राजस्थान में बीजेपी इस बार की यात्रा में संकल्प पत्र पर जनता से लेगी सुझाव, नड्डा ने कहा यह पत्र हमारे अगले 5 साल का लक्ष्य है

Jitendra Shrivastava | Oct 04, 2023, 24:00 IST
राजस्थान में बीजेपी इस बार की यात्रा में संकल्प पत्र पर जनता से लेगी सुझाव, नड्डा ने कहा यह पत्र हमारे अगले 5 साल का लक्ष्य है
राजस्थान में बीजेपी एक और यात्रा पर निकल पड़ी है। इस बार की यात्रा पार्टी के संकल्प पत्र के लिए जनता से सुझाव मांगने के उद्देश्य से निकाली जा रही है।

JAIPUR. दिसंबर में राजस्थान की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश यात्रा और सितंबर में सरकार बदलने के लिए परिवर्तन संकल्प यात्रा के बाद राजस्थान में बीजेपी एक और यात्रा पर निकल पड़ी है। इस बार की यात्रा पार्टी के संकल्प पत्र के लिए जनता से सुझाव मांगने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को जयपुर में इस यात्रा के लिए तैयार किए गए 40 आकांक्षा रथ केसरिया झंडी दिखाकर रवाना किए। पार्टी ने ऐसे कल 50 रथ तैयार कर आए हैं जो अगले 15 दिन में प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीटों पर जाएंगे और पार्टी की घोषणा पत्र के लिए जिस पार्टी संकल्प पत्र कह रही है उसके लिए सुझाव मांगेंगे। पार्टी पूरे अभियान को आपनो राजस्थान सुझाव आपका संकल्प हमारा नाम दिया है।



हमारे कंधों पर जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का भार है



इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा की है संकल्प पत्र सिर्फ एक राजनीतिक दस्तावेज नहीं होगा। बल्कि, यह हमारे अगले 5 साल के लिए लक्ष्य के रूप में काम करेगा इसलिए सभी कार्यकर्ता कमर कस लें और यह समझ ले कि हमारे कंधों पर जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का बड़ा भार है। जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 15 दिन की यात्रा में हम प्रदेश के किसी भी वर्ग को छोड़ेंगे नहीं और हर वर्ग का सुझाव लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में राजनीति की संस्कृति बदल दी है। एक समय था जब कांग्रेस के लोग झूठे वादे करके सत्ता में आ जाते थे। जनता से सड़क का झूठा वादा करने के लिए जंगल मे चूने की लाइन बिछवा देते थे और जनता को चूना लगा देते थे। चुनाव से पहले एमएलए आता था पानी के पाइप डाल जाता था और चुनाव के बाद ले जाता था। मोदी रिपोर्ट कार्ड की संस्कृति लाए हैं। जो कहते हैं वो करते है और जनता को बताते हैं।



2023 का पड़ाव तो पूरा कर लो फिर 2030 के बारे में सोचना



नड्डा ने कहा कि हमने कहा था धारा 370, हटाएंगे तो हटा दी। हम कहते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे तो विरोधी पूछते थे कि तिथि कब बताएंगे अब इन विरोधियों को ही जनवरी में वहां आना पड़ेगा। नड्डा ने कहा कि राजस्थान की जनता ने हमें दिल्ली का टिकट दिया था तो हमने दिल्ली से जो काम हो सकते थे वह पूरे किए हैं इस बार राजस्थान की जनता हमें यहां का टिकट देगी और हम यहां का काम करेंगे। राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मिशन 2030 अभियान पर तंज कसते हुए नड्डा ने कहा कि जब मैं जयपुर आया तो मैं हर तरफ मिशन 2030 के बैनर देखें और मुझे लगा कि गहलोत गिनती भूल गए हैं। नड्डा ने कहा 2030 से पहले तो 2023 आता है इसलिए पहला पड़ाव तो पूरा कर लो फिर 2030 के बारे में सोचना। उन्होंने कहा कि पूरे 5 साल गहलोत सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने में लग रहे और कुर्सी बचाने के लिए विधायकों को खुली छूट दे दी। विधायकों ने इस छूट का लाभ उठाते हुए जमकर लूट मचाई।



सरकार तो बनेगी नहीं इसलिए प्रदेश का खजाना खाली कर रहे हैं



कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि हम जब भी सरकार में रहे हमने वादे वही किए जो हम पूरा कर सकते थे। उन्होंने कहा कि हमें पता था कि कमर्शियल बैंकों का कर्ज माफ नहीं हो सकता। इसलिए हमने वह वादा नहीं किया, लेकिन जनता कांग्रेस के झूठे वादे में आ गई और अब पछता रही है। वसुंधरा राजे ने कहा कि राजस्थान की मौजूदा सरकार ऐसे वादे और काम कर रही है जो प्रदेश का खजाना खाली कर रहे हैं। इन्हें पता है कि उनकी सरकार तो बनेगी नहीं इसलिए इन्हें कोई चिंता ही नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि यह संकल्प पत्र नए राजस्थान के निर्माण का संकल्प पत्र होगा। संकल्प पत्र समिति के संयोजक केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि हम जनता से सुझाव लेने के लिए हर माध्यम का उपयोग करेंगे। सुझाव लेने के लिए टोल फ्री नंबर वेबसाइट और व्हाट्सएप नंबर भी जारी किए गए।



Tags:
  • Rajasthan
  • राजस्थान
  • JP Nadda
  • जेपी नड्डा
  • another visit of BJP
  • will take suggestions from the public on the resolution letter
  • this letter is our 5 year target
  • बीजेपी की एक और यात्रा
  • संकल्प पत्र पर जनता से लेगी सुझाव
  • यह पत्र हमारे 5 साल का लक्ष्य