दो कातिलों की लव स्टोरी: हत्या, जेल और शादी के बाद क्या है प्रिया-हनुमान का आगे का प्लान

Purshottam Kumar Joshi | Jan 24, 2026, 13:23 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के अलवर में दो कातिलों की शादी ने पूरे देश का ध्यान खींचा। पहले हत्या, फिर जेल और अब प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद की शादी । क्या है शादी के बाद उनकी जिंदगी का आगे का लक्ष्य, जानिए पूरी कहानी

News In Short

  • हत्या में सजा काट रहे प्रिया सेठी और हनुमान प्रसाद ने वसंत पंचमी पर लिए सात फेरे
  • जयपुर की खुली जेल में परवान चढ़ी दोनों की लव स्टोरी, फिर लिया शादी का फैसला
  • हनुमान के घर होनी थाी शादी, फिर सुरक्षा कारणों से बदल लिया फेरों का स्थान
  • प्रिया ने प्रेमी को मारा था, जबकि हनुमान ने प्रेमिका के 5 परिजनों को मौत के घाट उतारा
  • दोनों को शादी के लिए मिला है 15 दिन का पैरोल, लौट कर फिर जेल में काटेंगे सजा

सुनील जैन@अलवर



News In Detail

हत्या के बाद राजस्थान की जयपुर खुली जेल में सजा काट रहे प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद ने वसंत पंचमी पर शादी रचा ली। दोनों को शादी के लिए 15 दिन की पैरोल मिली थी। उन्होंने कुछ ही रिश्तेदारों के बीच अलवर में एक होटल में सात फेरे लिया। हालांकि, दोनों की शादी अलवर के बड़ौदा मेव में होनी थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्होंने स्थान बदल लिया। सात फेरे लेने के वक्त उन्होंने अब नए तरीके से जिंदगी जीने का संकल्प लिया है।



मां बोली, बेटे को अपराध पर पछतावा

पैरोल के बाद प्रिया सेठ और हनुमान जयपुर की खुली जेल में लौट जाएंगे। शादी के समय दोनेां के रिश्तेदारों ने उन्हें अब अपने अपराधों पर प्रायश्चित कर सामान्य जिंदगी को कहा। इस पर दोनों ने सहमति जताई दी। दूल्हे हनुमान की मां चंद्रकला ने कहा कि बेटे को अपने अपराध का पछतावा है। वे अब अपनी जिंदगी को संवारना चाहते हैं। मां को उम्मीद है कि भविष्य में अच्छे चाल-चलन को देखते हुए बेटा और बहू की सजा माफ हो जाए।



सुरक्षा कारणों से शादी का स्थान बदला

परिवार जनों ने विवाह स्थल के बारे में जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी। बडौदा मेव में हनुमान के घर जब मीडिया के लोगों का जमावड़ा था, तब उसकी मां ने यही बताया था कि वे जयपुर में कहीं सात फेरे ले रहे हैं। हनुमान अपने साथ कुछ रिश्तेदारों को लेकर ही बड़ौदा मेव से रवाना हुआ था। अलवर के होटल में बनाए मंडप में शादी के जोड़े में दोनों को देखकर रिश्तेदार भी खुश दिखे। उनका कहना था कि जिस वक्त वरमाला महोत्सव का कार्यक्रम चल रहा था तो दोनों के चेहरे पर पश्चाताप का भाव नजर आ रहा था।





hanuman prasad


किसी को भी फोटो खींचने की इजाजत नहीं

जिन लोगों को शादी में निमंत्रण दिया गया, उन्हें ना तो फोटो खींचने की अनुमति थी और ना ही किसी से बात करने की इजाजत दी गई। शादी के बाद दुल्हन भी घर नहीं पहुंची। ऐसे में यह पूरी शादी चर्चा का विषय बनी रही। हनुमान की मां चंद्रकला ने बताया कि बच्चे हैं, गलती हो जाती है। उन्हें काफी पछतावा है। वे अब नई जिंदगी शुरू करें। चंद्रकला ने यह भी कहा कि वे हनुमान की शादी से काफी प्रसन्न है। हम चाहते हैं कि वह जेल में सही इंसान बनकर रहे।



hanuman prasad


जेल में मुलाकात, फिर प्यार

पाली की रहने वाली प्रिया सेठ और अलवर में बड़ौदामेव के हनुमान हत्या के अलग-अलग मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात जयपुर की ओपन जेल में ही हुई। पहले प्यार में धोखा मिलने के बाद दोनों ने एक दूसरे के साथ अपना दुख बांटा व दोनों नजदीक आए। धीरे-धीरे मेल-मिलाप प्यार में बदल गया। दोनों खुली जेल में 6 महीने से लिव इन में रह रहे थे। इस दौरान उन्होंने साथ जीने मरने की कसम खाई और शादी करने का फैसला लिया। अदालत से पैरोल मिलने के बाद उनके परिवार की सहमति से हिंदू रीति रिवाज से शादी हो गई।



