ड्रग्स के खिलाफ डबल स्ट्राइक: दौसा में अफीम, हनुमानगढ़ में MD फैक्ट्री पकड़ी
समझें क्या है पूरा मामला
- राजस्थान में नशा तस्करी के खिलाफ एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों से मचा हड़कंप।
- दौसा में CBN ने लग्जरी कार से 115 किलो से अधिक अफीम बरामद की।
- हनुमानगढ़ में पुलिस ने खेत में चल रही MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
- इस मामले में एक सरकारी स्कूल का PTI भी गिरफ्तार किया गया।
- दोनों मामलों में जांच जारी है और बड़े नेटवर्क के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
राजस्थान में एक ही दिन नशा तस्करी के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाइयां हुई हैं। दौसा जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो यानी CBN ने आगरा-जयपुर हाईवे पर एक लग्जरी कार से 115 किलो से अधिक अफीम बरामद की और तस्कर को गिरफ्तार किया। वहीं हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने खेत में संचालित MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को दबोचा। इनमें एक सरकारी स्कूल में कार्यरत PTI भी शामिल है। दोनों मामलों में जांच जारी है।
2000 किमी रूट पर निगरानी
CBN नीमच को पहले से सूचना मिली थी कि एक लग्जरी कार में अफीम की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। इस पर CBN की विशेष टीम ने करीब 2000 किलोमीटर लंबे रूट पर निगरानी रखी। रविवार सुबह टीम ने आगरा-जयपुर हाईवे पर सिकंदरा टोल प्लाजा के पास झारखंड नंबर की कार को रोककर तलाशी ली।
परफ्यूम की आड़ में छुपाई थी अफीम
तलाशी के दौरान कार के अंदर से तेज परफ्यूम की महक आ रही थी। टीम को शक हुआ और गहनता से जांच की गई। कार की डिक्की से तीन बोरियां मिलीं जिनमें 109 पैकेट में कुल 115.160 किलोग्राम अफीम भरी थी। अफीम की गंध छुपाने के लिए जानबूझकर परफ्यूम का छिड़काव किया गया था। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है।
फलोदी का तस्कर 2 दिन के रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मालाराम विश्नोई निवासी फलोदी के रूप में हुई है। उसे रविवार दोपहर दौसा की NI कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे 2 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। CBN अब उससे पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।
यह कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त निखिल गांधी और विपिन कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने की। टीम में निरीक्षक परिक्षित चौधरी और उप निरीक्षक मोहित यादव सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
हनुमानगढ़: खेत में चल रही थी MD ड्रग्स फैक्ट्री
हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में पुलिस और DST सेक्टर नोहर की संयुक्त टीम ने गांव असरजाना के एक खेत में बनी ढाणी में संचालित MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। शुक्रवार रात सूचना मिलने के बाद टीम ने दबिश दी।
पुलिस ने सुभाष पुत्र भागीरथ बिश्नोई निवासी जालोर, सुनील कुमार राजपूत निवासी जाखड़ावाली, रविंद्र राजपूत और विजयपाल सिंह राजपूत दोनों निवासी असरजाना को गिरफ्तार किया। इनमें रविंद्र फैक्ट्री का मुख्य संचालक बताया जा रहा है।
सरकारी PTI भी निकला ड्रग्स नेटवर्क का हिस्सा
चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक राजकीय विद्यालय में कार्यरत PTI यानी फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर भी शामिल है। मामले में पांच अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है जो अभी फरार हैं।
मौके से 212 ग्राम अफीम, 5.36 ग्राम MD ड्रग्स और ड्रग्स बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कई रासायनिक पदार्थ बरामद किए गए। इनमें एसीटोन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और मिथाइलामीन जैसे खतरनाक केमिकल शामिल हैं। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई का खुलासा किया।
ये खबर भी पढे़:-
अश्विनी वैष्णव की सीकर में बड़ी घोषणा, खाटूश्यामजी स्टेशन को मिलेगी रफ्तार
ACB की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार की घूस लेते लेखा सहायक गिरफ्तार, BCMO फरार
NEET री-एग्जाम में हिजाब पहनी छात्रा को रोका, हंगामे के बाद जानें क्या हुआ?
RE-NEET एग्जाम : कलेक्टर और 24 RAS अधिकारियों ने संभाला मोर्चा