जयपुर: BJP विधायक बालमुकुंद आचार्य पर FIR, मुस्लिम परिवार को मकान बेचकर जाने की धमकी देने का आरोप
गलतागेट थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत मोहम्मद याकूब खान ने दर्ज करवाई है। वह जयपुर के ईदगाह क्षेत्र की वन विहार कॉलोनी के निवासी हैं और राजस्थान हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं।
सेशन जज के मकान को लेकर हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक, मोहम्मद याकूब खान के ताऊजी के बेटे मोहम्मद आरिफ न्यायिक अधिकारी हैं। वे सेशन जज कैडर में कार्यरत हैं और फिलहाल जयपुर से बाहर पदस्थापित हैं।
मोहम्मद आरिफ ने 31 जुलाई 2025 को जयपुर के बास बदनपुरा स्थित मीणा कॉलोनी में एक मकान खरीदा था। आरोप है कि 10 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 11:30 बजे विधायक बालमुकुंद आचार्य अपने समर्थकों के साथ उनके घर के बाहर पहुंच गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, विधायक ने मकान मालिक को इलाके से पलायन करने की बात कही। उन्होंने मकान बेचकर दूसरी जगह चले जाने का दबाव बनाया। इस दौरान अभद्र और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल भी किया गया।
चौराहे पर पीटने की दी धमकी
शिकायत में विधायक के कथित बयान का भी जिक्र किया गया है। आरोप है कि उन्होंने कहा, 'नहीं आया क्यों वो चोर, चौराहे पर कूटूंगा आज। वीडियो और बनाऊंगा साले की। कोई बात नहीं मर जाएगा साला। मेरा कहना नहीं मानेगा, उस आदमी का यही हाल होगा।'
शिकायतकर्ता का आरोप है कि विधायक नहीं चाहते कि इलाके में कोई मुस्लिम व्यक्ति मकान खरीदे या अपने मकान की मरम्मत करवाए। इसी वजह से सेशन जज मोहम्मद आरिफ पर भी मकान बेचकर सी-स्कीम या वैशाली नगर जैसे इलाकों में चले जाने का दबाव बनाया गया।
हालांकि, ये सभी बातें फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोप हैं। पुलिस जांच में इनकी पुष्टि होना बाकी है।
विधायक ने बनवाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
शिकायत के अनुसार, घटना के दौरान विधायक की ओर से वीडियो भी बनवाया गया था। बाद में इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। कुछ समय बाद वीडियो हटा लिया गया, लेकिन इसकी क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होती रही।
वीडियो में विधायक की कथित भाषा और मकान मालिक को लेकर दिए गए बयानों पर सवाल उठाए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने इसी घटनाक्रम को आधार बनाकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR
मोहम्मद याकूब खान ने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया।
इसके बाद कोर्ट के आदेश पर गलतागेट थाना पुलिस ने विधायक बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ FIR दर्ज की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में अब पुलिस की जांच अहम होगी। वायरल वीडियो, शिकायत में लगाए गए आरोप और घटना के समय मौजूद लोगों के बयान जांच का हिस्सा बन सकते हैं।