प्रिया सेठ ने प्रेमी को मार डाला था

प्रिया सेठ ने डेटिंग ऐप के जरिए एक युवक को प्रेमजाल में फंसाकर उसकी 2018 में हत्या कर दी थी। पाली से पढ़ने जयपुर आई प्रिया सेठ ने अपने प्रेमी दीक्षांत कामरा का कर्ज उतारने के लिए झोटवाड़ा के दुष्यंत शर्मा को डेटिंग ऐप के जरिए प्रेमजाल में फंसाया। फिर साजिश के तहत उसने दो मई, 2018 को दुष्यंत को मिलने बुलाया। वह उसे अपने बजाज नगर स्थित फ्लैट पर ले गई थी। वहां प्रिया का प्रेमी दीक्षांत व उसका साथी लक्ष्य वालिया पहले से उनका इंतजार कर रहे थे।


तीनों ने दुष्यंत को बंधक बना लिया और उसके पिता से 10 लाख की​ फिरौती मांगी।



पिता ने तीन लाख रुपए दुष्यंत के खाते में जमा करवा दिए। उधर दुष्यंत को छोड़ने पर पकड़े जाने के डर से तीनों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। दुष्यंत की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को क्षत-विक्षत कर दिया और उसकी मृत देह को एक सूटकेस में बंद करके आमेर की पहाड़ियों में फेंक दिया।


मृतक दुष्यंत के पिता की एफआईआर पर आमेर थाना पुलिस ने तीन मई 2018 को दुष्यंत का शव बरामद किया था। 4 मई को पुलिस ने प्रिया,दीक्षांत व लक्ष्य वालिया को गिरफ्तार कर लिया ​था।



प्रिया सेठ की संगत जयपुर में बिगड़ी

पाली जिले की रहने वाली प्रिया सेठ एक पढ़े लिखे व शिक्षित परिवार से थी। उसके दादा प्रिसिंपल रहे थे जबकि पिता कॉलेज लैक्चरर थे और उसकी माताजी सरकारी स्कूल में टीचर रही थी। दसवीं और बाहरवीं कक्षा में अच्छे अंक लाने के आधार पर माता-पिता ने उसे आगे की पढ़ाई के लिए जयपुर भेजा था।


जयपुर में प्रिया अपने एक रिश्तेदार के घर पर रहकर पढ़ रही थी। लेकिन वह गलत संगत में पड़ गई और एक पेईंग गेस्ट हाउस में रहने लगी थी। महंगे शौक पूरा करने के लिए उसने युवकों को अपने जाल में फांसना शुरु किया था और बाकायदा एक वेबसाईट बनाकर रुपए ऐंठने लगी थी।



प्रेमी के संग रहने लगी

इसी दौरान प्रिया की दोस्ती श्रीगंगानगर निवासी व मुंबई में मॉडलिंग करने वाले दीक्षांत कामरा से हो गई और दोनों जयपुर में लिव-इन में रहने लगे थे। मृतक दुष्यंत की प्रिया सेठ से एक डेटिंग-एप के जरिए मुलाकात की थी और उसने स्वयं को दिल्ली का रहने वाला बताया था। प्रिया के सामने उसने स्वयं को करोड़पति बताया था। इससे प्रभावित होकर प्रिया ने उससे बड़ी रकम ऐंठने की योजना बनाई थी। उसने अपनी योजना में कर्ज में डूबे अपने प्रेमी दीक्षांत और उसके दोस्त को भी शामिल ​कर लिया था । अंतत: तीनों ने दुष्यंत की हत्या कर दी थी। जयपुर की कोर्ट ने 24 मई,2024 को प्रिया सेठ, दीक्षांत और लक्ष्य वालिया को हत्या का दोषी मानकर आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया था। लक्ष्य वालिया के पिता का देहांत हो चुका है और वह अपनी मां की एकलौती संतान है।



हनुमान ने मारा था प्रेमिका के परिवार को

दूल्हा बने हनुमान प्रसाद ने 2 अक्टूबर 2017 की रात अलवर के शिवाजी पार्क में ताइक्वांडो प्लेयर संतोष शर्मा के पति बनवारी लाल और उसके चार बच्चों की हत्या की थी। नींद की गोलियों से बेहोश कर चाकू से गला रेत दिया था। हत्या करने के बाद बड़ौदा मेव के रहने वाला हनुमान ट्रेन के माध्यम से उदयपुर भाग गया था उस वक्त वह फिजिकल टीचर की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसको दो दिन बाद गिरफ्तार कर लिया था।



उस वक्त जांच में सामने आया था कि संतोष और हनुमान के बीच अफेयर था। यहां सबसे बड़ी बात यह है कि संतोष उस वक्त हनुमान से 10 साल बड़ी थी और दोनों ही ताइक्वांडो जानते थे और तभी उसी के संपर्क में आई थी। उस वक्त प्रेम इतना परवान चढ़ा की दोनों ने शादी करने का मन भी बना लिया था और संतोष अपने पति और बच्चों को ठिकाने लगाने के लिए हनुमान को तैयार किया था।



एमपी, सीजी और राजस्थान में बदला मौसम, कहीं घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट, तो कहीं शुष्क रहेगा मौसम



Tags:
  • प्रिया सेठ
  • शादी
  • पैरोल
  • अलवर
  • पाली
  • हनुमान प्रसाद
  • जयपुर खुली जेल
  • वरमाला महोत्सव