जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर JDA का बुलडोजर एक्शन, 80 से ज्यादा मकान-दुकानों पर कार्रवाई

Ashish Bhardwaj | Published:
जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर JDA ने 80 से ज्यादा मकान-दुकानों से अवैध निर्माण हटाया
JDA removed illegal construction from more than 80 houses and shops on New Sanganer Road in Jaipur.
राजधानी जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर बुधवार सुबह एक बार फिर बुलडोजर गरजने लगा। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने अतिक्रमण हटाने के अभियान के दूसरे चरण में 80 से ज्यादा मकान और दुकानों को कार्रवाई के दायरे में लिया है। राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद गुर्जर की थड़ी से सोडाला की ओर करीब 800 मीटर क्षेत्र में कार्रवाई की जा रही है।

बुधवार सुबह JDA की टीमें मेट्रो पिलर नंबर 84 के पास पहुंचीं। यहां से सोडाला की तरफ पिलर नंबर 107-108 के आसपास तक सड़क सीमा में आने वाले निर्माण हटाए जा रहे हैं। दुकानों के बाहर बने रैंप, सीढ़ियां, रेलिंग, टिनशेड, बाउंड्री वॉल और भवनों के अगले हिस्से तोड़े जा रहे हैं। विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के पास होटल लजीज के सामने का हिस्सा भी कार्रवाई की जद में आया।



मौके पर JDA की पांच टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी व्यवस्था संभाल रही है, ताकि कार्रवाई के दौरान सड़क पर जाम और किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।



व्यापारियों का विरोध, परिवार ने किया कार्रवाई रोकने का प्रयास

कार्रवाई के दौरान स्थानीय व्यापारियों और मकान मालिकों की नाराजगी भी सामने आई। कुछ लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। एक तीन मंजिला मकान पर कार्रवाई की तैयारी के दौरान पूरा परिवार JDA की टीम और पुलिस के सामने खड़ा हो गया। परिवार ने अधिकारियों से कार्रवाई रोकने की अपील की।



इस दौरान कुछ महिलाएं भावुक हो गईं। एक महिला ने रोते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर की कमाई लगाकर मकान बनाया है और अब प्रशासन उसे तोड़ रहा है। व्यापारियों का कहना था कि उन्हें खुद निर्माण हटाने का समय दिया जाना चाहिए।



व्यापारी बोला- अब विधायक को नेता नहीं मानेंगे

स्थानीय दुकानदार तोलाराम यादव ने कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि वे छह भाई हैं। 27 सितंबर को नोटिस मिलने के बाद से परिवार लगातार सड़क सीमा में आ रहे निर्माण को खुद हटाने में लगा था। बीच में दिवाली का त्योहार आ गया और मजदूरों की कमी के कारण काम पूरा नहीं हो पाया।



यादव के मुताबिक, बुधवार को भी उन्होंने पाड़ा लगाकर मजदूरों को काम पर लगाया था। उन्होंने JDA की टीम से कुछ समय देने की अपील की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।



उन्होंने स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा की गैरमौजूदगी पर भी नाराजगी जताई। यादव ने कहा कि अब विधायक व्यापार मंडल के लिए हमेशा के लिए गायब हो जाएंगे। अगर वे यहां आए तो व्यापारी उन्हें नेता नहीं मानेंगे। उन्होंने गुस्से में विधायक के लिए 'आतंकवादी' शब्द का इस्तेमाल भी किया।



100 फीट की सड़क अतिक्रमण से रह गई 40 से 60 फीट

दरअसल, न्यू सांगानेर रोड पर गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे तक करीब 2.4 किलोमीटर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की योजना है। मास्टर प्लान के अनुसार इस सड़क की चौड़ाई 100 फीट निर्धारित है। लेकिन जगह-जगह अतिक्रमण के कारण इसकी वास्तविक चौड़ाई घटकर 40 से 60 फीट तक रह गई है।



JDA ने इस पूरे हिस्से में करीब 260 निर्माण चिह्नित किए हैं। इनमें मकान, दुकानें और अन्य निर्माण शामिल हैं। सड़क चौड़ी होने से इस व्यस्त मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने और आवागमन आसान होने की उम्मीद है।




5 अक्टूबर को पहले चरण में हटाए थे 50 निर्माण

इस अभियान का पहला चरण 5 अक्टूबर को चलाया गया था। उस समय गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार की ओर करीब 600 से 700 मीटर क्षेत्र में कार्रवाई हुई थी। JDA ने करीब 50 मकान-दुकानों से सड़क सीमा में आ रहे निर्माण हटाए थे।



अब दूसरे चरण में करीब 800 मीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है। इसके बाद शेष हिस्से में तीसरे चरण की कार्रवाई की योजना बनाई जाएगी।




हाईकोर्ट की सख्ती के बाद तेज हुई कार्रवाई

न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने 16 सितंबर को सुनवाई के दौरान JDA को अतिक्रमण हटाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया था। कोर्ट ने चेतावनी दी थी कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर JDA आयुक्त, सचिव और नगर निगम आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से पेश होना पड़ सकता है।



हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद JDA ने अभियान तेज किया है। प्राधिकरण का कहना है कि सड़क की निर्धारित सीमा में आने वाले निर्माण हटाकर मास्टर प्लान के अनुसार सड़क विकसित की जाएगी।




फिलहाल कार्रवाई के दूसरे चरण में 80 से ज्यादा मकान-दुकानें प्रभावित हो रही हैं। इसके बाद तीसरे चरण की तैयारी होगी। ऐसे में न्यू सांगानेर रोड के व्यापारियों और स्थानीय परिवारों की नजर अब JDA की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Tags:
  • न्यू सांगानेर रोड अतिक्रमण
  • जेडीए बुलडोजर कार्रवाई
  • गुर्जर की थड़ी सोडाला
  • हाईकोर्ट आदेश जेडीए
  • सड़क चौड़ीकरण जयपुर
  • व्यापारी विरोध जेडीए
  • 100 फीट मास्टर प्लान सड़क
  • JDA encroachment drive Jaipur
  • New Sanganer Road encroachment