जयपुर में CJP के प्रदर्शन में अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारे, एक युवक हिरासत में

Ashish Bhardwaj | Jun 15, 2026, 17:47 IST
Photograph: (the sootr)
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके को सोमवार को जयपुर में प्रदर्शन के दौरान 2 युवकों ने थप्पड़ मारे। इस पर समर्थकों ने हमलावरों की धुनाई कर दी। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया।

समझें क्या है पूरा मामला

  • जयपुर में शहीद स्मारक पर सोमवार को CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) का प्रदर्शन।
  • प्रदर्शन की अगुवाई फाउंडर अभिजीत दीपके ने की, विषय NEET पेपर लीक और बेरोजगारी।
  • प्रदर्शन के दौरान 2 युवकों ने अभिजीत दीपके के पास आकर उन्हें थप्पड़ मार दिए।
  • बाद में पार्टी समर्थकों ने दोनों हमलावर युवकों को पकड़कर पीट दिया।
  • जयपुर पुलिस ने हमला करने पर एक युवक को हिरासत में लिया है।

Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार 15 जून को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हंगामा हो गया। प्रदर्शन के दौरान दो युवकों ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के पास आकर उनको थप्पड़ मारे।



दोनों हमलावर युवकों को प्रदर्शनकारियों ने पकड़ लिया। बाद में उनकी जमकर पिटाई की। यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया गया था। जयपुर पुलिस ने हमला करने के मामले में एक युवक को हिरासत में ले लिया।



इस प्रदर्शन की अनुमति को लेकर भी काफी विवाद रहा। जयपुर पुलिस ने पहले इस प्रदर्शन के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया। बाद में विवाद बढ़ने पर अधिकतम 800 लोगों के शामिल होने की शर्त के साथ अनुमति दे दी गई।



यह हुआ घटनाक्रम

जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे। अभिजीत दीपके की अगुवाई में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही थी।



इसी दौरान कुछ युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर विवाद हो गया। तभी 2 युवकों ने अभिजीत दीपके को थप्पड़ मार दिए।



इसके बाद पार्टी के समर्थकों ने दोनों हमलावरों को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर एक युवक को हिरासत में लिया।



कौन है थप्पड़ मारने वाला युवक

थप्पड़ मारने वाले का नाम राकेश गुर्जर है। युवक ने पुलिस के पकडे़ जाने पर खुद को जयपुर का निवासी बताया। युवक ने कहा कि मैं राष्ट्रवादी हूं। मेरा किसी भी पार्टी से कोई सम्बंध नही है।



उसने चीखते हुए मीडिया से कहा- अभिजीत दीपके जिहादी मानसिकता वाला है। वह बिना बात के देश को बरगला रहा है। पेपर लीक तो बस बहाना है।



धरना स्थल पर मोबाइल चोरी

धरना स्थल पर कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायतें मिलीं। इसके बाद मंच से लोगों को अपने मोबाइल और सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई। भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया।



पोस्टर और तिरंगा लेकर आए युवा

प्रदर्शन में शामिल युवा मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है और पेपर लीक बंद करो जैसे नारे लिखे पोस्टर और तिरंगा लेकर पहुंचे।



कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक के गेट पर कॉकरोच की तस्वीर बनाई और धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो का नारा लिखा।





CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यह केवल किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि देश के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की लड़ाई है।



क्या मांगें थीं प्रदर्शनकारियों की

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा थी। NEET (National Eligibility cum Entrance Test) पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और भर्ती परीक्षाओं में अव्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई गई।



प्रवक्ता रांका ने कहा कि पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। यह लड़ाई शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की है।



ये खबर भी पढे़:-

जयपुर में CJP को मिली परमिशन, आज होगा विरोध-प्रदर्शन, आ सकेंगे 800 लोग



झीलों में डी-सिल्टिंग पर विवाद, कांग्रेस ने लगाए 80 करोड़ के घोटाले के आरोप



इस्लामपुर का नाम बदलने पर छिड़ा विवाद, पूर्व मंत्री सड़क पर लेटे



NCR प्लान 2041 मंजूरी के लिए तैयार, सं​रक्षित क्षेत्रों की मैपिंग अब भी बाकी



Tags:
  • NEET
  • पेपर लीक
  • धर्मेंद्र प्रधान
  • कॉकरोच जनता पार्टी
  • CJP
  • अभिजीत दीपके