ACB जांच की निष्पक्षता पर डोटासरा उठाए सवाल, कहा- सीनियर IAS के खिलाफ कैसे होगी जांच?

Jageshwar Prasad | Oct 31, 2026, 18:03 IST
डोटासरा का बड़ा आरोप, IAS शिखर अग्रवाल को जांच में क्लीन चिट देने की तैयारी
जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने आईएएस शिखर अग्रवाल के 40 विला खरीद मामले को लेकर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तीखा हमला बोला। डोटासरा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में इतने बड़े और अहम पद पर तैनात अधिकारी पर गंभीर वित्तीय आरोप लगने के बावजूद मुख्यमंत्री चुप्पी साधे हुए हैं।

उन्होंने दावा किया, "मेरी बात लिखकर रख लेना, इस एसीबी जांच में शिखर अग्रवाल को पूरी तरह निर्दोष साबित किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री भाषणों में कहेंगे कि हमने जांच करवाई, एपीओ (APO) किया, लेकिन कुछ नहीं निकला। सरकार कांग्रेस पर आरोप लगाकर खुद को ईमानदार साबित करने का नाटक कर रही है।"




ACB जांच की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

डोटासरा ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए। उन्होंने कहा कि केवल प्राथमिक जांच (PE) दर्ज करना और अधिकारी को एपीओ कर देना ही काफी नहीं है। एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) स्तर का अधिकारी अपने से इतने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के खिलाफ भला किस तरह निष्पक्ष जांच कर पाएगा?



उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ पर भी तंज कसा कि उन्हें सुबह व्हाट्सएप पर मैसेज मिलता है कि आज क्या बोलना है। डोटासरा ने आरोप लगाया कि वर्तमान में राजस्थान में कोई भी साधारण काम बिना रिश्वत के नहीं हो रहा है, यहां तक कि भाजपा के कार्यकर्ताओं और मंत्रियों के काम भी बिना लेनदेन के अटके पड़े हैं।




1 नवंबर की दिल्ली रैली: राजस्थान से जुटेंगे 1 लाख कार्यकर्ता

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व में लोकतंत्र और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने जा रही है। इंडिया (INDIA) गठबंधन की रैली पर बोलते हुए डोटासरा ने कहा कि यह रैली देश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगी। इसमें देश भर से 10 लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे।



उन्होंने बताया कि अकेले राजस्थान से 1 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर ली गई है, जिसमें कार्यकर्ताओं के नाम, मोबाइल नंबर और गाड़ियों के नंबर तक दर्ज हैं।




पटेल और इंदिरा को श्रद्धांजलि, तानाशाही पर घेरा

प्रेस वार्ता के दौरान डोटासरा ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर दोनों महान नेताओं को नमन किया। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और निर्माण में उनके योगदान को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र की एनडीए (NDA) सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में गरीबों को और गरीब तथा चुनिंदा उद्योगपतियों को अमीर बनाया जा रहा है।



पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और हर किसी को अपनी बात रखने का हक है; टिकट वितरण स्थानीय पदाधिकारियों की राय और सांगठनिक प्रक्रिया के तहत ही हुआ है।




FAQs

  1. डोटासरा ने राजस्थान एसीबी जांच पर क्या सवाल उठाए हैं?
    डोटासरा ने एसीबी की जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि केवल प्राथमिक जांच दर्ज करना और अधिकारी को एपीओ करना पर्याप्त नहीं है, और यह भी कि एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) स्तर का अधिकारी इतनी वरिष्ठता के आईएएस अधिकारी के खिलाफ निष्पक्ष जांच कैसे कर सकता है।
  2. 1 नवंबर की दिल्ली रैली में राजस्थान से कितने कार्यकर्ता शामिल होने का दावा किया जा रहा है?
    1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में राजस्थान से 1 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी का दावा किया जा रहा है।
  3. डोटासरा ने केंद्र सरकार के खिलाफ क्या आरोप लगाए हैं?
    डोटासरा ने केंद्र की NDA सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार गरीबों को और गरीब बनाकर चुनिंदा उद्योगपतियों को अमीर बना रही है।
Tags:
  • गोविंद सिंह डोटासरा
  • शिखर अग्रवाल
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
  • एपीओ
  • APO
  • भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो
  • ACB
  • 1 नवंबर की दिल्ली रैली
  • राहुल गांधी
  • Rahul Gandhi