शिक्षा मंत्री के बेटे-बहू का वोटर आवेदन निकला फर्जी, एसडीएम ने किया खारिज
समझें क्या है पूरा मामला
- मदन दिलावर के बेटे-बहू का वोटर आवेदन खारिज।
- जांच में वार्ड 21 में नहीं मिला निवास प्रमाण।
- अंगूठे के निशान पर उठे सवाल, SDM ने रोका नाम।
- BLO की सिफारिश पर बनी जांच कमेटी।
- अटरू चेयरमैन सीट से जुड़ा है मामला।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर और बहू हेमलता ने अटरू नगर पालिका के वार्ड 21 में वोटर बनने का आवेदन किया था। जांच में सामने आया कि वे वहां नहीं रहते। आवेदन में हस्ताक्षर की जगह अंगूठा लगाया गया था, जिससे शक और बढ़ गया। जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद एसडीएम ने आवेदन खारिज कर दिया। अटरू नगर पालिका की चेयरमैन सीट होने के कारण यह मामला राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
वार्ड 21 में वोटर बनने का किया था आवेदन
पवन दिलावर और हेमलता ने 21 अगस्त को अटरू नगर पालिका के वार्ड नंबर 21 की भाग संख्या 1 में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन दिया था। आवेदन में पता मकान नंबर 10, बस स्टैंड के पास बताया गया। इस पते पर कांतिबाई का नाम दर्ज है, जो पवन की रिश्ते में ताई लगती हैं।
हस्ताक्षर की जगह लगाया अंगूठा
आवेदन में एक बात ने अधिकारियों का ध्यान खींचा। पवन और हेमलता दोनों पढ़े-लिखे हैं, फिर भी दोनों ने हस्ताक्षर की जगह अंगूठे का निशान लगाया। इसी वजह से एसडीएम को आवेदन पर संदेह हुआ।
बीएलओ ने बिना जांचे भेजी सिफारिश
बूथ लेवल ऑफिसर (BLO – Booth Level Officer) ने आवेदन की ठीक से जांच किए बिना ही नाम जोड़ने की सिफारिश के साथ इसे एसडीएम कार्यालय भेज दिया। इसके बाद एसडीएम अंजना सहरावत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 सदस्यीय जांच कमेटी बनाई।
जांच में पड़ोसियों ने बताया, यहां नहीं रहते दोनों
कमेटी ने बताए गए पते की जांच के लिए आसपास के 5 घरों के लोगों से बात की। सभी ने एक स्वर में कहा कि पवन और उनकी पत्नी न तो पहले वहां रहे और न ही अभी वहां रहते हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने आवेदन खारिज कर दिया। बता दें कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर खुद रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के रंगबाड़ी में रहते हैं।
आवेदनकर्ता पवन दिलावर का पक्ष
आवेदनकर्ता पवन दिलावर ने कहा कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया था, लेकिन चुनाव लड़ने की कोई मंशा नहीं थी। उनका कहना है कि उन्होंने हस्ताक्षर किए थे, अंगूठा नहीं लगाया। उन्हें आवेदन खारिज होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि अगर आवेदन खारिज हुआ है तो वे कलेक्टर के पास अपील करेंगे। पवन के मुताबिक वे पहले भी वहां रह चुके हैं और दोबारा वहां रहने का इरादा रखते हैं।
एसडीएम अंजना सहरावत का पक्ष
एसडीएम अंजना सहरावत ने अपने आदेश में लिखा कि बीएलओ ने बिना आवेदन की जांच किए ही नाम जोड़ने की सिफारिश कर दी थी। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री के बेटे और बहू ने आवेदन पर हस्ताक्षर की जगह अंगूठा लगाया, जिससे आवेदन की प्रमाणिकता और वास्तविकता पर सवाल खड़े होते हैं। उनके अनुसार वार्ड 21 में 6 महीने से रहने का कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया, जो नियमानुसार जरूरी है।
दोनों पक्षों के बयान में अंतर
गौर करने वाली बात यह है कि पवन दिलावर के बयान और एसडीएम के आधिकारिक आदेश में अंतर है। पवन का दावा है कि उन्होंने हस्ताक्षर किए थे, जबकि एसडीएम के आदेश में अंगूठा लगाने का जिक्र है। यह विसंगति मामले को और जांच के दायरे में ला सकती है।
ये खबर भी पढे़:-
राजस्थान कांग्रेस के भीष्म पितामह महेंद्र शास्त्री का निधन, 95 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
बीजेपी-कांग्रेस के पास टिकट के लिए एक लाख आवेदन, नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू
जयपुर की निम्स यूनिवर्सिटी में छात्र ने की आत्महत्या, दो दिन में दूसरी मौत
सीएम भजनलाल शर्मा आज माय भारत खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम में करेंगे शिरकत