लोहावट हत्याकांड में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं, पांच दिन से भूख हड़ताल जारी
समझें क्या है पूरा मामला
- लोहावट हत्याकांड में 15 दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं।
- हत्यारों की गिरफ़्तारी को लेकर 90 लोग 5 दिन से भूख हड़ताल पर।
- 5 दिन से अनशन के कारण लोगों की बिगड़ रही तबीयत।
- रेंज IG से मिला प्रतिनिधिमंडल, मिला जल्द खुलासे का आश्वासन।
- केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी दिए सख्त निर्देश।
लोहावट थाना क्षेत्र में 27 जुलाई की मध्यरात्रि भंवरी देवी बिश्नोई की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। घर के बाहर सो रही भंवरी देवी पर जानलेवा हमला हुआ था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे गुस्साए ग्रामीणों और परिवार ने लोहावट थाने पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
क्या है ग्रामीणों की मांग?
ग्रामीणों की मुख्य मांग मामले का पूर्ण खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी है। उनका कहना है कि पुलिस जांच में अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
हत्या में प्रयुक्त हथियार नहीं मिले हैं, आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं है और हत्या के पीछे की साजिश का भी पता नहीं चला है।
इस असंतोष के चलते मृतका के पति, बेटियों, पूर्व विधायक, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित करीब 90 लोग 5 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
क्या कहा आईजी ने?
सोमवार को बिश्नोई समाज और सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने जोधपुर में रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
आईजी ने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेगी। हालांकि, इससे पहले लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
केंद्रीय मंत्री ने भी ली बैठक
रविवार को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर आए थे। उन्होंने सर्किट हाउस में आईजी, फलोदी एसपी और प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की।
शेखावत ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि केस का खुलासा जितनी तेजी से हो सके किया जाए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अन्य एजेंसियों की मदद भी ली जाए।
अनशन का असर
5 दिन से चल रहे इस अनशन के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी है। बिश्नोई समाज के परसराम बिश्नोई ने बताया कि लोगों के साथ बड़ी संख्या में सर्व समाज के महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चे न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मामले का पूर्ण खुलासा नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें:-
डांगावास हत्याकांड में 40 आरोपी बरी, 11 साल बाद परिवार बोला- फिर हत्यारे कौन थे?
डांगावास दलित हत्याकांड में आया फैसला, कोर्ट ने सभी 40 आरोपी किए बरी
नीरज शर्मा हत्याकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, वकील से मिलने आया था बलराम
जगन गुर्जर हत्याकांड पर हाई कोर्ट सख्त, सरकार से मांगी रिपोर्ट