केंद्रीय बजट से भजनलाल को उम्मीद, राजस्थान के विकास को मिलेगी अधिक मजबूती

Purshottam Kumar Joshi | Feb 01, 2026, 18:25 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को संसद में पेश किए बजट को सराहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट से राजस्थान को विकास में और मजबूती मिलेगी। यानी बजट में घोषित प्रावधानों से राजस्थान को फायदा होगा।

News in Short

  • भजनलाल बोले-बजट 2026-27 से राजस्थान के विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी
  • सेमीकंडक्टर मिशन, डेटा सेंटर, मेगा टैक्सटाइल पार्क से राजस्थान को मिलेगा लाभ
  • मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर
  • देशवासियों की आशाओं एवं आकांक्षाओं पर खरा उतरने वाला बजट
  • पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बोले-यह कैसा बजट, देश के सबसे बड़े राज्य के नाम तक का जिक्र नहीं

News in Detail

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्र सरकार केबजट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि इस बजट ने राजस्थान को विकास की मुख्यधारा में और अधिक मजबूती से जोड़ने का काम किया है। इस बजट के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का सफर पूरा करेगा।



सेमीकंडक्टर नीति को मिला समर्थन

मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में सेमीकंडक्टर नीति और डेटा सेंटर नीति जारी की गई है। बजट में 40 हजार करोड़ रुपए से इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के शुरू होने का फायदा राजस्थान को भी मिलेगा। इसी प्रकार डेटा सेंटर और क्लाउड सर्विसेज क्षेत्र को इंसेंटिव दिए गए हैं, उनसे भी राजस्थान लाभान्वित होगा। उन्होंने कहा कि मेगा टैक्सटाइल पार्क, 200 इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स और सोलर एवं माइनिंग क्षेत्र में की गई घोषणाओं से राज्य को विशेष रूप से फायदा मिलेगा।



नरेगा की तुलना में अधिक आवंटन

भजनलाल ने कहा कि वीबीजी राम जी योजना में नरेगा की तुलना में 86 हजार करोड़ से बढ़ाकर 95 हजार 692 करोड़ राशि का आवंटन किया गया है। राजस्थान को इससे अतिरिक्त राशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि पशुपालन राजस्थान की अर्थव्यवस्था का प्रमुख हिस्सा है। बजट में दी गई लोन लिंक्ड केपिटल इन्वेस्टमेंट सब्सिडी स्कीम का पशुपालकों को भरपूर लाभ मिलेगा।



बैंकिंग रिफॉर्म का शानदार परफॉर्म

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर पेश किया गयायह बजट युवा, महिला, किसान, वंचित, गरीब और आम आदमी का बजट है। यह बजट तेज आर्थिक विकास, लोगों की आशाओं-आकांक्षाओं पर खरा उतरने और सबका साथ सबका विकास के तीन कर्तव्यों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि पूरा देश 7 प्रतिशत की विकास दर के साथ पाथ ब्रेकिंग रिफॉर्म एक्सप्रेस पर शानदार परफॉर्म कर रहा है। इस बजट में कैंसर की 17 दवाइयों पर कस्टम ड्यूटी में छूट के साथ ही छोटे-बड़े उद्योगों, उत्पादकों, कारीगरों और कामगारों को वैश्विक बाजार में जाने के लिए नई दिशा दिखाई गई है।



गहलोत बोले: यह कैसा बजट, राजस्थान का नाम तक नहीं

दूसरी ओर, पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि बजट भाषण में देश के सबसे बड़े राज्य राजस्थान का मेंशन न होना प्रदेश के साथ हो रहे सौतेलेपन की झलक है। न तो ईआरसीपी को लेकर कोई जिक्र हुआ और न ही राजस्थान में किसी नई रेलवे परियोजना या मेट्रो प्रोजेक्ट की घोषणा हुई। कुल मिलाकर डबल इंजन के बावजूद यह बजट राजस्थान के लिए 'ऊंची दुकान फीका पकवान' साबित हुआ है।



एमपी, सीजी और राजस्थान में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट... सर्द हवाओं के साथ बरसेगा पानी



Tags:
  • पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
  • केंद्र सरकार
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
  • केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
  • बजट 2026-27