राजस्थान में तीन अस्पतालों पर आयकर विभाग की रेड, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच
समझें क्या है पूरा मामला
- राजस्थान में तीन अस्पतालों पर आयकर विभाग की रेड
- पार्क ग्रुप के तीन अस्पतालों पर आयकर की कार्रवाई
- जयपुर, सीकर और बहरोड़ के अस्पतालों में छापेमारी
- राजस्थान में अस्पतालों पर आयकर विभाग का छापा
- अस्पतालों में आयकर विभाग की छापेमारी
राजस्थान में सोमवार सुबह आयकर विभाग की टीमों ने तीन अस्पतालों पर छापेमारी की। टीमें सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच अस्पतालों में पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान अस्पतालों के वित्तीय लेन-देन, टैक्स भुगतान और दूसरे रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। टीमों ने अस्पताल स्टाफ से भी पूछताछ की है।
आयकर विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पार्क ग्रुप के जयपुर, सीकर और बहरोड़ स्थित एक-एक अस्पताल पर कार्रवाई की गई। जयपुर में मानसरोवर स्थित अमर मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर में भी टीम पहुंची। कार्रवाई के लिए पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया गया था।
अस्पतालों के दस्तावेज खंगाल रही टीमें
अस्पतालों में पहुंची आयकर विभाग की टीमें कार्यालयों में मौजूद दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड, बिलिंग की जानकारी और बैंक खातों के विवरण खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही कंप्यूटर, सर्वर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद डिजिटल डेटा की भी जांच की जा रही है।
टीम अस्पताल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान स्टाफ को रिकॉर्ड और कंप्यूटर से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल कार्रवाई जारी है। विभाग की ओर से जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
झुंझुनूं के अस्पताल में भी कार्रवाई
झुंझुनूं में चूरू रोड स्थित आरआर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। यहां 15 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों के आने की जानकारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान अस्पताल के मुख्य गेट पर पुलिसकर्मी तैनात रहे।
अस्पताल में लगे कंप्यूटरों की जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद स्टाफ को कंप्यूटर नहीं छूने की हिदायत दी गई है। टीम अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
वित्तीय रिकॉर्ड की जांच जारी
अस्पतालों के वित्तीय लेन-देन, कर भुगतान और सरकारी योजनाओं के तहत किए गए दावों से संबंधित रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन बिंदुओं पर जांच के निष्कर्ष अभी सामने नहीं आए हैं।
आयकर विभाग की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं। फिलहाल विभाग की टीमें अस्पतालों में रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच में जुटी हैं।