रेलवे ने त्योहारों में यात्रियों को राहत देने के लिए 48 जोड़ी ट्रेनों में 135 अतिरिक्त कोच लगाए
समझें क्या है पूरा मामला
- त्योहारों में ट्रेन यात्रियों को बड़ी राहत
- 48 जोड़ी ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच
- 135 अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला
- लंबी वेटिंग लिस्ट से मिलेगी राहत
- जयपुर समेत कई रूटों पर बढ़ी सीटें
त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देने की तैयारी की है। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से 48 जोड़ी ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणी के कुल 135 अतिरिक्त कोच अस्थायी रूप से लगाए जाएंगे। इनमें थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार, अतिरिक्त कोच लगाए जाने से इन ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को राहत मिल सकेगी। जयपुर से चलने वाली और जयपुर होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें भी इस व्यवस्था में शामिल हैं।
जयपुर-जोधपुर ट्रेन में बढ़ेंगे 3 कोच
ट्रेन नंबर 22977/22978 जयपुर-जोधपुर में 1 से 31 अक्टूबर तक एक फर्स्ट एसी, एक सेकंड एसी और एक थर्ड एसी कोच अस्थायी रूप से बढ़ाया जाएगा।ट्रेन नंबर 20993/20996 सहित जयपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर से जुड़ी कई ट्रेनों में भी अलग-अलग अवधि के लिए अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
इन ट्रेनों में भी बढ़ेगा कोच
अजमेर-अमृतसर, अजमेर-बांद्रा टर्मिनस, जयपुर-उदयपुर सिटी, उदयपुर सिटी-असारवा, जोधपुर-इंदौर, इंदौर-भगत की कोठी, जोधपुर-वाराणसी सिटी और अजमेर-आगरा फोर्ट जैसी ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
इसके अलावा जोधपुर-दादर, भगत की कोठी-दादर, जैसलमेर-साबरमती, अजमेर-सोलापुर, बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस और बीकानेर-साईनगर शिर्डी जैसी ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की गई है।
जनरल कोच भी बढ़ाए जाएंगे
त्योहारी सीजन में सामान्य श्रेणी के यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई ट्रेनों में जनरल कोच भी बढ़ाए जाएंगे। हनुमानगढ़-जयपुर, श्रीगंगानगर-अंबाला, श्रीगंगानगर-बठिंडा, फुलेरा-जयपुर, हिसार-जयपुर, जयपुर-बठिंडा और अन्य ट्रेनों में अतिरिक्त जनरल कोच लगाए जाएंगे।
यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सीटों की सुविधा
रेलवे की इस अस्थायी व्यवस्था का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए ट्रेनों की क्षमता बढ़ाना है। अतिरिक्त कोच अलग-अलग ट्रेनों में निर्धारित तारीखों के अनुसार लगाए जाएंगे। यात्रियों को टिकट बुक करते समय संबंधित ट्रेन में उपलब्ध अतिरिक्त कोच और सीटों की स्थिति जरूर जांचनी चाहिए।