IPS केके बिश्नोई ने दहेज में लिया एक रुपये का शगुन, विदाई में मां के गले लग रोई आईपीएस अंशिका वर्मा
News In Short
- आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा ने जोधपुर में शादी की।
- शादी में ससुराल वालों से एक रुपए के शगुन से दहेज विरोधी संदेश दिया।
- आईपीएस अंशिका अपनी मां के गले लग कर विदाई के समय रोती हुई दिखी।
- विवाह के दौरान केके बिश्नोई ने घुटनों पर बैठकर अंशिका को वरमाला पहनाई।
- शादी के बाद यह आईपीएस जोड़ी जोधपुर में रिसेप्शन दे रहे हैं।
News In Detail
यूपी के चर्चित आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई और बरेली एसपी अंशिका वर्मा रविवार रात शादी के बंधन में बंध गए। इस शादी की रस्में पूरी रात चलीं और अगले दिन सोमवार को अंशिका की विदाई जोधपुर के अजीत भवन से हुई। विदाई के समय अंशिका अपनी मां और बहन से गले मिलकर रो पड़ीं।
दहेज में लिया एक रुपया
केके बिश्नोई के भाई भजनलाल ने बताया कि उनका परिवार दहेज़ के खिलाफ है। उन्होंने शादी में सिर्फ एक रुपए का शगुन लिया। पूरी शादी एक रुपए के शगुन के साथ संपन्न हुई है।
उनका कहना था कि उनका परिवार दहेज के खिलाफ है इसलिए हमने कोई भी दान-दक्षिणा नहीं ली है। हमें सिर्फ बेटी ही चाहिए थी। वही सब कुछ है।।
पारंपरिक राजस्थानी लुक में शादी की रस्में
आईपीएस अंशिका वर्मा विदाई से पहले परंपरागत विश्नोई दुल्हन के लुक में नजर आई। उन्होंने राजपूताना लहंगा और पारंपरिक आभूषण पहने हुए थे। वहीं, आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई भी पारंपरिक जोधपुरी सूट पहने नजर आए। उन्होंने क्रीम कलर की शेरवानी पहनी, सिर पर साफा बांधा और हाथ में तलवार ली हुई थी।
परंपरागत तरीके से किया अभिनन्दन
रविवार रात को जब अंशिका वरमाला पहनाने के लिए आगे बढ़ीं तो केके बिश्नोई पहले पीछे हटे और फिर घुटनों पर बैठकर माला पहनी। इस दौरान बैकग्राउंड में कैलाश खेर का प्रसिद्ध गाना ओ री सखी मंगल गाओ री बज रहा था। इस खूबसूरत पल के बाद दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर सभी का अभिवादन किया और फिर स्टेज पर फोटो शूट कराया।
जोधपुर में रिसेप्शन और गृह प्रवेश
सोमवार को जोधपुर में केके बिश्नोई और IPS अंशिका वर्मा का रिसेप्शन आयोजित किया जा रहा है। रिसेप्शन के बाद दोनों बाड़मेर जाएंगे, जहां धोरीमन्ना में विश्नोई के घर पर अंशिका का प्रवेश राजस्थानी रीति-रिवाज से होगा।
बारात की शानदार यात्रा
केके बिश्नोई बारात में काफी उत्साहित नजर आए। विश्नोई पहले रेंज रोवर कार से कुछ दूर गए। उसके बाद घोड़ी पर सवार हुए। इस दौरान बाराती जमकर डांस करते हुए चल रहे थे। बिश्नोई के पिता सुजाना राम बिश्नोई ने भी बारातियों का उत्साह बढ़ाया। बाद में द्वारचार की रस्म पूरी हुई।
बाड़मेर से जोधपुर की यात्रा
बाड़मेर से जोधपुर की यात्रा के दौरान IPS कृष्ण कुमार बिश्नोई शेरवानी पहनकर सज-धज कर बाहर निकले। रास्ते में ढोल-नगाड़ों की धुन पर महिलाएं डांस करती रही। इसके बाद बारात जोधपुर के लिए रवाना हुई, जहां शादी की मुख्य रस्में पूरी हुईं। इस शादी का थिम 'कृष्णांशिका' रखा गया था, जो विशेष रूप से शादी को यादगार बनाने के लिए चुना गया।
शादी के फोटो यहां देखें
ये भी पढे़:-
पिंक सिटी में 'गुलाबी हाथी' का बवाल, विदेशी आर्टिस्ट की क्रिएटिविटी या बेजुबान पर क्रूरता?
श्वेतांबरी और विक्रम भट्ट के बैंक खाते फिर होंगे चालू, कोर्ट ने धोखाधड़ी के मामले में ये दिए आदेश
उदयपुर फाइल्स: एआई वीडियो के आरोपों पर चार्जशीट ने बढ़ाई उलझन, नहीं मिला कोई जिक्र