विष्णु से पूछताछ में खुलेगा जगन की हत्या का राज, बहन पर फब्बतियां थी वजह?
समझें क्या है पूरा मामला
- जगन गुर्जर हत्याकांड आरोपी विष्णु जाट प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार।
- अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से बख्तरबंद वाहन में लाया गया विष्णु।
- क्या बहन को लेकर गंदी फब्बतियां कसता था जगन? होगा खुलासा।
- पुलिस ने कोर्ट से लिया वारंट, सीओ बोले- जरूरत पड़ी तो मांगेंगे रिमांड।
- सोशल मीडिया पर धमकियां, जगन के समर्थक बोले- विष्णु को मारेंगे।
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात पूर्व डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट हासिल किया।
शुक्रवार को थाना प्रभारी शंभू सिंह वारंट लेकर हाई सिक्योरिटी जेल पहुंचे। बख्तरबंद वाहन और हथियारबंद जेल कर्मियों की कड़ी सुरक्षा में आरोपी विष्णु जाट को थाने लाया गया। फिलहाल उसे लॉकअप में रखकर पूछताछ की जा रही है।
तीन बड़े सवालों के जवाब खोजेगी पुलिस
अजमेर नॉर्थ के CO (Circle Officer) शिवम शर्मा ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विष्णु सिंह से पूछताछ की जाएगी। तीन मुख्य सवाल अहम हैं - विष्णु ने जगन गुर्जर की हत्या की योजना कब और कैसे बनाई? हत्या का असली कारण क्या था? और क्या हत्या में कोई अन्य सहयोगी भी शामिल था?
प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि जगन गुर्जर विष्णु सिंह की बहन को लेकर गंदी फब्बतियां कसता था। पूछताछ में इसकी पुष्टि होगी। यदि अनुसंधान में जरूरत पड़ी तो कोर्ट से पुलिस रिमांड भी मांगा जाएगा।
सोशल मीडिया पर धमकियां वायरल
जगन गुर्जर की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर कई धमकी भरे वीडियो वायरल हो रहे हैं। बलजीत गुर्जर के नाम से चल रहे एक अकाउंट पर युवक ने विष्णु सिंह को जान से मारने की धमकी दी है। इसके अलावा जगन को न्याय दिलाने के नाम पर दिल्ली हाईवे जाम करने की धमकियां भी दी जा रही हैं।
CO शिवम शर्मा ने बताया कि विष्णु सिंह हाई सिक्योरिटी का कैदी है। उसे जेल नियमों के अनुसार सुरक्षा दी जाती है। पुलिस के सामने अभी तक विष्णु को जान से मारने की कोई सीधी धमकी नहीं आई है। लेकिन पुलिस इन वायरल वीडियो पर भी नजर रख रही है।
ये भी पढ़ें:-
जगन गुर्जर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा- गला दो बार दबाया गया
कौन है विष्णु जाट, जिसने डकैत जगन गुर्जर को अजमेर जेल में मार डाला
चाचा की भी हो सकती है हत्या, जगन गुर्जर के बेटे ने उठाए सवाल, मांगी CBI जांच
जगन गुर्जर हत्याकांड पर हाई कोर्ट सख्त, सरकार से मांगी रिपोर्ट