फैमिली कोर्ट की बदहाली पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार पर 50 हजार रुपए की कॉस्ट
यह आदेश मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल की खंडपीठ ने जागो जनता सोसायटी की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। यह याचिका वर्ष 2011 से लंबित है। अदालत ने सरकार की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक जरूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराना गंभीर लापरवाही है।
2019 में मांगा था सुविधाओं का पूरा ब्योरा
हाईकोर्ट ने 29 अगस्त 2019 को राज्य सरकार को फैमिली कोर्ट की सुविधाओं को लेकर विस्तृत जानकारी पेश करने के निर्देश दिए थे। अदालत ने पूछा था कि प्रदेश के पारिवारिक न्यायालयों में कोर्ट रूम, वकीलों के चैंबर, पक्षकारों और वकीलों के लिए कैंटीन, शौचालय और रिकॉर्ड रूम की क्या व्यवस्था है।
इसके अलावा बार रूम, फोटोस्टेट सुविधा और पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की जानकारी भी मांगी गई थी। अदालत ने सभी जिलों के फैमिली कोर्ट का तुलनात्मक विवरण तैयार कर सारणी के रूप में पेश करने को कहा था। इसके लिए सरकार को छह सप्ताह का समय दिया गया था।
लेकिन सात साल के करीब समय बीतने के बाद भी सरकार इन निर्देशों की संतोषजनक पालना रिपोर्ट पेश नहीं कर पाई। अदालत की नाराजगी की बड़ी वजह यही रही।
अब मुख्य सचिव को देना होगा जवाब
हाईकोर्ट ने इस बार मामले की जवाबदेही सीधे मुख्य सचिव तक पहुंचाई है। अदालत ने उन पर व्यक्तिगत जुर्माना लगाने के बजाय राजस्थान सरकार पर 50 हजार रुपए की कॉस्ट लगाई है और मुख्य सचिव को शपथ पत्र पेश करने के निर्देश दिए हैं।
अब सरकार को अदालत को बताना होगा कि प्रदेश के पारिवारिक न्यायालयों में सुविधाओं की वास्तविक स्थिति क्या है। 2019 में दिए गए निर्देशों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई और किन अदालतों में कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
यह मामला केवल कोर्ट भवनों तक सीमित नहीं है। फैमिली कोर्ट में तलाक, भरण-पोषण, बच्चों की कस्टडी और वैवाहिक विवादों से जुड़े मामले आते हैं। इन मामलों में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को कई बार बार-बार अदालत आना पड़ता है। ऐसे में बैठने की जगह, पानी, शौचालय और अन्य सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है।
जयपुर में नया भवन अधूरा, सुविधाओं के लिए जूझ रहे लोग
जयपुर के पारिवारिक न्यायालयों की स्थिति भी इस समस्या की तस्वीर सामने रखती है। यहां नए फैमिली कोर्ट भवन का निर्माण लंबे समय से चल रहा है। सितंबर 2026 में फैमिली कोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल से मुलाकात कर निर्माण में देरी का मुद्दा उठाया था।
बार एसोसिएशन के मुताबिक, नए भवन के दो बेसमेंट और दो फ्लोर बन चुके हैं, लेकिन फिनिशिंग का काम बाकी है। निर्माण एजेंसियों के बीच काम पूरा नहीं होने से परियोजना अटकी हुई है। इससे पहले मार्च 2023 में भवन निर्माण के बजट और बैठने की व्यवस्था को लेकर भी वकीलों ने वित्त विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की थी।
पीने का पानी और शौचालय तक की परेशानी
अप्रैल 2026 में फैमिली कोर्ट बार एसोसिएशन ने हाईकोर्ट की बिल्डिंग कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस पीएस भाटी के सामने भी समस्याएं रखी थीं। वकीलों ने बताया था कि परिसर में पीने के पानी और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाओं की कमी है। इससे रोजाना आने वाले पक्षकारों और वकीलों को परेशानी होती है।
बार एसोसिएशन ने निर्माण में बाधा बन रहे एक अवैध कमरे को हटाने और वकीलों के चैंबर बनाने की मांग भी उठाई थी। जस्टिस भाटी ने अधिकारियों को निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने और जरूरी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।
अब देखना होगा कि सरकार कब देती है जवाब
हाईकोर्ट की इस कार्रवाई के बाद राज्य सरकार पर फैमिली कोर्ट की सुविधाओं का पूरा ब्योरा पेश करने का दबाव बढ़ गया है। अब मुख्य सचिव के शपथ पत्र से यह साफ होगा कि प्रदेश के किन न्यायालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं और कहां सुधार की जरूरत है।
सवाल सिर्फ भवन बनाने का नहीं, बल्कि उन लोगों को सम्मानजनक माहौल देने का है जो अपने पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए अदालत पहुंचते हैं। अब देखना होगा कि 15 साल से लंबित जनहित याचिका में सरकार की ओर से अगला कदम क्या होता है।