पाकिस्तान में एक्टिव हुई बीकानेर की सिम, एटीएस ने घर पर दबिश देकर युवक को दबोचा
समझें क्या है पूरा मामला
- बीकानेर के युवक ने पाकिस्तानी आतंकी को दिया OTP, ATS ने पकड़ा।
- पाकिस्तान में एक्टिव हुई भारतीय सिम, शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा था आरोपी।
- 18 जुलाई को ED बनकर आए ATS के अधिकारी, घर में घंटों की पूछताछ।
- 8वीं पास अनिल ने मुंबई में काम के दौरान बनाया आतंकी से संपर्क।
- बॉर्डर जिलों में सक्रिय है शहजाद भट्टी गैंग, अब तक 10 से ज्यादा गिरफ्तार।
राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में पाकिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर नेटवर्क द्वारा स्थानीय युवाओं को बरगलाने का एक और मामला सामने आया है। राजस्थान एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉयड (ATS) और बीकानेर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। जिसमें बज्जू थाना क्षेत्र के गौड़ू गांवनिवासी 22 वर्षी य अनिल कुमार को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि अनिल ने पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी गैंग के गुर्गे उज्जेर को भारतीय सिम उपलब्ध कराई और 17 जुलाई को उसे पाकिस्तान में एक्टिवेट कराने के लिए ओटीपी (OTP) शेयर किया।
सादा कपड़ों में पहुंची टीम
आरोपी अनिल के पिता के अनुसार, 18 जुलाई को सादा कपड़ों में दो अधिकारी उनके घर पहुंचे और खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा बताया। उस वक्त अनिल अपने पिता और बहन के साथ खेत में काम कर रहा था।
अधिकारियों ने घर में अनिल से करीब 3-4 घंटे तक बंद कमरे में पूछताछ की और उसे अपने साथ ले गए। 19 जुलाई को एटीएस ने अनिल को बीकानेर की लोकल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जिसके बाद बज्जू थाना पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
मुंबई में संदिग्ध नेटवर्क के संपर्क में आया
पूछताछ और पारिवारिक पृष्ठभूमि से सामने आया कि अनिल केवल 8वीं कक्षा तक पढ़ा है। पहले वह बीकानेर के एक सरकारी अस्पताल में चाय बेचने का काम करता था। कम उम्र में काम करने के कारण एक डॉक्टर की शिकायत पर उसे नयाशहर थाना पुलिस के सुपुर्द भी किया गया था।
करीब तीन साल पहले वह काम की तलाश में मुंबई चला गया, जहां वह लकड़ी (कारपेंटर) का काम करने लगा। अंदेशा है कि मुंबई में मजदूरी के दौरान ही वह किसी असामाजिक व संदिग्ध नेटवर्क के संपर्क में आया।
पाकिस्तान में सिम एक्टिव, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
पुलिस के अनुसार, अनिल द्वारा उपलब्ध कराई गई सिम फिलहाल पाकिस्तान में एक्टिव है। एजेंसियां सिम एक्टिवेशन से लेकर अब तक के पूरे डेटा और कॉल रिकॉर्ड्स की निगरानी कर रही हैं।
साथ ही आरोपी अनिल के मोबाइल और उसके नाम/आईडी से जारी अन्य सभी टेलीकॉम कनेक्शनों की जांच की जा रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि इस सिम का इस्तेमाल सीमा पार से किसी बड़ी देशविरोधी साजिश या संदिग्ध गतिविधियों के लिए किया जा सकता है।
कौन है शहजाद भट्टी और क्यों है बॉर्डर जिलों में एक्टिव?
शहजाद भट्टी कुख्यात पाकिस्तानी गैंगस्टर है, जो वर्तमान में दुबई से अपना नेटवर्क चलाता है। भट्टी पाकिस्तान के कुख्यात माफिया फारुक खोखर का राइट हैंड माना जाता है और उसका नेटवर्क पाकिस्तान, दुबई, अमेरिका तथा कनाडा तक फैला हुआ है।
राजस्थान-पाकिस्तान बॉर्डर से सटे जिलों (श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़) में भट्टी गैंग पिछले एक साल से काफी सक्रिय है। वह सोशल मीडिया के जरिए स्थानीय युवाओं को पैसों व गन-कल्चर का लालच देकर हथियारों व ड्रग्स की तस्करी और देशविरोधी गतिविधियों में शामिल करता है।
पूर्व में इस गैंग द्वारा बॉर्डर पार से आरडीएक्स भेजकर राजस्थान में विस्फोट करने की साजिश भी रची जा चुकी है। वर्ष 2024 में भट्टी ने बीजेपी नेता व अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को भी धमकी दी थी।
पिछले कुछ महीनों में पकड़े गए भट्टी गैंग के अन्य गुर्गे
25 मार्च: हनुमानगढ़ के किशनपुरा दिखनादा निवासी जसवंत कुमार उर्फ सोनू को पाकिस्तानी गैंगस्टर से संपर्क और हथियारों की फोटो शेयर करने पर पकड़ा गया।
26 मार्च: श्रीगंगानगर के केरा चक निवासी आकाशदीप को शहजाद भट्टी से इंस्टाग्राम/व्हाट्सएप पर लगातार संपर्क में रहने और धमकियां देने के आरोप में पकड़ा गया।
6 अप्रैल: हनुमानगढ़ के सुरेशिया कॉलोनी निवासी 10 मुकदमों के आरोपी सुनील उर्फ धोलू को अवैध पिस्तौल और भट्टी के व्हाट्सएप नंबर के साथ गिरफ्तार किया गया।
13-14 मई: श्रीगंगानगर जिले के अलग-अलग हिस्सों से 10 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
FAQ
- कुख्यात आतंकी/गैंगस्टर शहजाद भट्टी कौन है?
शहजाद भट्टी एक पाकिस्तानी कुख्यात गैंगस्टर है जो दुबई में रहकर पाकिस्तान, कनाडा और अमेरिका तक अपना आतंकी नेटवर्क चलाता है। वह पाकिस्तान के माफिया फारुक खोखर का राइट हैंड है। - राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में भट्टी गैंग किस तरह की गतिविधियां चला रही है?
भट्टी गैंग सोशल मीडिया के जरिए स्थानीय युवाओं को फंसाकर हथियार-ड्रग्स की तस्करी, जबरन वसूली, धमकियां देने और देशविरोधी साजिशों में इस्तेमाल करती है।
ये भी पढ़ें:-
देश की सुरक्षा पर खतरा! शहजाद भट्टी के नेक्सस का राजस्थान ATS ने किया खुलासा
राजस्थान ATS ने 20 जिलों में की छापेमारी; पाक आतंकी भट्टी से जुड़े 60 संदिग्ध हिरासत में
कैसे आतंकी जाल में फंसती चली गई, जानिए बबीता धाकड़ की सीक्रेट ऑनलाइन लाइफ
जैश-ए-मोहम्मद की महिला स्लीपर सेल गिरफ्तार, ऑनलाइन किया था धर्म परिवर्तन