी अस्पताल में नर्सिंगकर्मी है। घटना की सूचना दोनों के परिजनों को दे दी गई है।
घटना के समय घर पर नहीं थे परिवार के सदस्य
जानकारी के अनुसार, घटना के समय ऊषा के ससुर बृजभूषण शर्मा गांव में चुनाव प्रचार के लिए गए हुए थे। वहीं, परिवार की सास और ननद, मनीषा और अंकित के दोनों बच्चों को लेकर खेत पर गई हुई थीं। घर में हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चार और पांच साल के बच्चों की मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर कठूमर के सीओ जोगिंदर सिंह राजावत और खेरली थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। मां और दोनों बच्चों के शव खेरली के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।