इजरायली महिला पर्यटक से अभद्रता, वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने चार युवकों को पकड़ा

Jageshwar prasad | Sept 29, 2026, 15:12 IST
kishangarh-israeli-tourist-misbehaviour-arrest
इजरायल की एक महिला पर्यटक के साथ किशनगढ़ में मार्बल डंपिंग यार्ड में अभद्रता का मामला सामने आया है। मामले के वीडियो के वायरल होते ही पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तकनीकी सहायता से उनकी पहचान कर उन्हें पकड़ा गया। इसके अलावा, अजमेर में विदेशी पर्यटकों के प्रति असम्मान के दो और वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस ने कहा कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
  • इजरायली पर्यटक से अभद्रता का वीडियो वायरल।
  • पुलिस ने चार युवकों को किया गिरफ्तार।
  • किशनगढ़ के मार्बल डंपिंग यार्ड की घटना।
  • अजमेर में विदेशी पर्यटकों से बदसलूकी के दो वीडियो।
  • पुलिस बोली, बदसलूकी बर्दाश्त नहीं।

अजमेर। किशनगढ़ के मार्बल डंपिंग यार्ड में इजरायल की महिला पर्यटक के साथ अभद्रता और अश्लील बातें करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अजमेर पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खुद मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।



पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान के लिए तकनीकी मदद ली। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई गई। पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग जगह दबिश देकर चारों को पकड़ लिया।




गिरफ्तार युवकों की पहचान मोहम्मद फुरखान (25), मोहम्मद अनीस (21), फरहान (24) और अख्तर अली (22) के रूप में हुई है। इनमें फुरखान और अनीस सराणा रोड, किशनगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि फरहान और अख्तर अली रामनेर रोड, किशनगढ़ के निवासी बताए गए हैं।



पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में कुछ युवक विदेशी महिला पर्यटक के साथ आपत्तिजनक और अश्लील बातें करते नजर आ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए चारों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। घटना को लेकर अलग से मामला दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।




अजमेर में विदेशी पर्यटकों से बदसलूकी के दो वीडियो

इस बीच अजमेर जिले में विदेशी पर्यटकों से बदसलूकी से जुड़े दो अलग-अलग वीडियो सामने आने की जानकारी भी सामने आई है। पहला वीडियो किशनगढ़ के डंपिंग यार्ड का है, जिसमें इजरायली महिला पर्यटक के साथ अभद्रता की गई। दूसरा वीडियो अजमेर के अजयसर स्थित अजयपाल क्षेत्र का बताया जा रहा है। इसमें भी कुछ युवक विदेशी पर्यटकों के वीडियो बनाते और उन्हें परेशान करते नजर आए।



अजयपाल वाले मामले में फिलहाल विदेशी पर्यटकों की ओर से पुलिस में शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों घटनाओं को अलग-अलग माना जा रहा है।




पर्यटकों के बीच खास पहचान बना चुका है डंपिंग यार्ड

किशनगढ़ का मार्बल डंपिंग यार्ड अपनी सफेद मार्बल की पहाड़ियों के कारण काफी मशहूर है। सोशल मीडिया पर इसे कई बार 'मिनी स्विट्जरलैंड' और 'व्हाइट लैंड' जैसे नामों से भी प्रचारित किया जाता है। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग घूमने और फोटोशूट के लिए पहुंचते हैं। विदेशी पर्यटक भी यहां आते हैं।




ऐसे में विदेशी महिला के साथ अभद्रता का वीडियो सामने आने के बाद पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। खासकर अजमेर-पुष्कर में विदेशी पर्यटकों की बड़ी संख्या को देखते हुए ऐसी घटनाएं पुलिस और प्रशासन के लिए चिंता का विषय हैं।



पुलिस का कहना है कि विदेशी पर्यटकों के साथ बदसलूकी या महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



Tags:
  • इजराइल की एक महिला पर्यटक
  • किशनगढ़ मार्बल डंपिंग यार्ड
  • वीडियो ऑनलाइन वायरल
  • विदेशी यात्रियों के साथ भद्रता
  • राजस्थान