IPL में बड़े ट्रेड की सुगबुगाहट: हार्दिक पांड्या की राजस्थान रॉयल्स में एंट्री की चर्चा, क्या मुंबई जाएंगे जायसवाल?
हार्दिक को लेकर राजस्थान के अलावा पंजाब किंग्स की भी दिलचस्पी बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब किंग्स हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने के लिए मुंबई इंडियंस के साथ बातचीत कर रही है। राजस्थान रॉयल्स भी इस दौड़ में है और उसने मुंबई के सामने यशस्वी जायसवाल समेत कुछ खिलाड़ियों के नाम रखे हैं। यानी हार्दिक के लिए राजस्थान और पंजाब के बीच मुकाबला हो सकता है। अंतिम फैसला मुंबई इंडियंस की प्राथमिकताओं और फ्रेंचाइजी के बीच सहमति पर निर्भर करेगा।
संजू सैमसन के बाद फिर बड़े ट्रेड की तैयारी
राजस्थान रॉयल्स पिछले सीजन भी IPL के बड़े ट्रेड का हिस्सा रही थी। टीम के पूर्व कप्तान संजू सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए थे। इस सौदे में राजस्थान को रविंद्र जडेजा और सैम करन मिले थे। अब हार्दिक पंड्या को लेकर चल रही चर्चाओं ने एक बार फिर राजस्थान की रणनीति को सुर्खियों में ला दिया है।
यशस्वी जायसवाल राजस्थान के प्रमुख बल्लेबाज हैं। पिछले कुछ सीजन में उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को कई अच्छी शुरुआत दी हैं। ऐसे में उन्हें ट्रेड करना राजस्थान के लिए आसान फैसला नहीं होगा। यशस्वी का राजस्थान के साथ करार कम से कम एक और सीजन के लिए है। अक्टूबर में आई रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई और राजस्थान के बीच यशस्वी-हार्दिक को लेकर शुरुआती बातचीत हुई थी, लेकिन वह आगे नहीं बढ़ सकी थी।
हार्दिक से टीम को क्या फायदा होगा?
हार्दिक पंड्या बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने वाले अनुभवी ऑलराउंडर हैं। वह मध्यक्रम में तेजी से रन बना सकते हैं और जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं। राजस्थान के लिए उनका आना टीम का संतुलन मजबूत कर सकता है।
हार्दिक 2024 में गुजरात टाइटंस से ट्रेड होकर मुंबई इंडियंस में आए थे। इसके बाद उन्हें रोहित शर्मा की जगह टीम की कप्तानी सौंपी गई। लेकिन मुंबई का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। 2026 सीजन में मुंबई इंडियंस 10 टीमों की अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। इसके बाद हार्दिक की कप्तानी और टीम में उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई।
हालांकि, हार्दिक का ट्रेड केवल उनके प्रदर्शन का मामला नहीं है। राजस्थान ने रियान पराग को कप्तानी की जिम्मेदारी दी है। ऐसे में हार्दिक को टीम में शामिल करने पर नेतृत्व की भूमिका भी बड़ा सवाल होगी। क्या वह खिलाड़ी के तौर पर आएंगे या टीम की कप्तानी को लेकर भी कोई बदलाव होगा, यह अभी साफ नहीं है।
यशस्वी को छोड़ना राजस्थान के लिए आसान नहीं
यशस्वी को लेकर राजस्थान के भीतर अलग-अलग राय होने की अटकलें हैं। कुछ रिपोर्टों में उनके कप्तानी की उम्मीद और टीम में भूमिका को लेकर चर्चा की गई है। लेकिन फ्रेंचाइजी की ओर से ऐसी किसी नाराजगी या टीम छोड़ने की इच्छा की पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के हवाले से यह भी कहा जा रहा है कि राजस्थान के नए मालिक लक्ष्मी निवास मित्तल यशस्वी को टीम में बनाए रखने के पक्ष में हैं। इसी वजह से यह चर्चा भी है कि अगर हार्दिक के लिए कोई ट्रेड होता है तो राजस्थान यशस्वी की जगह किसी दूसरे खिलाड़ी, यहां तक कि जोफ्रा आर्चर, को सौदे में शामिल करने का विकल्प देख सकती है। फिलहाल इन विकल्पों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
17 नवंबर तक तय होगी टीम की तस्वीर
IPL 2027 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज करने की अंतिम तारीख 17 नवंबर तय की गई है। BCCI ने पहले तय 15 नवंबर की समयसीमा को दो दिन बढ़ाया है। इसके बाद टीमें अपनी रणनीति के अनुसार खिलाड़ियों की सूची तैयार करेंगी।
राजस्थान के सामने इस समय दो बड़े सवाल हैं। पहला, क्या टीम हार्दिक जैसे अनुभवी ऑलराउंडर को अपने साथ जोड़ पाएगी? दूसरा, क्या इसके लिए उसे यशस्वी जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज को छोड़ना पड़ेगा? पंजाब किंग्स की दावेदारी ने इस ट्रेड को और दिलचस्प बना दिया है। लेकिन जब तक दोनों फ्रेंचाइजी या IPL की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक हार्दिक और यशस्वी के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं को अटकलों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।