12 दिन में दूसरी बार मिली धमकी, मेल में लिखा - राजीव गांधी हत्याकांड की तरह उड़ा देंगे विधानसभा
News In Short
- जयपुर में विधानसभा को एक बार फिर बम धमकी मिली।
- धमकी में राजीव गांधी हत्याकांड जैसा हमला करने की बात कही गई।
- पुलिस ने विधानसभा की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं।
- 12 दिन में दूसरी बार विधानसभा को उड़ाने की धमकी मिली।
- धमकी भरे ईमेल की बाढ़, अब तक कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ।
News In Detail
Jaipur: राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली इमारत राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। शुक्रवार सुबह एक ईमेल ने पुलिस महकमे से लेकर सरकार तक हड़कंप मचा दिया। मेल में न सिर्फ धमाके की बात थी, बल्कि राजीव गांधी हत्याकांड जैसा आत्मघाती हमला दोहराने की सीधी धमकी दी गई थी। पिछले 12 दिन में यह दूसरा मौका है जब लोकतंत्र के इस मजबूत स्तम्भ को उड़ाने की धमकी मिली है।
ठीक 1 बजे होगा आत्मघाती हमला
शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक संदेश लैंड हुआ। मेल में लिखा था कि राजस्थान विधानसभा में ठीक 1 बजे आत्मघाती हमला होगा। दो हमलावर बेल्ट बम पहनकर आएंगे और वैसा ही धमाका करेंगे, जैसा राजीव गांधी की हत्या में हुआ था। इस मैसेज के मिलते ही ज्योति नगर थाना पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां एक्शन मोड में आ गईं थी। फिलहाल सब सामान्य है।
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता तैनात
धमकी की गंभीरता को देखते हुए ज्योति नगर थानाधिकारी संतरा मीणा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल विधानसभा पहुंचा। डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल टीम ने विधानसभा के हर कमरे, गैलरी और गार्डन की गहनता से तलाशी ली। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सिविल डिफेंस को भी मुस्तैद रखा गया। घंटों चली मशक्कत के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
13 अप्रैल को भी मिली थी धमकी
यह पहली बार नहीं है जब धमकी मिली हो। ठीक 12 दिन पहले 13 अप्रैल को भी ऐसा ही एक ईमेल मिला था। जयपुर में पिछले कुछ समय से धमकी भरे ईमेल की बाढ़ सी आ गई है हाईकोर्ट, सीएमओ (CMO), सवाई मानसिंह स्टेडियम, पासपोर्ट ऑफिस और कई नामचीन स्थानों को उड़ने की धमकी मिल चुकी है।
विडंबना यह है कि अब तक एक भी मामले में कोई आरोपी गिरफ्त में नहीं आया है। शातिर बदमाश प्रॉक्सी सर्वर और वीपीएन (VPN) का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना साइबर एक्सपर्ट्स के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है।
ये भी पढ़ें:-
वाइस चांसलर की गाड़ी का घेराव, छात्र बोले- मैडम, आप तो ये RSS वाली ड्रेस ही ले लो!
सरकार नहीं बचा पा रही देवी-देवताओं की जमीनें, बड़े संकट में है ओरण भूमि, जानिए पूरा मामला
चार बार विधायक रहे नवनीत लाल निनामा ने दुनिया से कहा अलविदा, 87 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
जब 694 CC का वाहन ढोएगा 2 टन कचरे का पहाड़, सरकार के निर्णय पर उठे सवाल