मारवाड़ की राजनीति में हनुमान बेनीवाल की आरएलपी का धमाका, नागौर में पूर्ण बहुमत, डीडवाना-कुचामन में बनी किंगमेकर

Jageshwar Prasad | Published:
नागौर जिला परिषद की 37 में से 19 सीटें जीतकर आरएलपी ने पूर्ण बहुमत पाया है। यहां पहली बार पार्टी का जिला प्रमुख बनना तय हो गया है।
By winning 19 out of the 37 seats in the Nagaur Zila Parishad, the RLP has secured an absolute majority. It is now certain that the party will have its own Zila Pramukh for the first time.
राजस्थान के जिला परिषद चुनाव 2026 के नतीजों ने मारवाड़ की राजनीति में नया अध्याय लिख दिया है। नागौर और डीडवाना-कुचामन जिले में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। नागौर जिला परिषद की कुल 37 सीटों में से आरएलपी ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके साथ ही पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है।

इस ऐतिहासिक जीत के बाद नागौर में पहली बार आरएलपी का जिला प्रमुख बनना तय हो गया है। चुनाव परिणामों ने राज्य के दोनों प्रमुख दलों- कांग्रेस और भाजपा को करारा झटका दिया है। नागौर में कांग्रेस को 11 सीटें मिली हैं। वहीं भाजपा केवल 7 सीटों पर ही सिमट गई है।



एक महीना और मिलता तो 500 से ज्यादा सीटें जीतते: बेनीवाल

चुनाव परिणाम आने के बाद आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। बेनीवाल ने कहा कि अगर उन्हें प्रचार के लिए एक महीना और मिल जाता, तो तस्वीर कुछ और होती। वे 800 सीटों पर उम्मीदवार उतारते और 500 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करते।



उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस साफ हो गई है। बेनीवाल ने इन नतीजों को राजस्थान की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत बताया।उन्होंने कहा कि बिना भारी साधन और संसाधनों के भी जनता ने तीसरी ताकत पर भरोसा जताया है। सर्वसमाज आज आरएलपी को अपनी पहली पसंद बना रहा है। बेनीवाल ने जयपुर के सांगानेर क्षेत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि सांगानेर में भी आरएलपी को बहुमत मिला है।



दोनों जिलों का चुनावी गणित एक नजर में

जिला परिषदकुल सीटेंबहुमत का आंकड़ाआरएलपी (RLP)कांग्रेस (Congress)भाजपा (BJP)
नागौर371919 (बहुमत)1107
डीडवाना-कुचामन351809 (किंगमेकर)1412

डीडवाना-कुचामन में आरएलपी बनी किंगमेकर

नवगठित डीडवाना-कुचामन जिले में भी हनुमान बेनीवाल की पार्टी ने बड़ा खेल कर दिया है। यहां आरएलपी के शानदार प्रदर्शन ने भाजपा और कांग्रेस दोनों के सियासी समीकरण बिगाड़ दिए हैं। जिला परिषद की कुल 35 सीटों में से कांग्रेस ने 14 सीटों पर जीत पाई है। भाजपा के खाते में 12 सीटें गई हैं। वहीं आरएलपी ने 9 सीटों पर कब्जा जमाया है।



कांग्रेस यहां सबसे बड़ी पार्टी बनकर जरूर उभरी है। लेकिन वह बहुमत के जादुई आंकड़े 18 से चार कदम दूर रह गई है। भाजपा भी बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी है।



ऐसे में डीडवाना-कुचामन में जिला प्रमुख की कुर्सी किसके पास जाएगी, इसका फैसला अब आरएलपी के हाथ में है। बिना बेनीवाल के समर्थन के यहां किसी का बोर्ड बनना मुश्किल दिख रहा है।




पंचायत समितियों में भी आरएलपी की मजबूत पकड़

जिला परिषद के साथ-साथ पंचायत समिति चुनावों में भी आरएलपी ने अपनी ताकत दिखाई है। कई ग्रामीण इलाकों में पार्टी ने दोनों बड़े दलों को पीछे छोड़ दिया है।



  • दो समितियों में पूर्ण बहुमत: मकराना और इटावा बामणिया पंचायत समितियों में आरएलपी को स्पष्ट बहुमत मिला है। यहां पार्टी का प्रधान बनना लगभग तय है।
  • पांच समितियों में निर्णायक भूमिका: डीडवाना, कुचामन, परबतसर, नावां और पीलवा पंचायत समितियों में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है। इन पांचों जगहों पर बोर्ड बनाने के लिए आरएलपी की भूमिका सबसे अहम होगी।
  • लाडनूं और मौलासर का हाल: लाडनूं में भाजपा और मौलासर में कांग्रेस का बोर्ड बनने की उम्मीद है। हालांकि, यहां भी बहुमत का आंकड़ा छूने के लिए निर्दलीयों या आरएलपी के साथ की जरूरत पड़ सकती है।

ग्रामीण राजनीति में बदला शक्ति संतुलन

इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि नागौर और आसपास के जिलों में आरएलपी की जड़ें काफी गहरी हो चुकी हैं। ग्राम पंचायत से लेकर जिला परिषद तक पार्टी ने मजबूत कैडर खड़ा किया है। अब सबकी निगाहें डीडवाना-कुचामन के जिला प्रमुख चुनाव पर टिकी हैं कि बेनीवाल किसका साथ देते हैं।



Tags:
  • RLP wins Nagaur District Chief
  • नागौर जिला प्रमुख आरएलपी
  • Rajasthan Panchayat Election Results
  • राजस्थान पंचायत चुनाव परिणाम
  • Hanuman Beniwal's RLP makes gains
  • नागौर RLP जिला परिषद
  • आरएलपी जिला प्रमुख नागौर
  • डीडवाना कुचामन जिला परिषद
  • आरएलपी पूर्ण बहुमत नागौर
  • आरएलपी तीसरी पार्टी राजस्थान