आईआरएस की बेटी की हत्या में आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान के एक अधिकारी के रेफरेंस पर घर में रखा था नौकर

Ashish Bhardwaj | Apr 23, 2026, 12:28 IST
Photograph: (the sootr)
दिल्ली में एक आईआरएस की बेटी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह राजस्थान का रहने वाला हे। उसे राजस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी के रेफरेंस पर घरेलू सहायक के रूप मे नौकरी पर रखा गया था।

News In Short

  • दिल्ली में एक वरिष्ठ आईआरएस की बेटी की हत्या में आरोपी राहुल गिरफ्तार।
  • आरोपी राहुल मीणा राजस्थान में अलवर जिले का रहने वाला है।
  • राहुल को राजस्थान के एक अधिकारी के रेफरेंस पर घर में नौकरी पर रखा था।
  • राहुल ने हत्या से पहले अपने गांव राजगढ़ में एक महिला से किया था रेप।
  • राहुल पर बहुत कर्ज था। उसने लूटपाट के लिए आईआरएस की बेटी को बनाया निशाना।

News In Detail

सुनील जैन@अलवर



देश की राजधानी दिल्ली में वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी राहुल मीणा को दिल्ली के द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया गया, जो राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ का रहने वाला है। राहुल आईआरएस के घर पर पहले घरेलू सहायक का काम करता था। उसे राजस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी के रेफरेंस पर काम पर रखा गया था।



​क्या है पूरा घटनाक्रम

आईआरएस की 22 वर्षीया बेटी IIT स्नातक थी। वह सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) की तैयारी कर रही थी। बुधवार सुबह अपने घर पर अकेली थी। पीड़िता के माता-पिता सुबह जिम गए थे। पुलिस के अनुसार जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी को लहूलुहान और अचेत अवस्था में पाया। उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



​आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

​पुलिस ने इस मामले में राहुल मीणा नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है। वह पहले इसी घर में घरेलू सहायक के रूप में काम करता था। राहुल को लगभग दो महीने पहले ही काम से निकाला गया था।



पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और CCTV फुटेज की मदद से आरोपी का पीछा किया। फुटेज में राहुल सुबह 6:35 बजे घर के पास वाली गली में घुसते और 7:22 बजे वहां से निकलते हुए दिखाई दिया। रात करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच पुलिस ने उसे दिल्ली के द्वारका से धर दबोचा।



​हत्या के पीछे मकसद

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी राहुल मीणा को घर की हर गतिविधि की जानकारी थी। उसे पता था कि घर के सदस्य चाबी कहां रखते हैं। बुधवार सुबह उसने जूते के रैक से चाबी निकालकर घर का दरवाजा खोला और अंदर दाखिल हुआ।



​पुलिस सूत्रों के अनुसार राहुल पर कर्ज का भारी बोझ था। वह ऑनलाइन गेमिंग में काफी पैसे हार चुका था। उसने पड़ोसियों से करीब 1.5 लाख रुपये का कर्ज लिया था। कर्जदाता उस पर पैसे लौटाने का दबाव बना रहे थे। पुलिस का मानना है कि हत्या का मुख्य उद्देश्य लूटपाट था।



आरोपी ने घर की अलमारी से 2.5 लाख रुपए नकद और पीड़िता के पिता का फोन चोरी किया। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने अपने कपड़े और जूते भी बदल लिए थे, ताकि पहचाना न जा सके।



​पुलिस जांच में अन्य खुलासे

पुलिस ने पुष्टि की है कि हत्या से पहले पीड़िता के साथ यौन उत्पीड़न किया गया था। आरोपी ने मोबाइल चार्जर की केबल से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।



राहुल मीणा पिछले 18 महीनों से इस घर में काम कर रहा था, लेकिन उसका दिल्ली पुलिस के माध्यम से कोई औपचारिक पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था। उसे राजस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी के संदर्भ पर काम पर रखा गया था।


​आरोपी राहुल राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ का रहने वाला है। खुलासा हुआ है कि दिल्ली आने से ठीक एक रात पहले मंगलवार को उसने अपने पैतृक स्थान पर भी एक महिला के साथ यौन दुर्व्यवहार किया था।



​कानून और सुरक्षा पर सवाल

​यह घटना घरेलू सहायकों के पुलिस वेरिफिकेशन की अनिवार्यता पर एक गंभीर सवाल खड़ा करती है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिण) विजय कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, बलात्कार और डकैती की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।



ये भी पढे़:-

दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या, मुख्य आरोपी का राजस्थान से कनेक्शन , 9 टीमें कर रही हैं तलाश



सपनों के लिए छोड़ीं दो बड़ी नौकरियां, आईएएस शुभम चौधरी का असिस्टेंट प्रोफेसर से आईएएस बनने तक का संघर्षपूर्ण सफर



कुंभलगढ़ अभयारण्य के जंगलो में धधक रही भीषण आग, वन्यजीवों पर मंडराया बड़ा संकट



जयपुर में स्कूलों का समय बदला, बढ़ती गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने जारी किए आदेश





​



Tags:
  • अलवर
  • आईआरएस अधिकारी
  • सिविल सेवा परीक्षा
  • आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या
  • आरोपी राहुल मीणा