थाने पर भीड़ का हमला, बंद युवकों को छुड़ा ले गए हमलावर, अब तक 20 आरोपी गिरफ्तार

Jageshwar prasad | May 07, 2026, 13:01 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाने पर भीड़ ने हमला कर दिया। गुस्साए लोग थाने में बंद युवकों को छुड़ा ले गए। इस मामले में 20 हमलावरों को गिरफ्तार किया है।

News In Short

  • अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाने पर भीड़ का हमला।
  • हमलावर भीड़ ने थाने में बंद युवकों को छुड़ाया।
  • इन युवकों को बाइक पर स्टंट करते हुए किया था गिरफ्तार।
  • हमले में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल।
  • अब तक 20 हमलावरों को किया गया गिरफ्तार।

News In Short

सुनील जैन @ अलवर



राजस्थान में बहरोड़ के पपला कांड के बाद फिर पुलिस थाने पर हमले का बड़ा मामला सामने आया है। अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाने पर बुधवार देर रात भीड़ ने हमला बोल दिया। भीड़ ने थाने पर जमकर पत्थर बरसाए।



इस दौरान थाने में मौजूद एसएचओ चिल्लाता रहा कि राइफल लाओ, राइफल लाओ। गाड़ियों के कांच टूट रहे हैं और थाने पर पत्थरबाजी हो रही है, लेकिन कोई भी सिपाही हथियार लेकर बाहर नहीं आया। सभी पुलिस कर्मी जान बचाकर छुप गए। इस घटना में एसएचओ समेत 4 से 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए और थाने में खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। इस हमले में थाने में बंद युवकों को हमलावर छुड़ा कर ले गए।



इस पूरे मामले के बाद जिले के 17 थानों की पुलिस टीम तैनात की गई। पुलिस ने इस मामले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। दूसरी तरफ हमलावरों द्वारा थाने पर पत्थरबाजी और एसएचओ के मदद के लिए चिल्लाने के वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है।



स्टंट करने पर गिरफ्तारी, फिर हमला

बताया जाता है कि रात 11 बजे बाइक पर सवार दो युवक कस्बे में बाइक से स्टंट कर रहे थे। बुलेट बाइक के साइलेंसर से पटाखे चला रहे थे। ग्रामीण ने इसकी शिकायत पुलिस से की। रात्रिगश्त करके लौट रहे गोविंदगढ़ थाने के एएसआई मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवकों क़ो बुलेट बाइक से पटाखा चलाने के लिए मना किया।



इस पर दोनों युवक एएसआई से उलझ गए और उन्होंने एएसआई के साथ मारपीट की। पुलिस कर्मी ने मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। मौके पर थाने के अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और उन्होंने बाइक को जप्त कर लिया और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।



दोनों युवकों को गोविंदगढ़ थाने में बंद किया गया। इस मामले की सूचना युवकों के परिजनों को मिली। इस पर 100 से ज्यादा लोग थाने पर पहुंचे और थाने पर हमला बोल दिया। लोगों ने जमकर थाने पर पथराव किया व लाठी डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी थाने में बंद युवाओं को छुड़ाकर ले गए।



थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल

इस हमले में थाना अधिकारी धर्म सिंह सहित थाने के कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए चिकित्सालय लाया गया। थानाधिकारी के चेहरे पर चोट लगी ओर आठ टांके आए हैं। इस घटना का बाद पूरे थाने में पथराव के साथ अंदर खून खून बिखरा हुआ नजर आया।



इस हमले में पुलिस की कई गाड़ी के शीशे टूट गए व पुलिस के वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को मिली। इसके बाद एडिशनल एसपी मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए जिले के 17 थानों की पुलिस टीम मौके पर तैनात की गई। पुलिस ने हमला करने वाले लोगों को गिरफ्तार करने के लिए टीम में गठित की है। अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।





WhatsApp Image 2026-05-07 at 12.05.21


ऐसे हुआ हमला

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि बीती रात पुलिस गश्त के दौरान दो बाइक सवार बाइक से स्टंट कर रहे थे और बुलेट बाइक से पटाखे फोड़ रहे थे। पुलिस ने बाइक को जब्त किया और थाने ले आए। इसके बाद उनके समर्थक पुलिस थाने पहुंचे और बाइक को छोड़ने की कहने लगे। पुलिस ने जब उन्हें नहीं छोड़ा, तो भीड़ ने थाने पर पथराव कर दिया। इसमें थाना प्रभारी सहित कई पुलिस कर्मी घायल हो गए। सरकारी गाड़ी को तोड़ दिया।



सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। सूचना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले में करीब बीस लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।



ये भी पढ़ें:-

JJM घोटाला: पूर्व मंत्री महेश जोशी के घर सुबह 5 बजे ACB की दबिश, 900 करोड़ के भ्रष्टाचार में हुए गिरफ्तार



अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच लौट आईं सांसें; 70 वर्षीय वृद्धा के लिए वरदान बनी सीपीआर



सूरज तो चमक रहा है, पर हांफ रही ग्रिड, स्टोरेज नहीं होने से बेकार हो रही सोलर बिजली



पहले पत्नी को जहर दिया, फिर बेटे को मार डाला; कातिल पिता को कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा



Tags:
  • सोशल मीडिया
  • अलवर
  • स्टंट
  • पपला कांड
  • थाने पर भीड़ का हमला