स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान दलितों को कुर्सियों से उठाने के आरोप, FIR दर्ज

Ashish Bhardwaj | Aug 18, 2026, 13:25 IST
भाखलिया केस
राजस्थान के भीलवाड़ा में भाखलिया गांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुर्सी पर बैठने को लेकर जातिगत भेदभाव और अपमान का मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच लोगों पर केस दर्ज किया है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • भीलवाड़ा के भाखलिया गांव में कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद हुआ।
  • दो ग्रामीणों को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने का आरोप है।
  • पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
  • घटना के बाद दलित समाज में आक्रोश बढ़ गया है।
  • गिरफ्तारी की मांग को लेकर वाहन रैली और ज्ञापन दिया जाएगा।

भीलवाड़ा में बागोर पुलिस थाना के भाखलिया गांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कुर्सियों पर बैठने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि दो ग्रामीणों को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया। पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में दलित समाज में आक्रोश है। मंगलवार को वाहन रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।



बागोर थाना क्षेत्र के भाखलिया गांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कुर्सियों पर बैठने को लेकर उपजा विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। विद्यालय परिसर में कथित जातिगत भेदभाव और सार्वजनिक अपमान की इस घटना के विरोध में क्षेत्र के विभिन्न संगठनों में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



क्या है पूरी घटना

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक बागोर निवासी दिनेश खटीक ने बागोर थाने में शिकायत दी है। रिपोर्ट के अनुसार 15 अगस्त को भाखलिया स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस का सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान भाखलिया निवासी रामेश्वर लाल बैरवा और गोपीलाल बैरवा वहां खाली पड़ी कुर्सियों पर बैठ गए।



आरोप है कि उन्हें कुर्सी पर बैठा देख गांव के कुछ लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। शिकायत के मुताबिक उन्होंने दोनों ग्रामीणों को कुर्सियों से उठने को कहा और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।



पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना सामने आने के बाद बैरवा समाज सहित पूरे दलित समाज में रोष फैल गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने भाखलिया गांव के पांच नामजद लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़ितों और समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से सभी नामजद लोगों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



आज निकलेगी वाहन रैली, सौंपा जाएगा ज्ञापन

घटना के विरोध में और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को बैरवा समाज और विभिन्न सहयोगी संगठनों के आह्वान पर विशाल वाहन रैली निकाली जा रही है। यह रैली क्षेत्र के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए उपतहसील कार्यालय पहुंचेगी। वहां प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।



मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों की टीम इलाके में तैनात कर दी गई है, ताकि रैली के दौरान कानून व्यवस्था बनी रहे।



आगे क्या हो सकता है

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सामाजिक संगठनों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी सामने आ सकती है।



ये खबर भी पढे़:-

स्कूल के प्राचार्य पर छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, सरकार ने किया सस्पेंड



सतीश पूनिया बने पंजाब के प्रभारी, 24 घंटे में मिली दूसरी बड़ी जिम्मेदारी



राजस्थान पंचायत-निकाय चुनाव में टिकट किसे? भाजपा-कांग्रेस ने तय किए पैमाने



राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव एक साथ क्यों नहीं? सरकार का आया जवाब



Tags:
  • स्वतंत्रता दिवस समारोह
  • भीलवाड़ा
  • दलित समाज
  • जातिगत भेदभाव