जयपुर की कोचिंग में छात्र की पिटाई के बाद सड़कों पर उतरे स्टूडेंट, जानिए क्या है पूरा विवाद?
समझें क्या है पूरा मामला
- जयपुर कोचिंग में छात्र की पिटाई।
- वीडियो वायरल होते ही सड़कों पर उतरे स्टूडेंट्स।
- पर्ची पर लिखी बात पर भड़का शिक्षक।
- एकेडमी ने शिक्षक को किया निष्कासित।
- छात्र की सार्वजनिक माफी की मांग।
राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित एक कोचिंग सेंटर में बड़ा विवाद हो गया। यहां कलाम एकेडमी (Kalam Academy) में एक छात्र की पिटाई का वीडियो वायरल होने पर लोग भड़क गए। रविवार को कोचिंग के बाहर जमा होकर विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया (Social Media)पर वायरल है। सामने आया है कि यह विवाद एक चिट पर लिखे नोट से शुरू हुआ था।
क्या हुआ था?
कक्षा में एक छात्र ने पर्ची लिखकर शिक्षक को भेजी थी। छात्र प्रदीप मीणा के मुताबिक वह आखिरी बेंच पर बैठा था। वहां एक पर्ची पड़ी हुई थी, जिसे उसने आगे बढ़ा दिया। पर्ची पढ़ने के बाद शिक्षक ने पूछा कि इसे किसने दिया है। छात्र खड़ा हो गया। इसके बाद शिक्षक उसे आगे बुलाया और बिना बातचीत किए पीटना शुरू कर दिया।
पर्ची में लिखा था कि सर, कलाम आपका बलिदान मांगती है। छात्र के मुताबिक इसका मतलब था कि गांधी जी ने जिस तरह देश के लिए बलिदान दिया, उसी तरह आप भी कलाम और स्टूडेंट्स के लिए बलिदान करो। यानी बच्चों पर ज्यादा ध्यान दो। उस दिन गांधी जयंती भी थी, इसलिए यह पर्ची लिखी गई थी।
वीडियो में क्या दिखा?
सोशल मीडिया पर वायरल पहले वीडियो में शिक्षक प्रवीण दान चारण ने छात्र को 16 सेकंड में 7 थप्पड़ मारे। दूसरे वीडियो में उसने छात्र को लात मारकर क्लास से बाहर निकाल दिया। कुछ छात्रों ने यह वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
वहीं छात्रों ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ पहले भी शिकायतें रही हैं। लेकिन उस समय ध्यान नहीं दिया गया। छात्र ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने उसे धमकी दी कि सिरोही में जाकर पूछ लेना, मेरा नाम चलता है। मैं हिस्ट्रीशीटर रहा हूं। मेरे ऊपर सात-सात केस चल चुके हैं।
एकेडमी ने क्या कहा?
जयपुर (Jaipur) की कलाम एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही शिक्षक को तुरंत निष्कासित कर दिया गया है। बच्चे को बुलाया गया, फैकल्टी को भी बुलाया और दोनों के बीच माफीनामा हो चुका है। अब उनका कलाम से कोई नाता नहीं है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक ने सिर्फ 5 महीने पहले जॉइन किया था। अब इंस्टीट्यूट में चाहे सीकर हो या जयपुर, भविष्य में उनके लिए कोई एंट्री नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्र हमारे लिए प्रायोरिटी हैं। ऐसी घटना कभी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एफआईआर को तैयार?
मुकेश कुमार ने कहा कि बच्चे से बातचीत हुई। उन्होंने बच्चे से कहा कि वे जो भी कानूनी कार्रवाई करना चाहते हैं, कलाम परिवार 100 प्रतिशत उनके साथ है। उन्होंने कहा कि हम थाने में बात कर चुके हैं। जब बच्चा आएगा, हम उसके साथ थाने जाएंगे। जैसा वह कहेगा, वैसी कार्रवाई उसकी मौजूदगी में करवाएंगे।
उन्होंने कहा कि एफआईआर में संस्थान भी पार्टी बनेगा। रात में बच्चे से बात हुई थी, सुबह 10 बजे उसे आना था। सुबह 7 बजे से वे संस्थान में उसका इंतजार कर रहे हैं। आने के बाद वे उसके साथ थाने जाएंगे।
छात्र की मांग
छात्र ने साफ कहा कि उसे कोई माफी नहीं मांगी गई है। उसने कहा कि उसे सार्वजनिक रूप से माफी चाहिए। साथ ही उसने कहा कि वह एफआईआर करेगा और टीचर को गिरफ्तार करवाना है।
छात्र के परिजनों ने कहा कि वे पढ़ने के लिए बच्चों को भेजते हैं, मार खाने के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि यह गुरु नहीं, गुंडा है। सार्वजनिक रूप से बच्चे के स्वाभिमान पर चोट आई है। इसलिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और टीचर की गिरफ्तारी होनी चाहिए।
स्टूडेंट्स ने किया प्रदर्शन
वीडियो वायरल होने के बाद रविवार को बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स कोचिंग के बाहर जमा हुए। उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्टूडेंट्स ने छात्र एकता जिंदाबाद के नारे भी लगाए। कोचिंग के अंदर तक आक्रोश की आवाजें सुनाई दे रही थीं। मौके पर काफी संख्या में लोग जमा थे। पुलिस ने स्थिति को संभाला और शांति बनाए रखने की अपील की।