जिला प्रमुख चुनाव से पहले BJP-कांग्रेस को अपनों से खतरा, कई जिलों में अलग-अलग बाड़ेबंदी

Ashish Bhardwaj | Published:
जिला प्रमुख चुनाव से पहले भाजपा-कांग्रेस को अपनों से खतरा, एक ही पार्टी के नेता अलग-अलग बाड़ों में
Ahead of the Zila Pramukh (district chief) elections, both the BJP and Congress face threats from within their own ranks, with leaders from the same party ending up in opposing camps.
राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान की कुर्सी को लेकर असली लड़ाई शुरू हो गई है। 25 नवंबर को 37 जिलों में जिला प्रमुख चुने जाएंगे। लेकिन चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस की परेशानी विरोधी पार्टी से ज्यादा अपने नेताओं ने बढ़ा दी है।

दोनों दलों में दावेदारों की संख्या बढ़ रही है। स्थानीय विधायक, पूर्व विधायक और संगठन के नेता अपने-अपने पसंदीदा नाम आगे बढ़ा रहे हैं। नतीजा यह है कि कई जगह एक ही पार्टी के सदस्य अलग-अलग बाड़ेबंदियों में रखे गए हैं।



सीकर में 36 सदस्य, फिर भी तीन अलग-अलग खेमे

सीकर जिला परिषद में कांग्रेस ने 49 में से 36 सीटें जीती हैं। इसके बावजूद जिला प्रमुख के नाम पर पार्टी में सहमति नहीं बन पाई है। कांग्रेस के निर्वाचित सदस्य तीन अलग-अलग बाड़ेबंदियों में ठहराए गए हैं। एक खेमा जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला के नाम का समर्थन कर रहा है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से चंदा धायल और संजू कुमावत के नाम सामने आए हैं।



चुनाव से ठीक एक दिन पहले भी उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला नहीं हो पाया था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने कहा है कि पार्टी में सहमति बन जाएगी और सभी सदस्य संगठन के फैसले को मानेंगे। दूसरी ओर भाजपा भी कांग्रेस को वॉकओवर देने के मूड में नहीं है। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ ने कहा कि पार्टी जिला प्रमुख पद के लिए उम्मीदवार उतारेगी।



बीकानेर में बहुमत के बावजूद कांग्रेस में खींचतान

बीकानेर में कांग्रेस ने 41 में से 30 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इसके बावजूद जिला प्रमुख के नाम को लेकर पार्टी के भीतर विवाद है। पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल का खेमा अपनी पसंद के उम्मीदवार को आगे बढ़ा रहा है, जबकि दूसरा खेमा पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय रामेश्वर डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी के समर्थन में है। सरिता चौहान का नाम भी दावेदारों में शामिल है।



इस खींचतान के बीच वार्ड-9 से निर्वाचित मैना देवी को लेकर विवाद भी सामने आया। उनके पति ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने मैना देवी को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। मामला पुलिस तक पहुंचा और तीन कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज हुई। इस घटनाक्रम ने पार्टी के भीतर चल रहे विवाद को और बढ़ा दिया। पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव के लिए भी अलग-अलग बाड़ेबंदी की खबरें हैं।



जयपुर समेत कई जिलों में नामों पर घमासान

जयपुर में भी कांग्रेस के सामने जिला प्रमुख का उम्मीदवार तय करना आसान नहीं है। स्थानीय नेताओं और प्रदेश नेतृत्व के बीच नामों को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। बाड़ेबंदी संभाल रहे विधायक और वरिष्ठ नेता अपने पसंदीदा या परिजनों के नाम आगे बढ़ा रहे हैं। प्रदेश स्तर पर अलग नामों को प्राथमिकता देने की बात सामने आई है।



जोधपुर, पाली, अजमेर, बाड़मेर, सवाई माधोपुर और जैसलमेर में भी दावेदारों की संख्या ज्यादा बताई जा रही है। कांग्रेस के भीतर कई जगह गुटीय और पारिवारिक दावेदारी सामने आई है। पार्टी के सामने चुनौती यह है कि बहुमत मिलने के बाद भी सदस्य एक नाम पर सहमत नहीं हो पा रहे हैं।



बाड़मेर में बेंगलुरु से लौटे 21 सदस्य

बाड़मेर जिला परिषद में कांग्रेस ने 37 में से 21 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। पार्टी ने अपने सभी 21 निर्वाचित सदस्यों को बेंगलुरु में रखा था। सोमवार को सदस्य बाड़मेर लौटे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें जीत के प्रमाण पत्र दिए और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद सदस्य फिर एक अज्ञात स्थान के लिए रवाना हो गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा ने दावा किया कि 25 नवंबर को पार्टी का ही जिला प्रमुख बनेगा।




आठ जिलों में निर्दलीय बन सकते हैं किंगमेकर

37 जिला परिषदों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस को 23 और भाजपा को 5 जिलों में स्पष्ट बहुमत मिला है। नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को बहुमत मिला है। वहीं, बालोतरा, बांसवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, डीग, डूंगरपुर, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। इन जिलों में निर्दलीय और छोटे दलों के सदस्य निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।



बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और सलूंबर में भाजपा और भारत आदिवासी पार्टी के बीच संभावित राजनीतिक समीकरणों की चर्चा है। हालांकि, दोनों दलों के बीच किसी गठबंधन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा ने भी उन जिलों में संख्या जुटाने की कोशिश तेज की है, जहां उसे अपने दम पर बहुमत नहीं मिला।




25 नवंबर को खुलेगा सियासी पत्तों का राज

जिला प्रमुख चुनाव के लिए 25 नवंबर को सुबह 10 बजे जिला परिषदों में बैठक होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन, 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच और दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी होगी। दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख और 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान चुने जाएंगे।



पंचायती राज संस्थाओं के इन चुनावों में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होने के कारण क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक जोड़तोड़ की संभावना बनी रहती है। यही वजह है कि पार्टियां अपने सदस्यों को एकजुट रखने में जुटी हैं। अब देखना होगा कि किस दल की बाड़ेबंदी मजबूत रहती है और किसके सदस्य आखिरी समय में सियासी गणित बदल देते हैं।



Tags:
  • राजस्थान पंचायत चुनाव
  • जिला प्रमुख चुनाव
  • जिला प्रमुख चुनाव 25 नवंबर
  • भाजपा कांग्रेस बाड़ेबंदी
  • सीकर जिला प्रमुख
  • बीकानेर जिला प्रमुख
  • बाड़मेर जिला परिषद
  • Rajasthan Zila Pramukh election
  • Zila Pramukh election 25 November