धौलपुर के जंगल में मिले तीन शवों से सनसनी, ग्रामीणों ने शवों को कब्जे में लेने पर पुलिस का किया विरोध

Jageshwar prasad | Oct 21, 2026, 14:33 IST
धौलपुर में जंगल में चाचा और दो भतीजों के शव मिले, पुलिस को हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
धौलपुर जिले के पुरा सिकरौदा गांव के पास जंगल और खेतों में एक युवक तथा दो बच्चों के शव मिले। युवक का शव बबूल के पेड़ के पास तो उसके दोनों भतीजों के शव करीब 100 मीटर दूर खेत में मिले। एक साथ तीन शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

धौलपुर (Dholpur) के कंचनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पुरा सिकरौदा गांव के पास जंगल और खेतों में एक युवक तथा दो बच्चों के शव मिले। युवक का शव बबूल के पेड़ के पास तो उसके दोनों भतीजों के शव करीब 100 मीटर दूर खेत में पड़े मिले। मृतकों की पहचान पुरा सिकरौदा निवासी विष्णु कुशवाहा (22) और उसके दो भतीजे शनि (10) तथा मानव (8) के रूप में हुई।



एक साथ तीन शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने भी मौका देखा एवं घटना की जानकारी ली। पुलिस को आशंका है कि बच्चों की हत्या के बाद युवक ने खुदकुशी की होगी, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।



सीओ मनोहर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मामले का जल्द खुलासा करने की बात कही।



बहन के ससुराल से बच्चों को लेकर निकला था युवक

विष्णु कुशवाहा मंगलवार को मां और दोनों भतीजों के साथ अपनी बहन के ससुराल आक का पुरा गया था। मंगलवार शाम को विष्णु बाइक पर दोनों बच्चों को लेकर वहां से निकला, लेकिन फिर तीनों का पता नहीं चला। परिजन रातभर तलाशते रहे, लेकिन सुराग नहीं मिला।



बुधवार सुबह पुरा सिकरौदा गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों के पास विष्णु का शव बबूल के पेड़ के पास मिला जबकि भतीजे शनि और मानव के शव करीब 100 मीटर दूर खेत में पड़े थे। ग्रामीणों ने शव देखे और पुलिस को सूचना दी।




शवों को कब्जे में लेने के दौरान ग्रामीणों ने जताया विरोध

घटना की सूचना मिलने पर सीओ मनोहर सिंह और कंचनपुर थाना प्रभारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौके पर एकत्रित हो गए। शवों को कब्जे में लेने की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने विरोध जताया और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की।



इसके बाद पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच तथा कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।




हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि विष्णु ने अपने भतीजों की हत्या की और इसके बाद आत्महत्या (Suicide)कर ली। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की। घटनास्थल से पुलिस को दो रस्सियां भी मिली हैं। एफएसएल टीम ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है।




घटनास्थल के पास चिप्स और बीयर की केन मिली

पुलिस को घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर खेत में चिप्स के पैकेट और बीयर की एक केन भी मिली है। इन वस्तुओं का घटना से क्या संबंध है, यह जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं दिया है। जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिस्थितियों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।



Tags:
  • धौलपुर
  • विष्णु कुशवाहा
  • कंचनपुर थाना
  • ग्रामीणों ने जताया विरोध
  • आत्महत्या की आशंका
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट
  • Dholpur
  • Suicide