अवैध हुक्का बार चला रहा था ASI, पुलिस ने किया गिरफ्तार, SP ने किया सस्पेंड

Jageshwar prasad | Jun 03, 2026, 07:46 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के अजमेर में ASI अनिल जाखड़ अवैध रूप से हुक्का बार चला रहा था। पुलिस ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने उसे सस्पेंड कर दिया है। यह दूसरी बार है जब वह सस्पेंड हुआ है।

News In Short

  • अजमेर में ASI अनिल जाखड़ अवैध हुक्का बार चलाते हुए पकड़ा गया।
  • कोर्ट ले जाते समय ASI ने मीडिया से कहा- मेरी फोटो लॉरेंस बिश्नोई की तरह लो।
  • पुलिस की गाड़ी में बैठते समय वह पुलिसकर्मियों के कंधे पर हाथ रखकर गाड़ी तक गया।
  • अजमेर एसपी ने ASI अनिल जाखड़ को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
  • इससे पहले भी अनिल जाखड़ अन्य विवाद में सस्पेंड हो चुका है।

News In Detail

राजस्थान के अजमेर जिले से खाकी को शर्मसार करने और पुलिस महकमे के अनुशासन को चुनौती देने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। अजमेर पुलिस लाइन में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) अनिल जाखड़ को गंज थाना क्षेत्र में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित करने और पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार का लिया गया है।



वह न केवल अवैध रूप से हुक्का बार चला रहा था, बल्कि गिरफ्तारी के बाद उसने मीडिया के सामने लॉरेंस बिश्नोई जैसी फोटो खिंचवाने की बात कहकर और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करके मामले को और गंभीर बना दिया। अब अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने एएसआई अनिल जाखड़ को सस्पेंड कर दिया है।



क्या है पूरा मामला?

मामला गंज थाना क्षेत्र के बोराज रोड स्थित धानुका गार्डन के पास संचालित सीएनसी कैफे का है। सोमवार रात करीब 11:30 बजे शहर के इस कैफे में अवैध रूप से हुक्का परोसे जाने की सूचना मिली। इस पर गंज थाना पुलिस और सीओ दरगाह की टीम ने देर रात दबिश दी।



वहां हुक्का पीते मिले 10 युवकों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 200-200 रुपए के चालान काटे गए। पुलिस ने 4 हुक्के, 4 चिलम और अन्य सामग्री जब्त की।



कैफे संचालक और ASI दोनों गिरफ्तार

जांच में सामने आया कि कैफे में मौजूद 19 वर्षीय जतिन बिना किसी लाइसेंस और अनुमति के ग्राहकों को विभिन्न फ्लेवर के हुक्के उपलब्ध करा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जतिन को गिरफ्तार कर लिया।



इस दौरान कैफे मालिक एएसआई अनिल जाखड़ भी मौके पर खड़ा था। पुलिस को देखकर वह उत्तेजित हो गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। पुलिस ने उसे शांत रहने की हिदायत दी, लेकिन वह कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा करने लगा। पुलिस ने उसे भी शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।



कोर्ट ले जाते समय किया अभद्र व्यवहार

मंगलवार को एडीएम कोर्ट में पेशी के लिए ले जाते समय एएसआई अनिल जाखड़ ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। उसने मीडिया कर्मियों से कहा कि अच्छे से फोटो लीजिए, ढंग की फोटो आनी चाहिए, लॉरेंस बिश्नोई जैसी फोटो आनी चाहिए। उसने यह भी कहा कि फोटो तो ऐसे ही खींचती रहती है, हमें भी फोटो खींचनी आती है।



पुलिस कर्मियों के कंधे पर हाथ रखकर चलने की कोशिश

कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस वाहन तक ले जाते समय वह पुलिसकर्मियों के कंधों पर हाथ रखकर चलता दिखाई दिया। जब पुलिसकर्मी उसे गाड़ी में बैठाने लगे तो वह पुलिस कर्मियों को पहले बैठने के लिए कहने लगा। उसके इस रवैये से पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। बाद में पुलिस उसे वाहन में बैठाकर कोर्ट ले गई।



एसपी ने किया सस्पेंड

अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने एएसआई अनिल जाखड़ को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस के अनुसार एएसआई अनिल जाखड़ पुलिस लाइन में तैनात है। इससे पहले भी अनिल किसी विवाद में सस्पेंड हो चुका है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच की जा रही है।



FAQ

  1. पुलिस ने अजमेर के किस कैफे में अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया?
    पुलिस ने गंज थाना क्षेत्र के बोराज रोड स्थित धानुका गार्डन के पास संचालित सीएनसी कैफे पर यह कार्रवाई की।
  2. मौके पर हुक्का पीते पाए गए युवकों के खिलाफ पुलिस ने किस अधिनियम के कार्रवाई की?
    पुलिस ने उन युवकों के खिलाफ कोटपा एक्ट (COTPA - सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के तहत चालान काटने की विधिक कार्रवाई की।

ये भी पढ़ें:-

उत्तराखंड में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, राजस्थान के तीन लोगों की मौत



हनुमान बेनीवाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भेजा नोटिस, 7 दिन में माफी मांगने की मांग



25 हजार सफाईकर्मियों की होगी भर्ती, 5 साल करनी होगी संविदा पर नौकरी



8 भर्ती परीक्षाओं पर मंडरा रहा देरी का संकट, RPSC की खाली होती कुर्सियों को कब मिलेंगे साहब?



Tags:
  • लॉरेंस बिश्नोई
  • ASI
  • अभद्र व्यवहार
  • अजमेर
  • अवैध हुक्का बार