भीलवाड़ा नगर निगम: भाजपा की जसवंत कंवर निर्विरोध निर्वाचित, बनीं नई महापौर

Jageshwar prasad | Sept 17, 2026, 13:17 IST
भीलवाड़ा को मिली पहली महिला महापौर, जसवंत कंवर निर्विरोध निर्वाचित
भीलवाड़ा नगर निगम में भाजपा की जसवंत कंवर निर्विरोध महापौर निर्वाचित हुईं। निर्दलीय प्रत्याशी संतोष कंवर ने नामांकन वापस ले लिया। जसवंत कंवर भीलवाड़ा की पहली महिला महापौर हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

  • भीलवाड़ा को मिली पहली महिला महापौर।
  • बीजेपी की जसवंत कंवर निर्विरोध निर्वाचित।
  • निर्दलीय ने पर्चा वापस लिया, BJP का बना बोर्ड।
  • जसवंत कंवर ने वार्ड 9 से दर्ज की थी जीत।
  • भीलवाड़ा के 70 वार्डों में BJP को 45 सीटें मिली थीं।

भीलवाड़ा नगर निगम में भाजपा ने महापौर पद पर कब्जा जमा लिया है। वार्ड नंबर 9 से भाजपा पार्षद जसवंत कंवर निर्विरोध महापौर निर्वाचित हुई हैं।



गुरुवार को निर्दलीय प्रत्याशी संतोष कंवर ने अपना नामांकन वापस ले लिया।इसके साथ ही जसवंत कंवर के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया और भीलवाड़ा नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बन गया।



उनके निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही 75 साल पुराने नगरीय निकाय के इतिहास में नया अध्याय जुड़ गया। जसवंत कंवर भीलवाड़ा नगर निगम की पहली महिला महापौर बनी हैं।



कांग्रेस मैदान से बाहर

बता दें कि कांग्रेस में अंदरूनी कलह, खींचतान और भीतरीघात का आलम यह रहा कि पार्टी निकाय इतिहास में पहली बार महापौर पद का चुनाव लड़े बिना ही मैदान से बाहर हो गई थी।



नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस की ओर से कोई भी पर्चा दाखिल न किए जाने से भाजपा को सीधा वॉकओवर मिल गया था। हालांकि, एक निर्दलीय प्रत्याशी संतोष कंवर के नामांकन भरने के कारण निर्विरोध निर्वाचन की राह में मामूली औपचारिकता बाकी रही।



लेकिन, निर्दलीय प्रत्याशी के गुरुवार को नामांकन वापस लेते ही भीलवाड़ा नगर निगम में जसवंत कंवर की अगुवाई में भाजपा बोर्ड बन गया।



भाजपा ने 45 सीटों पर लहराया परचम

निकाय चुनाव को लेकर 14 सितंबर को संपन्न हुए 70 वार्डों के भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 45 सीटों पर परचम लहराकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। कांग्रेस महज 10 सीटों पर सिमट कर रह गई, जबकि 15 सीटों पर निर्दलीयों ने कब्जा जमाया।



इनमें से भी 8 निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा को अपना समर्थन दे दिया है। महापौर पद के लिए दिग्गजों के परिजनों की दावेदारी के बीच भाजपा आलाकमान ने नामांकन के चंद घंटे पहले जयपुर में वार्ड 9 से सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाली जिला भाजपा प्रवक्ता भूपेंद्र सिंह बीलिया की पत्नी नव-निर्वाचित पार्षद जसवंत कंवर के नाम पर मुहर लगाकर सबको चौंका दिया।



जसवंत कंवर की सबसे बड़ी जीत

जसवंत कंवर ने नगर निगम चुनाव के महिला वर्ग में वार्ड 9 से सबसे बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी खुशबू शर्मा को 2165 मतों से हराया। जसवंत कंवर को 2538 मत मिले, जबकि खुशबू शर्मा को महज 373 मत प्राप्त हुए। जबकि एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी पल्लवी नागर को 255 मत मिले। इसी प्रकार नोटा के खाते में 112 मत गिरे।



महापौर जसवंत कंवर की प्रोफाइल

महापौर जसवंत कंवर की प्रोफाइल

विवरणजानकारी
उम्र39 वर्ष
शिक्षाएमए (M.A.)
व्यवसायगृहिणी
वार्ड संख्या9
राजनीति में शुरुआतपारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि
पार्टी में जिम्मेदारीपति भूपेंद्र सिंह बीलिया भाजपा प्रवक्ता
चुनावी अनुभववार्ड में जनता के बीच सक्रिय
संपत्तिपैतृक जमीन जायदाद
घोषित आपराधिक मामलेनहीं

प्राथमिकताएं

शहर का चहुंमुखी विकास, पार्कों व चौराहों का सौंदर्याकरण, आमजन की नगर निगम में त्वरित सुनवाई और समस्याओं का समाधान, चंबल परियोजना का पानी निजी कॉलोनियों तक पहुंचाना, सीवरेज परियोजना का बकाया कार्य जल्द करवाना, शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं स्वच्छता के विशेष प्रयास, आवारा मवेशियों को काइन हाउस एवं आंतक का पर्याय बनें श्वानों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना तथा महिलाओं के हितों को सर्वोपरि रखना प्रमुख है।



ये भी पढ़ें:-

उदयपुर में नगर निगम चुनाव नामांकन शुरू, भाजपा के दिनेश भट्ट ने भरा पहला नामांकन



निकाय चनाव: विधायकों की मनमर्जी पर कांग्रेस का अंकुश, बदला टिकट वितरण पैटर्न



जयपुर निगम चुनाव, कैंडिडेट की सुविधा के लिए 15 केंद्रों पर खुलेंगे नामांकन ऑफिस



निकाय चुनाव टिकट: बीजेपी टिकट फॉर्मूला, अब चार परीक्षा से गुजरना होगा







Tags:
  • निर्विरोध निर्वाचित
  • भीलवाड़ा
  • भीलवाड़ा नगर निगम
  • बीजेपी की जसवंत कंवर