बीकानेर कांग्रेस में टिकट विवाद सड़क पर आया: शहर अध्यक्ष के साथ मारपीट, कुर्ता फाड़ा

Saurabh Mishra | Sept 02, 2026, 16:26 IST
बीकानेर कांग्रेस
बीकानेर में नगर निगम चुनाव के टिकट-सिंबल विवाद को लेकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट हुई। कार्यकर्ताओं ने टिकट चोर के नारे लगाए। पूर्व मंत्री बीडी कल्ला मौके पर पहुंचे।

समझें क्या है पूरा मामला

  • बीकानेर में निकाय चुनाव टिकट विवाद को लेकर विवाद गहराया।
  • जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ हुई मारपीट।
  • डुप्लीकेट सिंबल विवाद से भड़का कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा।
  • वार्ड 50 के कार्यालय उद्धाटन के दौरान मेघवाल से हुई बदसलूकी।
  • विवाद शांत कराने के लिए पूर्व मंत्री बीडी कल्ला मौके पर पहुंचे।

बीकानेर में नगर निगम चुनाव के टिकट-सिंबल का विवाद सड़कों पर आ गया। वार्ड 50 में कार्यालय उद्घाटन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट हो गई। कार्यकर्ताओं ने टिकट चोर के नारे भी लगाए। पूर्व मंत्री बीडी कल्ला मौके पर पहुंचे और किसी तरह विवाद को शांत कराया।



बीकानेर में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष के साथ मारपीट

जानकारी के अनुसार बीकानेर में नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस की तरफ से प्रत्याशियों को सिंबल जारी करने को लेकर विवाद चल रहा। पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की तरफ से जिन प्रत्याशियों के नाम तय कर सिंबल जारी किए गए थे, उनमें बाद में फेरबदल किया गया।



आरोप है कि शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने कथित तौर पर अपने पसंदीदा प्रत्याशियों को डुप्लीकेट सिंबल जारी करवा दिए।



वार्ड कार्यालय उद्घाटन के दौरान हुई मारपीट की घटना

वार्ड नंबर 50 में कांग्रेस प्रत्याशी नवरत्न डागा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान बीकानेर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट की घटना हुई। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पर लिखा कि बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ की गई मारपीट दुखद है। इस तरह का व्यवहार, हरकत अनुशासनहीता है और कतई मंजूर नहीं।



मदन गोपाल मेघवाल ने आरोप लगाया कि दीपक अरोड़ा के बेटे ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट की। मेघवाल के मुताबिक आरोपी युवक ने उन्हें अंकल कहकर एक तरफ बुलाया और इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मेघवाल ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनका कुर्ता तक फाड़ दिया गया।



उन्होंने बताया कि आरोपी युवक वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस टिकट का दावेदार भी था। मेघवाल के अनुसार युवक ने एक दिन पहले ही पार्टी प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कही थी, लेकिन अगले ही दिन कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में उनके साथ यह घटना हो गई।



कांग्रेस में सिंबल विवाद के बाद बढ़ा आक्रोश

डुप्लीकेट सिंबल जारी होने की जानकारी सामने आने के बाद से ही कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता मेघवाल के खिलाफ विरोध जता रहे थे। बुधवार को वार्ड 50 में प्रत्याशी नवरतन डागा के कार्यालय उद्घाटन के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान विरोध कर रहे कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और मेघवाल के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी।



कार्यकर्ता लगातार टिकट चोर के नारे लगाते रहे। टिकट वितरण और सिंबल को लेकर पार्टी के भीतर चल रहा विवाद खुलकर सामने आने से चुनावी माहौल भी गरमा गया है।



निकाय चुनाव में खड़ी हुई चुनौती

नगर निगम चुनाव से पहले टिकट और सिंबल को लेकर सामने आए विवाद ने कांग्रेस संगठन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष अब विरोध और मारपीट तक पहुंच गया है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व के सामने कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और विवाद को शांत कराने की चुनौती खड़ी हो गई है।



यह खबरें भी पढ़ें...



जयपुर नगर निगम चुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन हुआ खारिज, BJP उम्मीदवार ने नहीं भरा फॉर्म



बाड़मेर नगर निकाय चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 40 प्रत्याशियों सूची, भाजपा मौन



बीकानेर जिले की सभी निकायों की वोटिंग तारीख में बदलाव, त्योहार को देखते हुए लिया फैसला



गहलोत-भजनलाल से पायलट-राजे तक: राजस्थान में सोशल मीडिया पर किसका कितना दबदबा?



Tags:
  • राजस्थान
  • निकाय चुनाव
  • नगर निगम चुनाव
  • बीकानेर