अजब जुगाड़, गजब मुसीबत: धूप से बचने के लिए सिर पर रखी दूध की कैन बनी मुसीबत, ग्राइंडर से काटकर बचाई जान
News In Short
- अलवर में दूध की कैन को हेलमेट बनाना युवक के लिए पड़ा भरी।
- युवक के गले और कंधों के बीच बुरी तरह फंसी दूध की कैन।
- ग्राइंडर मशीन से कैन के दो टुकड़े किए और युवक को बचाया।
- युवक बाइक से गेहूं की बटाई का हिसाब करने जा रहा था।
- ध्यान रखें, गर्मी से बचने के अतरंगी उपाय जानलेवा साबित हो सकते हैं।
News In Detail
Alwar: राजस्थान की भीषण गर्मी में इंसान क्या कुछ नहीं करता, लेकिन कभी-कभी देसी जुगाड़ जानलेवा भी साबित हो सकता है। अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने चिलचिलाती धूप से बचने के लिए दूध की कैन को हेलमेट की तरह सिर पर रखा, लेकिन वह उसके गले में इस कदर फंस गई कि युवक की जान पर बन आई।
गर्मी का अतरंगी हेलमेट पड़ा भारी
घटना शुक्रवार (24 अप्रैल) शाम की है। माधोगढ़ गांव का रहने वाला कालूराम रैबारी बाइक से गेहूं की बटाई का हिसाब करने जा रहा था। गर्मी बहुत थी, तो कालूराम ने धूप से बचने के लिए पास ही मौजूद 10 किलो वजनी और 15 लीटर क्षमता वाली लोहे की खाली कैन को अपने सिर पर रख लिया। लेकिन कुछ ही देर में वह कैन सिर को पार करती हुई उसके गले और कंधों के बीच बुरी तरह अटक गई।
घबराहट ने बढ़ाई मुश्किल
कालूराम ने जब बाइक रोककर कैन निकालने की कोशिश की, तो वह टस से मस नहीं हुई। तेज धूप, पसीना और घबराहट के कारण उसकी मांसपेशियां खिंच गईं और कैन और भी मजबूती से फंस गई। जब ग्रामीणों ने एक युवक को सिर पर दूध की कैन लपेटे छटपटाते देखा, तो लोग उसे बचाने के लिए आए।
हार्डवेयर की दुकान पर ऑपरेशन रेस्क्यू
ग्रामीण उसे तुरंत पास की एक हार्डवेयर की दुकान पर ले गए। दुकानदार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि लोहे की कैन और युवक की गर्दन के बीच बहुत काम जगह थी। जरा सी लापरवाही का मतलब था ग्राइंडर मशीन से गर्दन पर गहरा घाव।
दुकानदार ने सबसे पहले एक पतली पत्ती के जरिए कैन और सिर के बीच मामूली गैप बनाया। कालूराम को जमीन पर लिटाया गया ताकि शरीर में कोई हलचल न हो। इसके बाद इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन का उपयोग करते हुए बेहद बारीकी से लोहे की चादर को काटना शुरू किया।
करीब दो घंटे तक ग्राइंडर की गूंज और चिंगारियों के बीच कालूराम बुरी तरह सहमा हुआ था। दुकानदार की कुशलता काम आई और आखिरकार कैन के दो टुकड़े हुए और कालूराम को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सबक
शनिवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग एक तरफ दुकानदार की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इसे एक बड़े सबक के रूप में देख रहे हैं। यह घटना याद दिलाती है कि गर्मी से बचने के लिए किए गए अतरंगी प्रयोग कभी भी जानलेवा संकट में बदल सकते हैं।
ये भी पढ़ें:-
परिवहन विभाग के थ्री डिजिट फर्जीवाड़े में नए-नए खुलासे, वाहनों के मालिक और चेसिस नंबर बदले
राजू ठेहट हत्याकांड, ट्रायल में देरी के चलते आरोपी सरजीत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत
राजस्थान यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह से पहले पुलिस ने किया छात्रों को नजरबंद, हंगामे के है आसार