खाटूश्याम जी और सालासर जाएंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, कार्यकर्ताओं से भी करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खाटूश्यामजी और सालासर के दौरे पर रहेंगे। दौर को लेकर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में भी 25 अक्टूबर को खाटूश्यामजी दौरे और कार्यकर्ताओं के साथ 'मन की बात' कार्यक्रम में शामिल होगें।
सुबह 9:45 बजे जयपुर से रवाना होंगे
यात्रा कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री सुबह 9:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट से रवाना होंगे। सुबह 10:05 बजे उनका हेलीकॉप्टर खाटूश्यामजी में 52 बीघा पार्किंग स्थित हेलीपैड पर पहुंचेगा। यहां से वे मंदिर परिसर के लिए रवाना होंगे और सुबह 10:15 से 10:45 बजे तक बाबा श्याम के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री सुबह 10:45 बजे मंदिर परिसर से निकलेंगे। करीब 10:50 बजे वे 52 बीघा पार्किंग के पास स्थित होटल मैस्टिफ सलेक्ट अपराजिता पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक 'मन की बात' कार्यक्रम और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद होगा।
विकास कार्यों की समीक्षा बैठक
खाटूश्यामजी में मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम विकास कार्यों की समीक्षा का है। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक होटल मैस्टिफ सलेक्ट अपराजिता में समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में खाटूश्यामजी से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा होगी। हालांकि, उपलब्ध यात्रा कार्यक्रम में बैठक के एजेंडे और समीक्षा किए जाने वाले प्रोजेक्ट्स की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:35 बजे होटल से रवाना होंगे और 1:40 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे। दोपहर 1:45 बजे हेलीकॉप्टर से सालासर के लिए प्रस्थान करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, उनका हेलीकॉप्टर 2:10 बजे चूरू जिले के सालासर क्षेत्र में शोभासर हेलीपैड पर पहुंचेगा।
दोपहर में सालासर बालाजी के दर्शन
मुख्यमंत्री दोपहर 2:25 बजे सालासर बालाजी मंदिर परिसर पहुंचेंगे। यहां 2:30 से 3 बजे तक दर्शन और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद वे 3:05 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
दोपहर 3:10 से 4:10 बजे तक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद होगा। यह कार्यक्रम लक्ष्मणगढ़ रोड पर जूलियासर स्थित चमेली देवी सभागार में रखा गया है। यह स्थान सीकर जिले की नेछवा तहसील में अंजनी माता मंदिर के पास है।
कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:10 बजे वहां से रवाना होंगे। यात्रा कार्यक्रम के मुताबिक, शाम 4:20 बजे वे शोभासर हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद की यात्रा का विवरण जारी कार्यक्रम में नहीं दिया गया है।
धार्मिक दर्शन के साथ संगठन पर भी फोकस
मुख्यमंत्री के इस दौरे में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं से संवाद और विकास कार्यों की समीक्षा भी शामिल है। खाटूश्यामजी में समीक्षा बैठक के जरिए क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर चर्चा होगी, जबकि दोनों धार्मिक स्थलों पर दर्शन और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम रखा गया है।