जयपुर की एक कोचिंग में छात्र की पिटाई, शिक्षक ने 16 सेकंड में जड़े 7 थप्पड़, मारपीट का वीडियो वायरल
समझें क्या है पूरा मामला
- जयपुर कोचिंग में छात्र की पिटाई।
- 16 सेकंड में जड़े 7 थप्पड़।
- शिक्षक ने मारी लात, क्लास से निकाला।
- कलाम एकेडमी ने शिक्षक को हटाया।
- कानूनी कार्रवाई पर उठे सवाल।
Jaipur: प्रदेश के नामी कोचिंग संस्थान कलाम एकेडमी (Kalam Academy) की क्लास रूम के दो वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर जमकर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में एक शिक्षक स्टूडेंट को बेरहमी से मारता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कोचिंग संस्थान पर सवाल उठे हैं।
कलाम एकेडमी ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया। मारपीट करते दिखाई दे रहे शिक्षक को तुरंत हटा दिया गया। भले ही कलाम प्रबंधन की ओर से आरोपी शिक्षक को हटा दिया गया। लेकिन कानूनी कार्रवाई को लेकर अब भी सवाल उठ रहे हैं।
दो दिन पहले की है घटना
जयपुर के गोपालपुरा बाईपास पर रिद्धि सिद्धि तिराहे के पास कलाम एकेडमी का सेंटर है। यहां क्लास लगती है। इस सेंटर पर दो दिन पहले जब क्लास चल रही थी, तब एक शिक्षक प्रवीण दान चारण ने भरी क्लास में एक छात्र को पीट दिया।
शिक्षक प्रवीण दान चारण ने छात्र को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। फिर छात्र को पैर से लात मारकर क्लास से बाहर निकाल दिया गया। घटना के दौरान क्लास में बैठे कुछ छात्रों ने शिक्षक की इस हरकत को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। अगले दिन दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए।
16 सेकंड में 7 थप्पड़
सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें पहला वीडियो महज 16 सेकंड का है। इस 16 सेकंड में कलाम एकेडमी के शिक्षक प्रवीण दान चारण ने स्टूडेंट को 7 थप्पड़ मारे। दूसरा वीडियो सिर्फ 13 सेकंड का है।
इस वीडियो में चारण स्टूडेंट को लात मारते हुए क्लास से बाहर निकालता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो बनाने वाले छात्रों ने डर के मारे छिपकर वीडियो बनाए होंगे। कुल कितने थप्पड़ मारे गए, यह तो क्लास रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद ही पता चल सकेगा।
एकेडमी ने निकाला
कोचिंग सेंटर में पढ़ाने वाले शिक्षक प्रवीण दान चारण ने छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की। उसे एकेडमी से बाहर निकाल दिया गया है। इसकी जानकारी एकेडमी की ओर से अपने टेलीग्राम चैनल के जरिए छात्रों में साझा की है।
कलाम एकेडमी की ओर से कहा गया कि विद्यार्थी के साथ ऐसा व्यवहार किसी भी तरीके से स्वीकार नहीं है। आरोपी शिक्षक प्रवीण दान चारण को तुरंत निष्कासित कर दिया गया है। एकेडमी ने इस घटना पर खेद भी जताया है।
एकेडमी का संदेश
एकेडमी ने टेलीग्राम चैनल पर लिखा कि जयपुर सेंटर की एक कक्षा में शिक्षक प्रवीण दान चारण द्वारा एक विद्यार्थी के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आया। किसी भी विद्यार्थी के साथ किया गया ऐसा व्यवहार किसी भी तरीके से स्वीकार्य नहीं हो सकता।
इस घटना ने हमें भी उतना ही व्यथित किया, जितना उस विद्यार्थी और उसके परिवार को। मारपीट की यह घटना उक्त शिक्षक का व्यक्तिगत व्यवहार है। कलाम एकेडमी प्रबंधन इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की कड़े शब्दों में निंदा करता है।
पीड़ित विद्यार्थी के साथ-साथ सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों से उक्त शिक्षक द्वारा किए गए अपमानजनक व्यवहार हेतु क्षमाप्रार्थी है। संस्थान भविष्य में ऐसी किसी भी प्रकार की घटना का दोहराव न होने का आश्वासन देती है। दिन में हुई इस घटना के संज्ञान में आते ही संस्था ने उक्त शिक्षक को तुरंत प्रभाव से उसी समय निष्कासित कर दिया है।
कलाम के लिए विद्यार्थी केवल एक रोल नंबर, एक बैच या एक क्लास का हिस्सा नहीं है। वह हमारे परिवार का सदस्य है। किसी भी विद्यार्थी के सम्मान, गरिमा और आत्मसम्मान से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। गलती चाहे किसी से भी हो, संस्था हमेशा अपने विद्यार्थियों के हित और सम्मान के साथ खड़ी रहेगी।
कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं?
कलाम एकेडमी द्वारा आरोपी शिक्षक प्रवीण दान चारण को निष्कासित करने के बाद भी इन दोनों वीडियोज को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि केवल निष्कासन करके घटना को दबा देना उचित नहीं है।
आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। हालांकि पीड़ित छात्र की ओर से फिलहाल महेश नगर थाने में किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं दी गई है। ऐसे में आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा सकी है।
क्या थी मारपीट की वजह?
दरअसल क्लास रूम में मारपीट की जो घटना हुई, वह महज मजाकिया कमेंट से शुरू हुई थी। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के त्याग और बलिदान की बात हो रही थी।
बताया जा रहा है कि उस समय छात्र ने मजाकिया लहजे में कह दिया था कि सर आप भी बहुत मेहनत कर रहे हो, कलाम परिवार आपका बलिदान मांगता है। इसी बात पर प्रवीण दान चारण गुस्सा हो गया। उसने छात्र को आगे बुलाया और फिर मारपीट कर दी। यह पूरी घटना क्लास के अंदर हुई।
क्यों अहम है यह मामला
यह मामला छात्रों की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार से जुड़ा है। कोचिंग संस्थानों में अनुशासन के नाम पर मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे छात्रों पर मानसिक असर पड़ता है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि शिक्षकों को छात्रों के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए। एकेडमी ने शिक्षक को हटाकर कार्रवाई तो की है। लेकिन पीड़ित परिवार की ओर से शिकायत न होने तक कानूनी कार्रवाई नहीं हो सकती।