वार्ड बॉय से बना डॉक्टर और करने लगा सोनोग्राफी, राजस्थान SOG ने पकड़ा फर्जी मेडिकल डिग्री गैंग

Jageshwar Prasad | Published:
राजस्थान पुलिस की एसओजी (SOG) ने फर्जी मेडिकल डिग्री बनाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया।
The Rajasthan Police's SOG (Special Operations Group) has busted a major inter-state gang that was creating fake medical degrees.
राजस्थान SOG ने फर्जी मेडिकल डिग्रियां तैयार कर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। SOG ने फर्जी डॉक्टर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि करौली जिले का एक 11वीं पास युवक करीब 19.50 लाख रुपए खर्च कर फर्जी डॉक्टर बन गया।

यह गिरोह लाखों रुपए लेकर MBBS, MD (गायनेकोलॉजी) और DMRD जैसी गंभीर मेडिकल डिग्रियां उपलब्ध कराता था। इतना ही नहीं, गिरोह के सदस्य इन फर्जी डिग्रियों को संबंधित विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करवाकर मेडिकल काउंसिल से वैध रजिस्ट्रेशन भी दिलवा देते थे।



राजस्थान मेडिकल काउंसिल की शिकायत से खुली परतें

एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने पूरे नेटवर्क की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार ने 6 अक्टूबर 2024 को जयपुर के अशोक नगर थाने में 8 लोगों के खिलाफ गलत तरीके से रजिस्ट्रेशन कराने का मुकदमा दर्ज कराया था।



इस एफआईआर में करौली निवासी रामकिशोर महावर का नाम भी शामिल था। एसओजी ने तफ्तीश करते हुए रामकिशोर को दिल्ली से गिरफ्तार किया। उससे हुई पूछताछ के बाद गिरोह के तीन अन्य सदस्यों- सत्यजीत पाणिग्रही, मनीष मांझी और खुर्रम तौफीक को दबोचा गया।



वार्ड बॉय से कैसे बना दिल्ली के बड़े अस्पतालों का डॉक्टर?

एसओजी की जांच में सामने आया कि 11वीं पास रामकिशोर महावर ने बेहद शातिर तरीके से चिकित्सा जगत में सेंध लगाई:



समय / चरणरामकिशोर महावर की गतिविधियां और फर्जीवाड़ा
2016 से 2022दौसा के एक निजी नर्सिंग होम में काम किया। बाद में बालोतरा और बयाना के निजी अस्पतालों में डॉक्टरों के सहायक के रूप में अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट टाइप करने और सोनोग्राफी से जुड़े काम सीखे।
पहला फर्जीवाड़ायूपी के रामा मेडिकल कॉलेज की MBBS डिग्री की PDF हासिल कर उसमें बदलाव किया। इसके जरिए राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराकर दौसा के खेड़ला स्थित निजी अस्पताल में 15 दिन डॉक्टर बनकर काम किया।
अगस्त 2024 – अप्रैल 2025दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट/वार्ड बॉय के रूप में काम किया। इसी दौरान फेसबुक पर बैकडेट में डिग्री दिलवाने का विज्ञापन देखकर गिरोह के संपर्क में आया।
5.50 लाख में MBBS-MDयूपी के एक व्यक्ति से वॉट्सएप पर संपर्क कर 6.5 लाख के सौदे में साढ़े पांच लाख रुपए जमा कराए। DTDC कोरियर से 12वीं, MBBS और MD गायनेकोलॉजी के प्रमाणपत्र मंगवाए। इसके आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल से रजिस्ट्रेशन संख्या 33624 हासिल की।
जून 2025 में नियुक्तिफर्जी डिग्री और रजिस्ट्रेशन के दम पर नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कॉन्ट्रैक्ट आधार पर जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम शुरू कर दिया।
14 लाख में DMRD डिप्लोमाफेसबुक पर मेडिकल एजुकेशन (नई दिल्ली) विज्ञापन से संपर्क कर 5.50 लाख रुपए में महाराष्ट्र की यूनिवर्सिटी से फर्जी DMRD डिग्री ली और दिल्ली काउंसिल में जुड़वाकर ऑन-कॉल सोनोग्राफी करने लगा। इसके अलावा मिरज सरकारी मेडिकल कॉलेज के नाम से फर्जी DMRD बनवाकर नई दिल्ली के SMS इमेजिंग सेंटर में रजिस्ट्रेशन के लिए 8.50 लाख रुपए दिए।

गिरफ्तार चारों आरोपियों की क्या थी भूमिका?

