दीपके पर हमला करने वाले पांचों आरोपी जमानत पर रिहा, माला पहनाकर हुआ स्वागत
समझें क्या है पूरा मामला
- CJP संस्थापक अभिजीत दीपके पर हमले के पांच आरोपियों को जमानत मिली।
- सभी को 20-20 हजार के बांड पर 6-6 महीने के लिए पाबंद किया गया है।
- आरोपियों में निकेत नाम का युवक स्वयं CJP का कार्यकर्ता है।
- जमानत पर छूटने के बाद साथियों ने आरोपियों का माला पहनाकर स्वागत किया।
- अभिजीत दीपके ने इस हमले के लिए RSS पर आरोप लगाया है।
राजस्थान के जयपुर में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके पर हमला करने वाले 5 आरोपियों को जमानत मिली। 20-20 हजार का बॉन्ड, 6 महीने पाबंदी। एक आरोपी खुद CJP कार्यकर्ता। दीपके ने RSS पर लगाया आरोप।
जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार को CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके पर हमला हुआ। पुलिस ने पांच आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। मंगलवार को विधायपुरी थाने से 20-20 हजार रुपए के बॉन्ड पर सभी को जमानत मिल गई।
जमानत के साथ सभी को 6-6 महीने के लिए पाबंद भी किया गया है। रिहा होने पर आरोपियों के साथियों ने उन्हें माला पहनाकर और नारेबाजी के साथ स्वागत किया। इस पूरे मामले में एक चौंकाने वाला पहलू यह भी है कि पांच आरोपियों में से एक निकेत खुद CJP का कार्यकर्ता है।
कौन हैं पांचों आरोपी?
DCP (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि पांचों आरोपियों में तीन जयपुर जिले के, एक सीकर और एक जोधपुर का है।
राकेश गुर्जर (30 वर्ष) जयपुर के बगरू का रहने वाला है और दूदू के एक प्राइवेट कॉलेज से MBA कर रहा है।
रोहित शर्मा (25 वर्ष) जयपुर के कानोता का है और बस्सी के प्राइवेट कॉलेज से MBA की पढ़ाई कर रहा है।
अजय शर्मा (25 वर्ष) भी कानोता का है। आर्ट्स से ग्रेजुएट है और फिलहाल बेरोजगार है।
निकेत (28 वर्ष) जोधपुर के प्रभात नगर का है और कॉम्पिटिशन परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।
कुलदीप सिंह (27 वर्ष) सीकर के देवराला का है। आर्ट्स से ग्रेजुएट है और बेरोजगार है।
एक आरोपी खुद CJP का कार्यकर्ता
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पांच आरोपियों में से जोधपुर निवासी निकेत खुद CJP का कार्यकर्ता है। वह प्रदर्शन में CJP के कार्यकर्ता के रूप में ही शामिल हुआ था। झगड़े के दौरान उसने मारपीट की।
राकेश, रोहित, अजय और कुलदीप, ये चारों दोस्त हैं और प्रदर्शन देखने आए थे। वहां विचारधारा से असहमति के कारण विवाद हो गया।
थाने से निकले, माला पहनाकर हुआ स्वागत
विधायपुरी थाने से रिहा होने पर इन आरोपियों के साथियों ने उन्हें माला पहनाई। सभी नारेबाजी करते हुए बाहर निकले। आरोपियों के साथी अर्जुन ने कहा कि उनकी कोई प्लानिंग नहीं थी। वे सिर्फ प्रदर्शन देखने आए थे।
वहां हिंदुत्व को बांटने और जातिवाद फैलाने की बातें हो रही थीं इसलिए दिमाग खराब हो गया। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र का विरोध करता है उसका इलाज करते हैं।
दीपके ने RSS पर लगाया आरोप
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए आरोप लगाया कि हमले में RSS के लोगों का हाथ था। उन्होंने कहा कि जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ बोलता है तो ऐसा ही होता है।
दीपके ने कहा कि प्रदर्शन सफल रहा और बड़ी संख्या में लोग जुटे। उन्होंने हमलावरों को संदेश दिया - एक नहीं, 10 बार थप्पड़ मारिए। हम अपनी तरफ से हाथ नहीं उठाएंगे। हमारा आंदोलन शांतिपूर्ण है।
NEET पीड़ित बच्चों के लिए इस्तीफा मांगा
दीपके ने कहा कि जिस एक करोड़ बच्चों के साथ NEET पेपरलीक में अन्याय हुआ और जिस बच्चे ने इस वजह से जान दी, उसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना ही पड़ेगा। उन्होंने कहा "गेट वेल सून"।यह संदेश उन्होंने हमलावरों और अपने विरोधियों दोनों के लिए दिया।
FAQ
- कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) क्या है और इसकी मांग क्या है?
CJP एक ऑनलाइन स्थापित हुआ राजनीतिक संगठन है जिसके फाउंडर अभिजीत दीपके हैं। यह पार्टी NEET पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के मुद्दों पर प्रदर्शन कर रही है। फिलहाल इसकी मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। - अभिजीत दीपके का अगला कदम क्या है?
दीपके ने 20 जून को दिल्ली में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले उनका आंदोलन नहीं रोक सकते।
ये भी पढ़ें:-
जन्माष्टमी का प्रसाद बेटे तक नहीं पहुंचा, देना होगा कूरियर कंपनी को हर्जाना
पंचायत-निकाय चुनाव: निर्वाचन आयोग बोला-हम तैयार, सरकार ने मांगी कानूनी राय
जयपुर में CJP के प्रदर्शन में अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारे, एक युवक हिरासत में
झीलों में डी-सिल्टिंग पर विवाद, कांग्रेस ने लगाए 80 करोड़ के घोटाले के आरोप