नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा भीषण अग्नि कांड, 4 लोग जिंदा जले, 2 लापता
News In Short
- नीमराना में अवैध कबाड़ गोदाम में बीड़ी से लगी आग में चार लोग जिंदा जले।
- मरने वालों में दो बच्चियों और एक महिला शामिल, जबकि दो लोग हैं लापता ।
- आग का कारण गोदाम में रखे ज्वलनशील केमिकल को बताया जा रहा है ।
- दमकलकर्मियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू।
- गोदाम कृषि भूमि पर अवैध रूप से चलाया जा रहा था।
News In Detail
नीमराना औद्योगिक क्षेत्र के मोहलड़िया-बिचपुरी रोड पर स्थित कृषि भूमि में चल रहे एक अवैध कबाड़ गोदाम में शुक्रवार शाम को एक भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत बीड़ी से हुई जो कई लोगों की मौत का कारण बनी। इस हादसे में दो बच्चियों सहित चार लोग जिंदा जलकर मारे गए। और एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। दो लोग अभी भी लापता हैं। सभी मृतक झारखंड के बताए जा रहे हैं, और उनकी पहचान डीएनए टेस्ट से की जाएगी।
हादसे का कारण क्या था?
हादसे के समय गोदाम में मजदूर परफ्यूम की शीशियां तोड़ रहे थे। इससे निकला स्पिरिट जैसे ज्वलनशील केमिकल का फर्श पर फैलाव हो गया। इस बीच, कबाड़ लाने आए पिकअप ड्राइवर ने बीड़ी जलाकर माचिस की तीली फेंक दी, जिससे केमिकल में आग लग गई। आसपास पड़ा प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील कबाड़ जलने लगा, और देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
घटनास्थल पर स्थिति
आग लगते ही लगभग सात लोग, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे, मौके से भागने लगे। हालांकि, दो बच्चियां और एक महिला गोदाम के पिछले हिस्से में जाकर छिप गईं, यह सोचकर कि वहां आग नहीं पहुंचेगी। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि टीनशेड के पिलर पिघलकर गिर गए, और नीचे पड़ा प्लास्टिक वेस्ट जलने लगा। इसके कारण वे लोग बाहर नहीं निकल पाए।
बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही नीमराना, सोतानाला, कोटपूतली-बहरोड़ और आसपास के क्षेत्रों से दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे गए। लगभग 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान गोदाम में रखे केमिकल भरे ड्रमों में धमाके भी हुए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला झारखंड के रांची की बताई जा रही है और उसकी हालत गंभीर है।
कृषि भूमि पर बना अवैध गोदाम
कबाड़ गोदाम कृषि भूमि पर बना था। जिसे करण सिंह नाम के व्यक्ति ने किराए पर ले रखा था। यह घटना स्थानीय प्रशासन ऐसे अवैध निर्माणों पर कड़ी कार्रवाई कर रहा है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
ये भी पढे़:-
IPL मैच के टिकटों को लेकर तोड़फोड़, राजस्थान रॉयल्स के फाड़े पोस्टर, पुलिस ने युवाओं पर चलाई लाठियां
राघव चड्ढा पर बोले गहलोत- पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगाओ, फिर भाजपा में आते ही केस खत्म
जयपाल हत्याकांड में कोर्ट का फैसला, पूर्व विधायक के भाई सहित 9 दोषी करार, 2 आरोपी बरी