पेपर लीक माफिया को संरक्षण दे रही सरकार, गहलोत ने भजनलाल के दावे को बताया गलत
समझें क्या है पूरा मामला
- गहलोत का भजनलाल पर तंज, सच पर बुलडोजर चला रही भाजपा सरकार।
- एक भी लीक नहीं का दावा झूठ, निष्पक्ष जांच से उड़ेंगे परखच्चे।
- NEET पेपर लीक का एपिसेंटर राजस्थान, भाजपा ने छुपानी चाही सच्चाई।
- RAS, LDC और प्राध्यापक जैसी कई भर्ती परीक्षाएं संदेह के घेरे में।
- कांग्रेस ने माफिया पर बुलडोजर चलाया,वर्तमान सरकार सच दबा रही।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीएम भजनलाल शर्मा के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने दावा किया है कि निष्पक्ष जांच हुई तो एक भी पेपरलीक नहीं के झूठ के परखच्चे उड़ जाएंगे।
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दावा करते हैं कि पौने तीन साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्हें कहना चाहिए कि हमने एक भी शिकायत की निष्पक्ष जांच नहीं होने दी, जिससे सच सामने न आ जाए।
गहलोत ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा है कि मुख्यमंत्रीजी, जरा याद कर लीजिए। देश की सबसे बड़ी परीक्षा NEET UG के पेपर लीक का एपिसेंटर आपके राज में राजस्थान बना। लाखों बच्चों को दोबारा परीक्षा देनी पड़ी।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान की भाजपा सरकार और पुलिस ने पेपर लीक की शिकायत को छिपाया। जब NTA को विद्यार्थियों ने सीधी शिकायत दी, तब जाकर पेपर लीक का पता चला।
भाजपा राज की कई परीक्षाएं संदेह के घेरे में
गहलोत ने लिखा कि झुंझुनूं के नवलगढ़ में आरएएस का पेपर खुले लिफाफे में मिला। प्राध्यापक भर्ती का पेपर खुली सील के साथ पहुंचा।
जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल सेंटर पर LDC भर्ती में परीक्षा केंद्र से खिड़की के रास्ते पेपर बाहर भेजकर नकल कराई गई। वीक्षकों की ड्यूटी सुनियोजित तरीके से लगाने के आरोप लगे।
जयपुर स्थित RSSB का टेक्निकल हेड OMR शीट बदलकर घोटाला करता पकड़ा गया, लेकिन उसने कितनी परीक्षाओं में बेईमानी की यह आज तक पता नहीं चला।
जांच हुई तो परखच्चे उड़ जाएंगे
गहलोत ने लिखा है कि हर बार आपकी सरकार का एक ही काम रहा, सच पर पर्दा डालना। आपने अपने कार्यकाल की परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच न करवाने की कसम खा रखी है। क्योंकि, जांच हुई तो एक भी लीक नहीं के झूठ के परखच्चे उड़ जाएंगे।
गहलोत ने कहा कि एसआई-2021 भर्ती रद्द होने का क्रेडिट आप जनता में लेते रहे। यह भर्ती रद्द न हो, यह सिफारिश लेकर भी आपकी सरकार ही हाईकोर्ट गई थी। जो युवा जवाब मांगने सड़क पर उतरे, उन पर लाठियां बरसाई गईं।
2013 से 2018 के भाजपा राज में 12 पेपरलीक हुए
गहलोत ने कहा कि 2013 से 2018 के बीच भाजपा सरकार में 12 पेपर लीक हुए लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पेपर लीक माफिया को पोषित करने का पाप भाजपा सरकार ने किया। हमारी कांग्रेस सरकार ने पेपर माफिया पर सीधा प्रहार किया था।
आप सच पर बुलडोजर चला रहे हैं
गहलोत ने लिखा है कि हमारे राज में 400 से अधिक गिरफ्तारियां हुईं। माफिया की संपत्तियों पर बुलडोजर चला। RPSC सदस्य तक को जेल हुई। बोर्ड अध्यक्ष बर्खास्त हुआ। आजीवन कारावास, 10 करोड़ जुर्माने और संपत्ति जब्ती वाला सबसे सख्त कानून बना।
आज जो भी कार्रवाई होती दिखती है, वह कांग्रेस के बनाए इसी कानून के तहत होती है। फर्क साफ है। हमने माफिया की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया था,आप सच पर बुलडोजर चला रहे हैं।
ये भी पढ़ें:-
अशोक गहलोत ने खुद बांटे थे पैसे, पायलट की मौजूदगी में पूर्व मंत्री का आरोप
अशोक गहलोत का मोदी सरकार पर आरोप, नेहरू की नीति छोड़ अलग-थलग पड़ा भारत
क्यों सचिन पायलट के लिए अशोक गहलोत का दिल नहीं पिघल पा रहा, जानिए सियासत की पूरी कहानी
अशोक गहलोत ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, बोले-राजस्थान को चाहिए फुल-टाइम गृहमंत्री