अलवर में सिंधिया का कांग्रेस पर हमला, बोले- हार पर आत्ममंथन करो, कांग्रेस को सिर्फ कुर्सी चाहिए
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की रैली से पहले भाजपा ने शनिवार को अलवर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के जरिए कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस के नेतृत्व और राहुल गांधी के राजनीतिक तौर-तरीकों पर सवाल उठाए। वहीं, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने SIR के विरोध को लेकर कांग्रेस की नीयत पर सवाल खड़े किए। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में इतिहास, लोकतंत्र और परिवारवाद का मुद्दा भी छाया रहा।
सिंधिया बोले- कांग्रेस को न आंदोलन चाहिए, न विकास, सिर्फ कुर्सी चाहिए
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस आज अपनी हार पर आत्ममंथन करने के बजाय लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र किसी एक परिवार की बपौती नहीं है, बल्कि देश के नागरिकों की पूंजी है।
सिंधिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे न आंदोलन चाहिए और न विकास, उसे केवल कुर्सी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को लगता है कि उसकी कुर्सी पर कोई दूसरा कैसे बैठ सकता है। उन्होंने कथित वोट चोरी के मुद्दे को भी इसी राजनीतिक सोच से जोड़कर कांग्रेस पर हमला किया।
राहुल गांधी को याद दिलाई नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी
सिंधिया ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पद केवल सरकार का विरोध करने के लिए नहीं होता, बल्कि उसके साथ जिम्मेदारियां भी जुड़ी होती हैं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली और गुलाम नबी आजाद जैसे नेताओं का उल्लेख करते हुए विपक्ष के नेतृत्व की भूमिका पर बात रखी।
राहुल गांधी के राजनीतिक आचरण पर सवाल उठाते हुए सिंधिया ने विरोध-प्रदर्शनों में झगड़े, मुक्केबाजी और आकाशवाणी भवन में घुसने जैसी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस के मौजूदा नेतृत्व को शून्य बताते हुए कहा कि पार्टी को अपने राजनीतिक व्यवहार पर विचार करने की जरूरत है।
भूपेंद्र यादव ने पूछा- कांग्रेस के समय SIR हुआ तो अब विरोध क्यों?
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने SIR को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पहली बार नहीं हो रहा है। कांग्रेस के शासनकाल में भी ऐसी प्रक्रिया अपनाई गई थी। यादव ने कांग्रेस से सवाल किया कि जब उसके समय मतदाता सूची का पुनरीक्षण हुआ था, तब उसे आपत्ति क्यों नहीं थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव परिणाम अपने पक्ष में आने पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को स्वीकार करती है, लेकिन हार मिलने पर उसी व्यवस्था पर सवाल उठाने लगती है। कांग्रेस का आरोप है कि SIR के जरिए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का खतरा है।
सरदार पटेल के नाम पर भी कांग्रेस को घेरा
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर सिंधिया ने देश की रियासतों के एकीकरण में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक काम किया। सिंधिया ने कांग्रेस पर पटेल के योगदान को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि उनके पूर्वजों ने सरदार पटेल का चित्र बनवाकर संसद को भेंट किया था। इस चित्र पर आज भी पुष्प अर्पित किए जाते हैं। सिंधिया ने कहा कि भारत का लोकतंत्र देश के नागरिकों की धरोहर है, किसी राजनीतिक परिवार की निजी संपत्ति नहीं।
भूपेंद्र यादव ने याद दिलाया आपातकाल
भूपेंद्र यादव ने लोकतंत्र पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए आपातकाल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में आपातकाल लागू करके लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित करने वाली कांग्रेस अब लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। यादव ने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्थन दिया है और भाजपा जनादेश के आधार पर सरकार चला रही है।
रिवाज रिजॉर्ट से शहीद स्मारक तक निकली पदयात्रा
अलवर के कंपनी बाग स्थित रिवाज रिजॉर्ट से भाजपा की पदयात्रा निकाली गई। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शहीद स्मारक पहुंचे। कार्यक्रम में राजस्थान के वन मंत्री संजय शर्मा, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता और अन्य स्थानीय नेता मौजूद रहे।
शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सभा में दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भूपेंद्र यादव ने अलवर को बाबा भर्तृहरि की तपोस्थली बताते हुए क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का भी जिक्र किया।