जोधपुर में आज CM भजनलाल की पदयात्रा और जनसभा, SIR के मुद्दे पर कांग्रेस को जवाब देगी BJP
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके मुताबिक वे सुबह दिल्ली से रवाना होकर करीब 11:40 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से 11:45 बजे रवाना होकर 11:55 बजे सरदारपुरा स्थित गांधी मैदान पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक पदयात्रा में शामिल होंगे। दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक गोल बिल्डिंग, सरदारपुरा में जनसभा रखी गई है।
दिल्ली से सीधे जोधपुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का रात्रि विश्राम दिल्ली में प्रस्तावित है। मंगलवार सुबह 9:50 बजे वे जोधपुर हाउस, नई दिल्ली से रवाना होंगे। सुबह 10:35 बजे नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 10:40 बजे जोधपुर के लिए उड़ान भरेंगे। करीब 11:40 बजे उनका विमान जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा।
एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सीधे गांधी मैदान जाएंगे। यहां भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद गोल बिल्डिंग में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम पूरा होने के बाद दोपहर 1:30 बजे वे सभा स्थल से रवाना होंगे। 1:40 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने और 1:45 बजे जयपुर के लिए उड़ान भरने का कार्यक्रम है। दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री के जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने का समय तय किया गया है।
SIR को लेकर कांग्रेस को घेरने की तैयारी
भाजपा का यह अभियान ऐसे समय हो रहा है, जब SIR और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। भाजपा का कहना है कि विपक्ष इस प्रक्रिया को लेकर लोगों में भ्रम फैला रहा है। पार्टी पदयात्राओं और जनसभाओं के जरिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया और उसके महत्व को जनता तक पहुंचाना चाहती है।
इससे पहले भाजपा कोटा में भी इसी अभियान के तहत कार्यक्रम कर चुकी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वहां कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया था। भाजपा का कहना है कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए SIR जरूरी है। वहीं कांग्रेस इस प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रही है। ऐसे में जोधपुर की सभा में भी यह मुद्दा प्रमुख रहने की संभावना है।
गांधी मैदान से गोल बिल्डिंग तक जुटेंगे कार्यकर्ता
भाजपा संगठन ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की हैं। पार्टी नेताओं के मुताबिक, पदयात्रा में शहर और देहात क्षेत्र के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इससे पहले स्थानीय स्तर पर बैठकें कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
जोधपुर में मुख्यमंत्री की मौजूदगी को भाजपा के राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि SIR को लेकर चल रही बहस में अपना पक्ष सीधे आम लोगों तक पहुंचाया जाए। जनसभा में मुख्यमंत्री के संबोधन पर भी सबकी नजर रहेगी।
मुख्यमंत्री का जोधपुर दौरा करीब तीन घंटे का रहेगा। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम के बाद वे जयपुर लौट जाएंगे। भाजपा के लिए यह आयोजन सिर्फ पदयात्रा और सभा तक सीमित नहीं है। इसके जरिए पार्टी कांग्रेस के आरोपों का राजनीतिक जवाब देने और मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर जनता के बीच अपनी बात रखने की कोशिश करेगी।