छात्र नेता शुभम रेवाड़ के घर आधी रात पहुंची पुलिस, राज्यपाल के दौरे से पहले क्यों एक्शन?

Saurabh Mishra | Aug 16, 2026, 11:26 IST
शुभम रेवाड़
डीडवाना में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के दौरे से एक दिन पहले पुलिस ने छात्र नेता शुभम रेवाड़ के घर आधी रात दबिश दी। शुभम ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया।

    समझें क्या है पूरा मामला

    • डीडवाना में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के दौरे से एक दिन पहले पुलिस हरकत में आई।
    • पुलिस की टीम 15 अगस्त की आधी रात छात्र नेता शुभम रेवाड़ के घर पहुंची।
    • शुभम ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
    • शुभम ने वीडियो शेयर कर पुलिस कार्रवाई पर कई सवाल उठाए हैं।
    • शुभम ने राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने को लेकर अनशन किया था।

    राजस्थान के डीडवाना शहर में 16 अगस्त, रविवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागडे का प्रस्तावित दौरा था। इससे ठीक एक दिन पहले पुलिस-प्रशासन की एक कार्रवाई को लेकर हड़कंप मच गया। राज्यपाल बागड़े के कार्यक्रम में विरोध-प्रदर्शन की आशंका जताई जा रही थी।



    इसी आशंका के चलते पुलिस टीम 15 अगस्त की रात करीब 12 बजे छात्र नेता शुभम रेवाड़ के घर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाने ले जाने की कोशिश की। शुभम ने खुद इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।



    छात्र नेता शुभम रेवाड़ के घर आधी रात पुलिस पहुंची

    छात्र नेता शुभम रेवाड़ ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होते ही यह मामला चर्चा का विषय बन गया। शुभम ने पुलिस और राजस्थान सरकार की कार्रवाई पर कड़े सवाल उठाए।



    उनका कहना है कि पुलिस को सिर्फ यह आशंका थी कि वे राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के कार्यक्रम में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करा सकते हैं। इसी आशंका के आधार पर बिना किसी लिखित आदेश के उनके घर पुलिस भेज दी गई।



    शुभम ने पुलिस की दबिश का वीडियो शेयर किया

    शुभम रेवाड़ ने वीडियो संदेश में पुलिस-प्रशासनिक कार्रवाई पर कई सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि क्या सिर्फ शांतिपूर्ण विरोध की आशंका पर आधी रात किसी नागरिक को हिरासत में लेने की कोशिश करना सही।



    उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना संवैधानिक अधिकार है। जब तक कोई गैर-कानूनी गतिविधि न हो, तब तक ऐसा दबाव बनाना उचित नहीं। शुभम ने साफ कहा कि पुलिस के डर से युवाओं की आवाज नहीं दबेगी। उन्होंने कहा कि छात्र हितों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।



    शुभम पहले भी कर चुके हैं अनशन

    शुभम रेवाड़ पिछले दिनों राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे थे। उन्होंने राजस्थानी भाषा विभाग की स्थापना की मांग भी उठाई थी। यह अनशन 15 दिनों तक बेमियादी अन्न-जल त्याग के रूप में चला था।



    जयपुर के एसएमएस अस्पताल में जिला कलेक्टर संदेश नायक के प्रशासनिक आश्वासन के बाद उन्होंने अनशन खत्म किया था। हालांकि उन्होंने साफ कहा था कि छात्रसंघ चुनाव की तारीख घोषित न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना था कि सिर्फ कमेटी बनाने से बात नहीं बनेगी, सरकार को स्पष्ट तारीख बतानी होगी।



    राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के दौरे को लेकर प्रशासन मुस्तैद

    डीडवाना शहर में 16 अगस्त 2026 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण समारोह हो रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे शामिल हो रहे हैं।



    इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा, राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसी वीआईपी मूवमेंट के चलते स्थानीय पुलिस प्रशासन मुस्तैद है और एहतियाती कदम उठा रहा है।



    FAQ

    1. डीडवाना में छात्र नेता शुभम रेवाड़ के घर पुलिस क्यों पहुंची?
      राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के कार्यक्रम में विरोध-प्रदर्शन की आशंका के चलते पुलिस उनके घर पहुंची। यह घटना 15 अगस्त की आधी रात हुई।
    2. शुभम रेवाड़ पहले किस मांग को लेकर अनशन पर थे?
      वे राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर अनशन पर थे। उन्होंने राजस्थानी भाषा विभाग की स्थापना की मांग भी की थी। 15 दिन बाद प्रशासनिक आश्वासन पर अनशन खत्म हुआ था।
    3. डीडवाना में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े का कार्यक्रम किस मौके पर है?
      16 अगस्त 2026 को डीडवाना में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण हो रहा है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे इसमें मुख्य अतिथि हैं।

    यह खबरें भी पढ़ें... 48 घंटे बाद शुभम रेवाड़ ने पिया पानी, छात्रसंघ चुनाव को लेकर अनशन पर है छात्र राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े का इंदिरा गांधी पर हमला, संविधान के बहाने उठाए सवाल तीज की सवारी में दिखी राजस्थान की संस्कृति, कच्छी घोड़ी और फड़ गायन ने बांधा समा राजस्थान में प्रसूता संकट गहराया, नागौर और डीडवाना में भी दो मौतें

    Tags:
    • राजस्थान
    • हरिभाऊ बागड़े
    • डीडवाना
    • छात्र नेता शुभम रेवाड़