एसओजी ने देश के अलग-अलग हिस्सों से इस रैकेट के चार प्रमुख किरदारों को गिरफ्तार किया है:



  • रामकिशोर महावर (निवासी करौली): केवल 11वीं पास होने के बावजूद करीब 19.50 लाख रुपए देकर फर्जी डिग्रियां खरीदीं और दिल्ली के अस्पतालों में डॉक्टर व सोनोलॉजिस्ट बनकर मरीजों की जान से खिलवाड़ किया।
  • सत्यजीत पाणिग्रही (निवासी दिगदा, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल): यह गिरोह के लिए ग्राहकों की तलाश करता था और उनसे फर्जी डिग्रियों का सौदा तय करता था। एसओजी ने इसे मुंबई से गिरफ्तार किया है।
  • मनीष मांझी (निवासी किला गेट, ग्वालियर, मध्य प्रदेश): यह तकनीकी रूप से फर्जी मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार करने का काम करता था। इसे ग्वालियर से दबोचा गया है।
  • खुर्रम तौफीक (निवासी भादो, आजमगढ़, उत्तर प्रदेश): BBA पास तौफीक साल 2022 से फेसबुक के जरिए बैकडेट की डिग्रियां बनवा रहा था। वह विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर फर्जी डिग्रियां ऑनलाइन अपलोड करता था। उसी ने रामकिशोर की MBBS, MD और DMRD डिग्रियां वेबसाइट पर अपलोड की थीं। इसे लखनऊ से डिटेन किया गया।

40 से ज्यादा यूनिवर्सिटीज के नाम पर चल रहा था खेल

पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह फेसबुक विज्ञापनों और वॉट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहकों को फंसाता था। इन्होंने 10वीं, 12वीं, BA, B.Ed., BSc, MA, MSc, B.Com., M.Com., MBBS, MD, MS, B.Tech., DMRD और BAMS सहित कई कोर्स की फर्जी डिग्रियां बनाई हैं।



गिरोह ने 40 से ज्यादा विश्वविद्यालयों के नाम का दुरुपयोग किया है। इनमें मैसूर विश्वविद्यालय, आंध्र विश्वविद्यालय, अन्ना विश्वविद्यालय, आचार्य नागार्जुन विश्वविद्यालय, काकतीय विश्वविद्यालय, कानपुर विश्वविद्यालय, मदुरै विश्वविद्यालय, सौराष्ट्र विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, कुवेम्पु विश्वविद्यालय और महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज प्रमुख हैं।




फर्जी डिग्रियों की पहचान के लिए SOG की 6 जरूरी सलाह

एडीजी एसओजी ने अस्पतालों, संस्थानों और काउंसिल को फर्जी डिग्रियों से बचने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं:



  1. किसी भी डिग्री का सत्यापन केवल ऑनलाइन या ईमेल के आधार पर न किया जाए।
  2. ऑनलाइन, ऑफलाइन, रजिस्टर्ड डाक और व्यक्तिगत सत्यापन सहित 3-4 अलग-अलग तरीकों से जांच की जाए।
  3. संबंधित विश्वविद्यालय, बोर्ड और काउंसिल से लिखित सत्यापन अवश्य प्राप्त किया जाए।
  4. रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, प्रवेश वर्ष, परीक्षा वर्ष, कॉलेज कोड और डिग्री सीरियल नंबर की बारीकी से जांच की जाए।
  5. मेडिकल डिग्रियों के मामले में राज्य मेडिकल काउंसिल और नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से भी सत्यापन कराया जाए।
  6. सत्यापन की पूरी प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए।
Tags:
  • राजस्थान एसओजी गिरफ्तारी
  • Fake Medical Degree Gang
  • फर्जी मेडिकल डिग्री गैंग
  • SOG Rajasthan Arrests
  • Fake Doctor Rajasthan
  • फर्जी MBBS डिग्री SOG
  • फर्जी डॉक्टर दिल्ली अस्पताल
  • राजस्थान मेडिकल काउंसिल फर्जी रजिस्ट्रेशन
  • फर्जी DMRD डिग्री सोनोग्राफी
  • फर्जी मेडिकल डिग्री गिरोह राजस्थान