राजस्थान के कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी सौगात: DA-DR बढ़कर 63% हुआ, दिवाली पर मिलेगा बोनस
राजस्थान में 7 लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी और 5 लाख से अधिक पेंशनर्स हैं। सरकार ने पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों का भी महंगाई भत्ता बढ़ाया है। इस फैसले से राज्य सरकार पर करीब 820 करोड़ रुपए का अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।
अब तक कर्मचारियों को 60 फीसदी DA और पेंशनर्स को 60 फीसदी DR मिल रहा था। नई बढ़ोतरी के बाद दोनों की दर 63 फीसदी हो गई है।
1 जुलाई से लागू होगा बढ़ा हुआ DA
राज्य सरकार ने बढ़े हुए महंगाई भत्ते को 1 जुलाई 2026 से लागू करने का फैसला किया है। जुलाई से अक्टूबर तक के चार महीनों का बकाया कर्मचारियों के GPF (सामान्य भविष्य निधि) खातों में जमा होगा।
वहीं, बढ़े हुए DA का नकद भुगतान नवंबर के वेतन के साथ किया जाएगा। पेंशनर्स को 1 जुलाई से बढ़ी हुई महंगाई राहत (DR) का भुगतान नकद किया जाएगा। DA और DR में बढ़ोतरी से चालू वित्त वर्ष में सरकार पर करीब 820 करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा।
6 लाख कर्मचारियों को मिलेगा 7 हजार रुपए तक बोनस
राजस्थान सरकार ने दिवाली पर करीब 6 लाख कर्मचारियों को एडहॉक बोनस देने का फैसला किया है। इसके तहत पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 7 हजार रुपए तक बोनस मिलेगा।
इसका लाभ पे-मैट्रिक्स के लेवल L-12 तक के पात्र कर्मचारियों को दिया जाएगा। सरकार के मुताबिक, बोनस की वजह से चालू वित्त वर्ष में करीब 406 करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा।
बोनस की 75 फीसदी राशि कर्मचारियों को नकद दी जाएगी। वहीं, बाकी 25 फीसदी राशि उनके GPF खातों में जमा की जाएगी।
अप्रैल में 2 फीसदी बढ़ाया था DA
राजस्थान सरकार ने इसी साल अप्रैल में भी कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत दी थी। उस समय महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 2 फीसदी की बढ़ोतरी की गई थी।
अप्रैल में DA और DR की दर 58 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी की गई थी। अब अक्टूबर में 3 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद यह दर 63 फीसदी हो गई है।
राजस्थान में लंबे समय से केंद्र सरकार की घोषणा के कुछ समय बाद राज्य सरकार भी DA बढ़ाती रही है। अप्रैल में भी केंद्र की घोषणा के पांचवें दिन राजस्थान सरकार ने महंगाई भत्ता बढ़ाने का फैसला किया था।
कर्मचारियों को हर महीने 500 से 4500 रुपए तक फायदा
महंगाई भत्ते में 3 फीसदी की बढ़ोतरी से कर्मचारियों और अधिकारियों के वेतन में भी इजाफा होगा। हालांकि, हर कर्मचारी को उसकी बेसिक सैलरी के हिसाब से अलग-अलग फायदा मिलेगा।
राजस्थान में पे-मैट्रिक्स के लेवल L-1 से L-24 तक कर्मचारियों और अधिकारियों के वेतनमान अलग-अलग हैं। ऐसे में DA बढ़ने से कर्मचारियों को हर महीने करीब 500 से 4500 रुपए तक अतिरिक्त राशि मिलने का अनुमान है।