जिम में रनिंग करते हुए सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की मौत, बेटी के साथ करने गए थे एक्सरसाइज
राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर में मंगलवार शाम जिम में एक्सरसाइज करते समय एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य की मौत हो गई। मृतक की पहचान बीरबलराम मेघवाल के रूप में हुई है। वे ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे, तभी अचानक नीचे गिर पड़े।
जिम में मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक छा गया।
बीरबलराम मेघवाल आसपालसर गांव के सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे। वे अपने परिवार के साथ सरदारशहर में रहते थे।
बेटी के साथ जिम गए थे बीरबलराम
राजस्थान शिक्षक संघ के महामंत्री विजय पोटलिया के अनुसार, बीरबलराम मेघवाल मंगलवार शाम करीब 6 बजे अपनी बेटी के साथ जिम पहुंचे थे। वहां वे एक्सरसाइज कर रहे थे।
करीब एक घंटे बाद ट्रेडमिल पर दौड़ते समय उनकी तबीयत बिगड़ी और वे अचानक गिर गए। जिम में मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की। इसके बाद उन्हें सरदारशहर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
सरदारशहर उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. चंद्रभान जांगिड़ ने बताया कि बीरबलराम मेघवाल को मंगलवार शाम इमरजेंसी में लाया गया था। चिकित्सकों ने जांच की तो उनकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। बुधवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की गई है। शुरुआती जानकारी में ट्रेडमिल से गिरने के दौरान सिर में चोट लगने की बात सामने आई है।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत सिर में लगी चोट के कारण हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। पुलिस और अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।
पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए पीछे
बीरबलराम मेघवाल मूल रूप से नीमरासर गांव के रहने वाले थे। उनकी पोस्टिंग आसपालसर गांव के सरकारी स्कूल में थी। यह गांव सरदारशहर से करीब 15 किलोमीटर दूर है।
परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। मंगलवार शाम हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके निधन की खबर से स्कूल और क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
20 साल से टीचिंग प्रोफेशन में थे
बीरबल मेव की पहली पोस्टिंग साल 2006 में चूरू के सुजानगढ़ की बीदासर तहसील के सांडवा गांव में लेक्चरर के रूप में हुई थी। वे साल 2018 में प्रमोशन के बाद प्रिंसिपल बने थे। वर्तमान में वे सरदारशहर से 15 किलोमीटर दूर आसपालसर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थे।
बीरबल सरदारशहर से करीब 40 किलोमीटर दूर निमरासर के रहने वाले थे। वे पत्नी और दो बेटियों के साथ सरदारशहर में रहते थे। बीरबल की बड़ी बेटी ऋतिका नवोदय विद्यालय में दसवीं में पढ़ती है। छोटी बेटी कविता पांचवीं की स्टूडेंट है।