जयपुर: न्यू सांगानेर रोड के अवैध निर्माणों पर चल रहा बुलडोजर, विधायक बोले- जेडीए ने गलत मार्किंग की
जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA – Jaipur Development Authority) न्यू सांगानेर रोड पर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे तक करीब 3 किलोमीटर एरिया में अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। करीब 260 मकान-दुकानों को चिह्नित किया गया है।
आज गुर्जर की थड़ी चौराहे से लजीज रेस्टोरेंट तक एक किमी एरिया में दो दर्जन से ज्यादा अवैध निर्माण पर बुलडोजर चल रहा है। सड़क सीमा में आ रहे रैम्प, फुटपाथ, सीढ़ियां और बाउंड्री वॉल को तोड़ा गया है।
सड़क की चौड़ाई घट गई थी
यह सड़क 100 फीट चौड़ी है। लेकिन काफी जगह अवैध निर्माण की वजह से इसकी चौड़ाई 40 से 60 फीट तक ही रह गई है। राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस पूरी सड़क को 100 फीट करने की तैयारी की जा रही है।
जेडीए को 6 अक्टूबर को कोर्ट में कार्रवाई की पालना रिपोर्ट पेश करनी है। ऐसे में निर्धारित समय सीमा से पहले अवैध निर्माण हटाकर रिपोर्ट तैयार करने की कवायद की जा रही है। यही वजह है कि कार्रवाई में तेजी लाई गई है।
ट्रैफिक किया डायवर्ट
बड़ी संख्या में पुलिस का जाब्ता मौके पर तैनात है। गुर्जर की थड़ी से न्यू सांगानेर रोड पर संजीवनी हॉस्पिटल की तरफ रास्ता बंद किया गया है। ट्रैफिक भी डायवर्ट किया है।
जो अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं, उन्हें जेडीए की ओर से पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं। इस बीच व्यापारियों ने अपने स्तर पर ही अवैध निर्माण हटाने और दुकानें खाली करने की शुरुआत कर दी थी।
व्यापारियों ने किया विरोध
कार्रवाई के विरोध में मौके पर व्यापारी जुट गए। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के समय इस तरह की कार्रवाई से उनके कारोबार पर असर पड़ेगा। इस कार्रवाई से दुकानों और रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो सकता है।
व्यापारियों ने मांग की है कि सरकार और प्रशासन को कम से कम त्योहार के समय राहत देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अचानक कार्रवाई से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कहां चल रही कार्रवाई
न्यू सांगानेर रोड पर गुर्जर की थड़ी चौराहे के नजदीक और विवेक विहार मेट्रो स्टेशन से ठीक पहले जेडीए की टीम ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दौरान एक दर्जन से ज्यादा जेसीबी मौजूद हैं। करीब एक किलोमीटर में सड़क सीमा के दायरे में आ रहे दो दर्जन से ज्यादा अवैध निर्माण को तोड़ा जा रहा है। फिलहाल सड़क सीमा में आ रहे फुटपाथ और बाउंड्री वॉल को हटाया जा रहा है।
विधायक ने क्या कहा?
सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा (Gopal Sharma) भी समर्थकों के साथ मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि आज गुर्जर की थड़ी से न्यू सांगानेर रोड पर लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में सड़क सीमा पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज किसी भी बड़े निर्माण को नहीं तोड़ा जाएगा। सिर्फ सड़क सीमा से ही अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेडीए के अधिकारियों ने गलत तरीके की मार्किंग की है, जिसे लेकर काफी विवाद है।
शर्मा ने कहा कि उन्होंने जनता की आपत्ति मुख्यमंत्री और यूडीएच मंत्री तक भी पहुंचाई है। उन्होंने ही जेडीसी को ठीक ढंग से कार्रवाई की निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जेडीए के अधिकारी पहले अवैध निर्माण करवाते हैं और बाद में उस निर्माण को तोड़ते हैं, यह बिल्कुल भी ठीक नहीं है।
मुआवजे की मांग
विधायक ने कहा कि यहां जनता पिछले कई सालों से रह रही है। ऐसे में जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिलता, उनका निर्माण नहीं तोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को पहले बसाने की व्यवस्था करनी चाहिए।
क्यों अहम है यह मामला?
न्यू सांगानेर रोड पर सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। राजस्थान हाई कोर्ट के निर्देशों की पालना के लिए जेडीए अब चिह्नित निर्माणों को हटाने की तैयारी में है।
प्रवर्तन दस्ते की कार्रवाई में आने वाले निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाने पर फोकस रहेगा। 6 अक्टूबर को कोर्ट में पालना रिपोर्ट पेश करनी है। इसलिए जेडीए के लिए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।